Sunday, November 1, 2026

6. ख़ैय्याम साहब के घर

6.*ख़ैय्याम के घर* 

ख़ैय्याम साहब अपने कार्य के प्रति बहुत सजग और सेलेक्टिव थे। फ़िल्मी गीतों के अलावा प्राइवेट अल्बम रिलीज करने में उन दिनों केवल उन्हीं का नाम था।

जोशी जी और दूबे जी की अनुशंसा ले कर जगजीत और चित्रा ख़ैय्याम के निवास पर उनसे मिलने गए।

संगीत के मामले में जगजीत सिंह और ख़ैय्याम के विचार एक जैसे थे। दोनों कम्पोज करने में मधुरता के साथ नयापन, मौलिकता और विविधता के हिमायती थे। शीघ्र ही वे पारिवारिक मित्र बन गए। ख़ैय्याम ने चित्रा सिंह से गाने सुने। उन्हें सराहा और अप्रूव कर दिया। 

अब मीटिंग का दौर शुरू हुआ। हर मीटिंग में संगीत पर ख़ूब चर्चा होती, ख़ैय्याम की पत्नी जगजीत कौर और उनके बेटे भी चर्चा में भाग लेते। पर रिकॉर्डिंग की तारीख़ नहीं मिलती। फिर दस्तरख़ान बिछता, खाना खाते और वापस घर आ जाते।

माह बीतने लगे। अब चित्रा सिंह को चिंता सताने लगी कि जोशी जी के रिटायरमेंट का समय नज़दीक आ रहा और ख़ैय्याम साहब रिकॉर्डिंग की कोई तारीख़ तय नहीं कर पा रहे। हर मीटिंग में संगीत पर चर्चा करते,  चित्रा सिंह से गाने सुनते, तारीफ़ करते, डिनर कराते, फिर विदा कर देते।
वे मिलते भी दिल खोल कर पर रिकॉर्डिंग के नाम पर उनकी क्रिएटिविटी जगजीत और चित्रा से और वक़्त मांगती।

अब घबराहट के मारे चित्रा जी ने जोशी जी से चिंता व्यक्त कर दिया। जोशी जी ने एकबारगी ही जवाब दिया, 
'ठीक है, जगजीत सिंह कम्पोज करेंगे, क्यों जगजीत, तुम तो पहले भी कम्पोज कर चुके हो। तुम्हें कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।'

इसके पहले 1967 में जगजीत सिंह की कम्पोजिशन में HMV राजेंद्र मेहता का एक EP रिलीज कर चुकी थी और 1969 में जगजीत का भी EP आ चुका था। परन्तु बात चित्रा सिंह के प्रथम EP की थी और ख़य्याम साहब का नाम बहुत महत्व रखता था।

अब जगजीत के पास दूसरा कोई रास्ता न था। जगजीत ने जान लगा दी। चित्राजी को हर गाने की ख़ूब रिहर्सल करवाते। इस तरह 1971 की जनवरी में चित्रा सिंह की चार ग़ज़लों की प्रथम E. P. (Extended Play) रिलीज हुई। 

ये ग़ज़लें थीं,

'वो जो हममें तुम में क़रार था',
'बस एक दुश्वार है हर काम का आसान होना',
'ये किसका तसव्वुर' और 
'हमारा भी एक ज़माना था'

EP रिलीज़ होने के बाद चित्राजी की ख़ुशी का ठिकाना न रहा। परन्तु ख़ैय्याम साहब की देरी से उनके मन में उनके प्रति एक चुनौती का भी भाव आ गया था। वे ख़ैय्याम साहब को रिकॉर्ड की एक प्रति देना चाहती थीं। जगजीत सिंह हालांकि बहुत सरल इंसान थे और उनके मन में ऐसी कोई ख़लिश न थी। परन्तु EP की एक प्रति उपहार स्वरूप देने की बात से वे इनकार न कर सके।

वे दोनों फिर ख़ैय्याम साहब के घर गए। उन्हें EP गिफ्ट किया। ख़ैय्याम ने तुरन्त रिकॉर्ड प्लेयर पर EP चढ़ाया और आँखें बंद कर सुना । पूरा सुनने के बाद कहा, 'अच्छा है'।
फिर अपनी पत्नी जगजीत कौर की तरफ़ मुड़े और कहा,
'खाना लगाइए...'

No comments:

Post a Comment