Sunday, November 1, 2026

16. The Unforgettables रिलीज होने के पहले

16*'The Unforgettables' रिलीज होने के पहले* 

The Unforgettables की ग़ज़लें रिकॉर्ड हो गईं। ग़ज़ल के बरगद का बीज LP में क़ैद हो गया जैसे किसी विद्यार्थी ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा दे दी हो और उसका परिणाम परीक्षा फल में बन्द पड़ा हो। 

परीक्षा और उसके परिणाम घोषित होने के बीच परीक्षार्थी ख़ाली बैठता है और परिणाम की प्रतीक्षा करता है। जगजीत ने ऐसा कुछ नहीं किया। न वे ख़ाली बैठे और न ही उन्होंने LP रिलीज होने की प्रतीक्षा की। वे ग़ज़ल जीते थे और ग़ज़लें ही उनकी सांसें थीं लिहाज़ा इस दौरान वे सांसें लेते रहे, ग़ज़लें जीते रहे, ग़ज़लें गाते रहे।  

उनके जीवन में इतनी सादगी थी कि कोई नहीं कह सकता था कि  कुछ ही दिनों में परिणाम आने वाला है और जगजीत न सिर्फ़  इस परीक्षा में टॉप करने वाले थे बल्कि सबकुछ उथल पुथल होने वाला था। उनकी ही नहीं, ग़ज़लों की भी दुनिया बदलने वाली थी।

1977 में 'द अनफॉरगेटेबल्स' रिलीज़ होने के कुछ समय पहले संगीतकार मदनमोहन (निधन 29 जुलाई 1975) की याद में उनके पुत्र संजीव कोहली ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। मदनमोहन के सबसे प्रिय कलाकार थीं लता मंगेशकर। वे इस कार्यक्रम के लिए सहर्ष तैयार हो गईं। उन्होंने संजीव कोहली को बताया कि मदनमोहन कुछ नए गायकों की काफ़ी प्रशंसा किया करते थे। उन्हीं के कहने पर संजीव ने जगजीत से सम्पर्क किया और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत करने का न्योता दिया। श्रद्धांजलि  कार्यक्रम में जगजीत ने मदनमोहन के कुछ गीत गाए। गाने के बाद मदनमोहन के प्रति अपने सम्मान और प्यार के भाव व्यक्त किए। संघर्षरत होते हुए भी उन्होंने एक भी पैसा नहीं लिया। 

संजीव कोहली के दिमाग़ में जगजीत की बहुत सादा तस्वीर बचपन से अंकित थी। जब वे दस ग्यारह साल के थे तब पहली बार उन्होंने जगजीत को देखा था। मदनमोहन बड़ी बड़ी पार्टियों में जाया करते थे। अपना हारमोनियम भी गाड़ी में रख लेते थे। ऐसे ही किसी पार्टी में साथ ले जाने के लिए उन्होंने जगजीत को अपने घर बुलाया था। उस दिन घनघोर बारिश हो रही थी जब दरवाज़े पर किसी ने दस्तक दी। मदनमोहन ने बेटे को  कह रखा था कि कोई अंकल आने वाले हैं।

संजीव कोहली ने दरवाज़ा खोला। एक सुंदर नौजवान को सामने देखा। कपड़े सारे भीगे हुए और बारिश की वजह से चप्पल भी टूटी हुई। संजीव ने अपने पिता की अलीगढ़ी चप्पल उन्हें पहनने को दी जो उन्हें बिल्कुल फिट आई। 

संजीव अपने मातापिता और जगजीत के साथ उस प्रोग्राम में गए थे। मदनमोहन उन्हें ऑडिएंस देना चाहते थे। जगजीत ने उस प्रोग्राम में कुछ गीत गाए पर संजीव को लगा कि इतने बड़े प्रोग्राम में उनपर किसी ने कोई विशेष तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कोई शिकायत नहीं की और कार्यक्रम के बाद एक कोने में बैठे रहे। संजीव उनके साथ रहे।

उस प्रोग्राम के बाद संजीव ने जगजीत को अपने पिता मदनमोहन की याद में आज गाते सुना। संजीव कोहली को पता नहीं था कि इस शाम शिरकत करने वाला यह शख़्स कुछ ही दिनों में सुपरस्टार बनने वाला है। जगजीत भी भवितव्यता कहाँ जानते थे।

इसी बीच कुवैत के शेख़ अब्दुल रज़ाक के बुलावे पर जगजीत चित्रा और दोनों बच्चों के साथ कुवैत और दुबई के दौरे पर चले गए और उसके बाद छुट्टियां मनाने लंदन। 
.....

No comments:

Post a Comment