Sunday, November 1, 2026

11. उत्कृष्टता का पैमाना

11. *उत्कृष्टता का पैमाना* 

महान शिल्पकार, मूर्तिकार और चित्रकार माइकलएंजेलो ने उत्कृष्टता के पैमाने के बारे में कहा था,
'समस्या यह नहीं कि हम बहुत ऊंचे लक्ष्य रख लेते हैं और उसे प्राप्त नहीं कर पाते, विडम्बना यह है कि हम छोटे लक्ष्य रखते हैं और उसे हासिल कर लेते हैं।'

छोटी मोटी उपलब्धियां हासिल करने वाले छोटे लक्ष्य रखते हैं और महान उपलब्धि हासिल करने वाले लक्ष्य भी महान रखते हैं।

जगजीत सिंह ने अपने और चित्रा सिंह के लिए बहुत ऊंचे और कठिन लक्ष्य रखे और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहे। परिणाम आज हम सब के सामने है। 

परंतु संघर्ष के दिनों में इस तरह की सोच रखने वाले इंसान को आसानी से नहीं समझा जा सकता। लोग ऐसी उक्तियों को बड़बोलापन कह देते हैं। जगजीत के साथ भी ऐसा हुआ।

पल्प साहित्य (Pulp literature) के जाने माने जासूसी उपन्यास के लेखक और जगजीत के साथी और सहपाठी सुरेंद्र मोहन पाठक ने 'लल्लन टॉप' को दिए अपने एक साक्षात्कार में जगजीत के बारे में यही कह डाला कि कॉलेज के दिनों में जगजीत अपने दोस्तों के बीच डींगें हांकते थे कि वे मेंहदी हसन की बराबरी करते हैं। 

मेंहदी हसन और बेग़म अख़्तर उन दिनों ग़ज़ल की दुनिया में सशक्त हस्ताक्षर थे। फिल्मों में कुंदनलाल सहगल और बाद में तलत महमूद, रफ़ी और मुकेश ने ग़ज़लें गाईं। सुरेंद्र पाठक हों या दूसरे साथी सुभाष घई...उन्होंने बाद में महसूस किया होगा कि जगजीत की वह उक्ति 'डींगें' नहीं थीं बल्कि ग़ज़ल के शहंशाह कहे जाने वाले मेहंदी हसन को अपना 'बेंचमार्क' बनाना था..... ग़ज़ल की दुनिया में स्थान बनाने के लिए यही लक्ष्य तो था जिसे जगजीत सोच सकते थे। जैसे ओलिम्पिक में भाग लेने वाले स्वर्ण पदक का लक्ष्य रखते हैं न कि सिर्फ़ चयन हो जाने या भाग लेने का।

यही कारण था कि जगजीत जी ने अपनी या चित्रासिंह की EP के लिए ग़ज़लों के चुनाव में भी उत्कृष्टता बरती। मिर्ज़ा ग़ालिब, मीर तक़ी मीर और दाग़ देहलवी की ग़ज़लों के अतिरिक्त कई ऐसी ग़ज़लों को भी चुना जिन्हें मेहंदी हसन पहले गा चुके थे। उदाहरण स्वरूप जगजीत की प्रथम स्वतंत्र EP में शामिल मीर तक़ी मीर की 'पत्ता पत्ता बूटा बूटा' और बाद के अल्बम में  'जब भी आती है तेरी याद किसी शाम के बाद, और बढ़ जाती है अफ़सुरदादिली शाम के बाद' मेंहदी हसन पहले गा चुके थे। 

यह सच है कि किसी भी शायर की ग़ज़ल किसी एक कलाकार के लिए नहीं होती परन्तु कभी कभी कोई ग़ज़ल किसी ख़ास गायक के नाम से जुड़ जाती है। जैसे कुंदनलाल सहगल के नाम से जुड़ी 'बाबुल मोरा नैहर छूटो ही जाए' ठुमरी। फिर भी जगजीत ने उन ग़ज़लों को गाया और अपने मुख़्तलिफ़ और ताज़गी भरे अंदाज़ से अलग छाप छोड़ने में क़ामयाबी हासिल की। 

गुलज़ार साहब जगजीत के इसी मुख़्तलिफ़ अंदाज़ के कायल थे। जगजीत से अपनी पहली मुलाक़ात याद करते हुए कहते हैं कि उन दिनों वे नार्थ मुम्बई कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में रहा करते थे जब ओम सेगन ने पहली बार जगजीत को उनसे मिलवाया था। ओम सेगन संगीत प्रेमी थे। नई प्रतिभाओं के प्रति स्वाभाविक रुझान थी उनमें। वे ही सर्वप्रथम रेशमा को भारत लाए थे। भूपेंद्र सिंह भी ओम सेगन की ही खोज थे। 
 
गुलज़ार बिमल राय के असिस्टेंट बन चुके थे और अक्सर कहा करते थे कि फिल्मों में वे एक्सीडेंट से आए। ओम सेगन को लगता था कि फ़िल्मी कनेक्शन से गुलज़ार जगजीत को फ़िल्मों में गाने का अवसर दिलवा सकते हैं। ओम ने जगजीत को गुलज़ार से मिलवाते हुए कहा, 'इसका भी एक्सीडेंट करवा दो।'

जगजीत ने गुलज़ार के लिए फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की 'गुलों में रंग भरे' ग़ज़ल गाई। मेहंदी हसन की गाई हुई यह ग़ज़ल गुलज़ार पहले सुन चुके थे परंतु जगजीत सिंह की गायकी से वे बेहद प्रभावित हुए बावजूद इसके कि फ़िल्मों में उनके प्लेबैक के लिए वे कुछ न कर पाए। 
गुलज़ार के शब्दों में, 'जगजीत की आवाज़ दिलासा देने वाली आवाज़ है। एक ज़ख़्म की तरह, जिसे आप कुरेदना चाहें पर कुरेदने से दर्द हो...दर्द और ख़ुशी का मिश्रण।'

No comments:

Post a Comment