Sunday, November 1, 2026

10.बेचैनी का आलम

10. *बेचैनी का आलम* 

जगजीत बेचैन थे। 1966 में सुरेश राजवंशी के साथ रिलीज हुई उनकी प्रथम EP अच्छी सेल कर रही थी। उनकी अंतरात्मा कह रही थी कि उनकी ग़ज़लें श्रोताओं के दिलों  में उतरने में कामयाब हुई हैं। पर वे पता न लगा सके। उन दिनों न कोई इस प्रकार की सर्वे थी न ही HMV के पास कोई आंकड़ा। सिर्फ़ उनके पास था उनका अपना आत्मविश्वास और अथक जुनून। शीघ्र ही उन्हें इसका उत्तर मिल गया। 

HMV ने पुनः EP के लिए उन्हें अनुबंधित किया। इस बार किसी अन्य गायक के साथ नहीं बल्कि स्वतंत्र। उन्होंने चार ग़ज़लें तैयार कीं और इस तरह उनका दूसरा EP 1969 में रिलीज हुआ। इसमें चार ग़ज़लें थीं,

पत्ता पत्ता बूटा बूटा हाल हमारा जाने है,
मुझे दे रही हैं तसल्लियाँ ,
दिल को क्या हो गया,
सहरगहे ईद में ।

ग़ज़लों के चुनाव में जगजीत जी का कोई मुक़ाबला न था। 

उन्होंने इस EP के लिए मीर तकी मीर की लिखी हुई दो गज़लें 
'सहर-गहे-ईद में दौर-ए-सबू था
पर अपने जाम में तुझ बिन लहू था'
और 
'पत्ता पत्ता बूटा बूटा हाल हमारा जाने है
जाने न जाने गुल ही न जाने बाग़ तो सारा जाने है'

दाग़ देहलवी की लिखी हुई एक ग़ज़ल
'दिल को क्या हो गया ख़ुदा जाने
क्यूँ है ऐसा उदास क्या जाने'

और जिगर मुरादाबादी की एक ग़ज़ल
मुझे दे रहे हैं तसल्लियाँ वो हर एक ताज़ा पयाम से
कभी आ के मन्ज़र-ए-आम पर, कभी हट के मन्ज़र-ए-आम से'
चुनी।
(पयाम = सन्देश), 
(मन्ज़र-ए-आम = सार्वजनिक प्रदर्शन)

इसके पहले 1967 में HMV ने राजेंद्र मेहता की एक EP रिलीज की थी जिसके कम्पोजर जगजीत सिंह थे। उसमें राज़ अलाहाबादी की एक ग़ज़ल थी,
'मैं आप अपनी तलाश में हूँ
मेरा कोई रहनुमा नहीं है
वो क्या दिखाएंगे राह मुझको
जिन्हें ख़ुद अपना पता नहीं है'

इस ग़ज़ल को जगजीत सिंह ने एक प्राइवेट महफ़िल में भी गाया है। ख़ुदा का शुक्र है कि उसकी रिकॉर्डिंग यूट्यूब में उपलब्ध है। राजेन्द्र मेहता के लिए उन्होंने तकरीबन वही राग/धुन रखा जिस धुन में वे गाते थे। राजेन्द्र मेहता ने अपनी पत्नी नीना मेहता के साथ इस ग़ज़ल को डुएट गाकर विदेशों में ख़ूब लोकप्रियता हासिल की। कई सालों बाद अनूप जलोटा ने भी इस ग़ज़ल को गाया। 

पर जगजीत जी की गाई हुई यह ग़ज़ल सुनिए और फ़र्क़ महसूस कीजिए। राजेन्द्र मेहता और अनूप जलोटा की गाई हुई भी अपनी जगह बहुत अच्छी है पर जहां दर्द और गहराई की बात हो, जगजीत की आवाज़ उन्हें सबसे जुदा और ख़ास बना देती है।

1970 जगजीत सिंह के लिए बहुत खास रहा। इस साल HMV ने जगजीत और चित्राजी दोनों का एक-एक सोलो EP रिलीज किया।
जगजीत जी के EP में चार ग़ज़लें थीं,

1. फिर कुछ इस दिल की बेकरारी है,
    सीना जोया-ए-ज़ख़्म-ए-कारी है
     (मिर्ज़ा ग़ालिब)

2.दास्तान-ए-ग़म-ए-दिल उनको सुनाई ना गई
   बात बिगड़ी कुछ ऐसी के बनाई ना गई
   (जिगर मुरादाबादी)

3. अब तो घबरा के ये कहते हैं के मर जायेंगे
    मर के भी चैन ना पाया तो किधर जायेंगे
    (इब्राहिम ज़ौक़)
 और
4. दिल में तुम हो नज़अ का हंगाम है
    कुछ सहर का वक़्त है कुछ शाम है
    (जिगर मुरादाबादी)

और चित्रा जी की EP की चार ग़ज़लें थीं,
ये किसका तसव्वुर है,
वो जो हममें तुममें करार था,
बस की दुश्वार है,
हमारा भी एक ज़माना था

चित्रा जी की यह वही EP थी जिसके म्यूजिक कम्पोज के लिए  HMV के कार्यक्रम निदेशक श्री बी एन दूबे ने जगजीत को ख़य्याम साहब से ग़ज़लें कम्पोज करवाने की सलाह दी थी और बाद में जगजीत ने म्यूजिक कम्पोज की और यह EP ग़ज़ल के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बन गई।

No comments:

Post a Comment