30. *ख़ूब निभेगी हम दोनों में*
( _सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम, दिल्ली मे जगजीत सिंह का कंसर्ट_, _17.09.2011:_
_संस्मरण_ )
रोज़मर्रा की रुटीन सी ज़िंदगी थी मेरी। इस ज़िन्दगी का आसमान कई महीनों से बिल्कुल साफ था। कहीं कोई बादल नहीं, हवा नहीं, पत्तियों की सरसराहट नहीं, हलचल नहीं।नीरस सी ज़िंदगी में कोई थ्रिल नहीं। दफ्तर-घर और घर-दफ्तर।
दूर दराज तक यात्रा की कोई सम्भावना नहीं दीख रही थी। अचानक भाई का फोन आया। साफ आसमान में बादल उमड़ने लगे।
बोला, ‘जितनी जल्दी हो सके बोरिया-बिस्तर समेटो और बिना आगे-पीछे सोचे ट्रेन पकड़ो और दिल्ली चले आओ। बहुत जरूरी है। यहीं बातें करेंगे। सिर्फ एक दिन के लिए। कल आओ और परसों वापस चले जाना। मैं नहीं रोकूँगा।'
अचानक आए इस फरमान से मैं चौंक पड़ा था। उस वक्त मैं ऑफिस में काम में मशगूल था। मैंने अचरज से कहा, “ क्या.... ? सब ठीक तो है ? क्या कल ही पहुँचना होगा?”
मेरे चिहुँकने से अगल-बगल काम कर रहे मेरे कलीग सर उठा कर देखने लगे। मैं झेंप गया। धीरे से सॉरी कह कर मोबाइल कान में सटाए केबिन से बाहर चला आया।
भाई ने कहा, ’कुल चार पास मिले हैं। भाभी यहाँ हैं ही। तुम्हारे लिए भी ले लिया है.....वीआईपी पास है। कल किसी भी तरह आ जाओ। इतना बढ़िया मौक़ा फिर न मिलेगा’
मैं मुस्कुरा उठा। मैंने डिटेल्स जाननी चाही।
भाई ने बताया, ‘सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम, दिल्ली में जगजीत सिन्ह का लाइव कार्यक्रम है। हमारी कम्पनी उस कार्यक्रम की स्पॉंसरर है। बिल्कुल आगे की पास मिली है। रैडिशन होटल में फिर साथ डिनर भी होगा। यह स्वर्णिम अवसर फिर न मिलेगा। बस छुट्टी की कोशिश करो और चले आओ। ट्रेन ना मिले तो फ्लाईट ले लो।’
जगजीत सिन्ह का नाम सुन कर बाँछें खिल गई। मन छटपटाने लगा कि बॉस से कैसे छुट्टी माँगू? क्या कहूँ? कौन सी इमरजेंसी बताऊँ?
बॉस को भी किसी ऑफिसियल काम से दिल्ली जाना था। फिर परिवार के किसी सदस्य की शादी में भी उन्हें सम्मिलित होना था। उनकी चार दिन की छुट्टी पहले से ही स्वीकृत थी। दिल्ली में होने वाली मीटिंग के लिए हम सभी डाटा अपडेट करने में व्यस्त थे। विवरणी तैयार कर उन्हें सौंपना था।
मैंने भाई से कहा, ‘देखता हूँ’
ऊहापोह की स्थिति में कुछ देर यूँ ही बैठा रहा। दोस्तों ने पूछा, “ क्यों? सब ख़ैरियत तो है?”
“भाई ने कल दिल्ली बुलाया है” मैंने गम्भीर होकर कहा।
पुरानी परम्परा के अनुसार बॉस के कान तक बात पहुँचाने की आदत वालों की संख्या मेरे कार्यालय में भी पर्याप्त थी परंतु कभी-कभी इसका फायदा भी हो जाता है, इसका अनुमान न था।
बॉस इसी बीच किसी डेस्क से रिपोर्ट माँग बैठे थे। उस रिपोर्ट का एक भाग मैं तैयार कर रहा था। किसी ने उन्हें कह दिया था कि मैं उलझन में हूँ पर यह कोई जान न पाया कि मसला क्या है? तभी बॉस ने मुझे बुलाया।
”क्यों, रिपोर्ट तैयार हो गई?’
“ सर, केवल एक घंटे का काम रह गया है”
“देखो, मुझे जल्दी चाहिए। शाम सात बजे की फ्लाइट है मेरी”
”जी अच्छा”
“तुम्हें कोई परेशानी है?”
“हाँ...नहीं... सर”
”अरे..हाँ..नहीं का क्या मतलब? तिवारी बोल रहा था कि किसी फोन के आने के बाद से तुम परेशान हो गए हो”
“जी सर। भाई का फोन आया था दिल्ली से। कल ही बुलाया है। सिर्फ एक दिन का ही काम है। कह रहा था परसों लौट जाना.“
“इसका मतलब तुम्हें दो दिन की छुट्टी चाहिए....कल और परसों। क्यों?”
“जी सर”
“जाओगे कैसे? रिजर्वेशन ले लिया है ?”
“नहीं सर, अभी अभी तो फोन ही आया। इंटरनेट में चेक कर लेता हूँ। बर्थ मिल जाएगी तो आरक्षण ले लूँगा अन्यथा भाई को मना कर दूँगा”
“जाओ जल्दी देखो। वरना आज का आरक्षण मिलने में दिक्कत हो सकती है। नहीं तो सम्पर्क अधिकारी से कहकर फ्लाईट की टिकट ले लो। न जाने कौन सी इमरजेंसी होगी भाई को। समय पर पहुँच जाओगे और सब ठीक-ठाक मिलेगा तो तुम्हें भी चैन मिलेगा। फिर चिंतामुक्त होकर काम करोगे।
पर छुट्टी तभी स्वीकृत होगी जब रिपोर्ट मुझे तैयार मिलेगी।”
”जी अच्छा सर” कह कर मैं केबिन के बाहर आया। जल्दी से आईआरसीटीसी साइट खोला और पटना से नई दिल्ली की ट्रेनें देखने लगा। सारी सीटें फुल हो चुकी थीं। एसी थ्री, एसी टू और फिर स्लीपर। तत्काल में भी नहीं। फिर फ्लाईट.. पर उसी दिन के लिए फ्लाइट का भाड़ा वहन करने की क्षमता मेरे वैलेट में नहीं थी। मुझे वे प्रेमी याद आए जो अपनी प्रेमिका से मिलना तो चाहते थे पर ज़ेब में रिक्शा भाड़ा के पैसे नहीं होने पर मिल नहीं पाए।
मेरी साँसों में समाया भी बहुत लगता है,
वही शख्स पराया भी बहुत लगता है
उससे मिलने की तमन्ना बहुत है,
लेकिन आने जाने में किराया भी बहुत लगता है
सम्पर्क अधिकारी से मिला। उन्होंने पूछा, “ऑफिसियल विजिट है?”
मैंने कहा, “जी नहीं, पर्सनल”
“तब तो मुश्किल है”
“देखिए, बडे हाकिमों के लिए आप टिकटें लेते ही रहते हैं. ज़रा एजेंट से बात कर के तो देखिए”
“ऑफिसियल रहता तो राजधानी से फर्स्ट क्लास में करवा देता। आपको दिल्ली पहुँचने से मतलब है। बोलिए किसी भी ट्रेन में स्लीपर में कोशिश करूँ?”
भागते भूत की लंगोटी सही। मैंने हामी भर दी।
उन्होंने मेरे सामने किसी एजेंट से बात की।
फिर रिसीवर पर हाथ रखकर कहा,
“एक बर्थ खाली है"
सम्पर्क अधिकारी (Liaison officer) ने कहा,
'आप किस्मत वाले हैं। पर ट्रेन अच्छी नहीं है। काफ़ी स्टॉपेज हैं फिर भी गिरते-पड़ते दिल्ली पहुँच ही जायेंगे. ‘ना’ से ‘हाँ’ भला। बोलिए ‘हाँ’ कह दूँ ?”
और मेरे कुछ कहने के पहले ही उन्होंने मेरा नाम बोल कर कह दिया, “कर दो”
फिर कहा, “जाइए काम कीजिए। आपके मोबाइल पर सूचना आ जाएगी”
अपने विभाग में आते-आते मेरे मोबाइल पर आरक्षण की सूचना आ गई।
ट्रेन शाम छ बजे थी। विक्रमशीला एक्सप्रेस। कोच नम्बर एस आठ, बर्थ बहत्तर यानी साइड अपर। किसी भी बॉगी का अंतिम बर्थ। बिल्कुल दरवाज़े के पास या यूँ कहूँ कि टॉयलेट के पास। आँखों पर हर वक्त चमकती बत्ती। हर पाँच मिनट पर लोगों का टॉयलेट आना जाना। पायदान के पास खैनी (तम्बाकू) मसलते सिपाही। पूरी रात दरवाज़ों का खुला रहना ताकि हर स्टेशन पर यात्री चढ़ उतर सकें। इतनी परेशानियों के बाद भी एक तसल्ली थी ....एक सुकून कि दिल्ली पहुँचने के बाद जो सुख मिलने वाला है वह अलौकिक होगा।
मैंने बॉस को रिजर्वेशन मिल जाने की सूचना दे दी। फिर दो दिनों के अवकाश का आवेदन भी उनके सम्मुख रख दिया। उन्होंने कहा,
‘रिपोर्ट का क्या होगा? अभी दो बजे हैं, चार बजे तक रिपोर्ट मुझे दे दो। तुम्हारी ट्रेन तो छ बजे है.’’
मैंने कहा, ‘जी अच्छा सर”
मैंने साढ़े तीन बजे उन्हें रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट बनाने में जो तन्मयता मैंने दिखाई वैसी शायद ही पहले कभी हुई थी। उन्होंने मेरी छुट्टी स्वीकृत कर दी। चार बजे वे चले गए। हम सभी ने खड़े होकर उन्हें “हैपी जर्नी” कहा। उन्होंने मुझे “बेस्ट ऑफ लक” कहा। ऑफिस की गाड़ी उन्हें घर तक फिर घर से एयरपोर्ट तक छोड़ आई।
मैं भागा-भागा घर आया। जल्दी से एयर बैग उठाया। एक दो कपड़े डाले। टूथ पेस्ट, ब्रश और शेव करने का किटबैग रखा और पटना की बदहाल सड़कें और भीषण रोड जाम पार करता हाँफता हुआ पटना स्टेशन प्लैटफॉर्म नम्बर चार पर आ खड़ा हुआ।
भाग 2
करीब आधे घंटे विलम्ब से विक्रमशीला एक्सप्रेस मुँह फुलाए, थकी-हारी पटना जंकशन पहुँची। भागलपुर से आने में बिचारी थक गई थी। अब दिल्ली पहुँचने में कहीं दम न तोड़ दे।
मेरे बर्थ पर पहले से एक रेलवे पुलिस का जवान विराजमान था।मैंने उससे कहा, “भाई साहब यह मेरी आरक्षित बर्थ है, कृपया खाली करें।”
दो मिनट तक वे मुझे घूरते रहे, जैसे मैंने उनकी जायदाद मांग ली हो, फिर बड़ी बे-अदबी से कहा, “मैं कहाँ कह रहा हूँ कि यह आपकी बर्थ नहीं है।आ जाइए ऊपर। बस मुझे बक्सर तक ही जाना है। उसके बाद जी भर कर सोइएगा।”
बडी हुज्जत हुई। आखिरकार मैं उन्हें नीचे उतारने में सफल रहा। बर्थ पर मूँगफली के छिलके भरे हुए थे. मैंने उनसे कहा,“यह कौन साफ करेगा?”
वे पिनक गए। बोलने लगे, ‘अब रेलवे की सफाई का मैंने क्या ठेका ले रक्खा है?’ मैं जब किउल स्टेशन पर चढ़ा था तभी से ये छिलके थे वहाँ पर’
‘तो क्या आप उन छिलकों पर ही पसर गए, धन्य हैं महाराज आप। ग़लत शेर है 'नींद तो दर्द के बिस्तर पर भी आ सकती है'
होना चाहिए था,
'नींद तो मूंगफली के छिलके पे भी आ सकती है,
उनके आगोश में सर हो जरूरी तो नहीं'
फिर मैंने अख़बार से उन छिलकों को समेटा और डस्ट बिन ढूंढने लगा. बेसिन के नीचे कोई डस्ट बिन नहीं था। लोवर बर्थ के नीचे मैंने अख़बार घुसा दिया। फिर मैं अपनी बर्थ पर लेट गया। दिन भर की अफरा-तफरी से काफी थक गया था। जल्दी ही नींद आ गई।मेरे लिए सही शेर सही हो गया,
नींद तो दर्द के बिस्तर पे भी आ सकती है
उनके आगोश में सर हो ये जरूरी तो नहीं
पर इस ट्रेन को हर स्टेशन पर रुकने की आदत थी। यात्रियों के आवागमन से नींद बाधित होती रही। कभी जागा तो कभी सोया हुआ मैं जगजीत सिन्ह जी की गाई हुई गज़लें सोचता रहा।
नींद का मेरा ताल्लुक नहीं बरसों से
ख़्वाब आ आ के मेरी छत पे टहलते क्यों हैं
तभी किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकी। खोमचे वालों की चिल्ल-पों से पूरा प्लैटफॉर्म गुंजायमान हो उठा।
मैंने मन ही मन कहा,
शबे फुरकत का जागा हूँ फरिश्तों अब तो सोने दो
कभी फुरसत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता
इस तरह सोते-जागते और ख़यालों में गोता लगाते जब सबेरे की रोशनी कम्पार्टमेंट में फैली तो पता चला गाड़ी अभी मुगलसराय भी नहीं पहुँची है जबकि इस वक्त उसे अलीगढ़ या टुंडला पहुंच जाना चाहिए था। रात में कहीं रुकी, तो रुकी ही रही मानो कह रही हो,
ऐसे बिछड़े सभी रात के मोड़ पर
आख़िरी हमसफर रास्ता रह गया
ट्रेन पाँच घंटे विलम्ब हो गई। मेरा दिल डूबने लगा। कहीं मैं प्रोग्राम मिस न कर जाऊँ। भाई का फोन बीच-बीच में आता रहा। ‘कहाँ पहुँचे.. कैसे हो..आदि’। रहा-सहा आसरा भी ख़त्म हो गया जब कुछ देर बाद मेरे मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो गई। उस कम्पार्टमेंट में मोबाइल चार्ज करने के लिए कोई स्वीच बोर्ड नहीं था। मन मार कर लेटे रहने के सिवा कोई रास्ता भी तो नहीं था।
कैसे कैसे हादसे सहते रहे
फिर भी हम जीते रहे हँसते रहे
करीब पाँच बजे शाम को ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पँहुची। स्टेशन पर भाई ‘रिसीव’ करने के लिए मौजूद था। मुझे देख कर बोला, “कितना गंदा दिख रहे हो। क्या ऐसे ही वीआईपी पंक्ति में बैठोगे।”
मैंने कहा,'लोग ग़ज़ल सुनने आएंगे,मेरे कपड़े देखने नहीं'
'फिर रात में रैडिसन होटल में डिनर भी तो है ?'
भाई गुडगाँव में रहता है। वहाँ जाने का मतलब शो मिस करना था। प्लैटफॉर्म पर ही मैंने चेहरा धोया, बाल भिंगोए और कंघी की। पर यात्रा की थकान पूरी तरह हावी थी।
बिल्कुल निढाल, थका-हारा मैं स्टेशन से बाहर आया। मेरी पत्नी और भाई की पत्नी गाड़ी में पहले से ही बैठी हुई थीं। स्टेशन से हम सीधे सीरी ऑडिटोरियम पहुँच गए। दोनों महिलाएँ रास्ते भर हँसती रहीं कि जगजीत सिन्ह की दीवानगी हो तो ऐसी। मैं चुपचाप बैठा रहा, मेरी सुनने के लिए वे तैयार ही नहीं थीं...
दर्द अपनाता है पराए कौन
कौन सुनता है और सुनाए कौन
भाग 3
ऑडिटोरियम के बाहर अथाह भीड़ थी। एक जनसमुद्र था। हम वीआईपी गेट के पास पहुँचे, पास दिखाया गया पर गेट पर तैनात कार्यकर्ता ने दूसरे गेट की तरफ इशारा कर दिया। दूसरे गेट से जब हम अन्दर आए तो करीब हॉल के बीच में थे। पास तो सबसे आगे का था।
हॉल खचाखच भरा हुआ था। आगे की सभी सीटों पर लोग पहले से ही बैठे हुए थे। दिल्ली में सभी वीआईपी हैं। कोई किसी से कम नहीं। ईश्वर की कृपा से चार कुर्सियाँ खाली मिल गईं और हम सब मन मार कर बैठ गए।
कार्यक्रम शुरु होने का वक्त हो गया। पर लोगों के अन्दर आने का सिलसिला थमता ही नहीं था।
लाल रंग की तारों से जड़ी झिलमिलाती साड़ी पहने एक खूबसूरत उद्घोषिका ने अपनी मोहक अदाओं और खूबसूरत शेरो-शायरी से श्रोताओं को लुभाने और संयमित रहने की भरपूर कोशिश की पर सैकड़ों की संख्या में खड़े लोगों के हो-हल्ला से वह शांति स्थापित करने में नाकाम रही। वे बैठने की जगह या टिकट के पैसे वापस माँगने लगे। साफ मालूम हो गया कि हॉल की क्षमता से कहीं अधिक टिकट या पास बाँट दिए गए हैं।
तभी साजिन्दे स्टेज पर आ कर अपना वाद्य-यंत्र ठीक करने लगे। खूब हल्ला मचा कि पहले बैठने की व्यवस्था करो फिर कार्यक्रम शुरु करो। सीटियाँ बजने लगीं।
तभी जगजीत सिन्ह जी स्टेज पर आ पधारे। लगा जैसे कोई देवपुरुष अवतरित हुआ हो। उन्होंने स्थिति भाँप ली थी। बड़े ही विनम्र स्वर में कहा कि आप सभी बैठ जायें। कुछेक ने चिल्ला कर कहा, ‘कहाँ बैठे, यहाँ तो फ्री-फंड वाले पहले से ही कुर्सियाँ हथिया कर बैठे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘जनाब,आप स्टेज पर आ जाइए। बिल्कुल मेरे पास बैठ जाइए। कुर्सी की चिंता छोड़िए, गज़ल का आनन्द लीजिए’
पूरा हॉल तालियों से गड़गड़ाने लगा। बीस-पचीस व्यक्तियों को स्टेज पर जगह दे दी गई।
तभी जगजीत जी ने पहली गज़ल गानी शुरु की,
तुमने बदले हमसे गिन गिन के लिए
हमने क्या चाहा था इस दिन के लिए
ज्यों ज्यों उनकी गम्भीर आवाज़ वातावरण में घुलने लगी, त्यों-त्यों लोग वशीभूत होते गए। मैंने साफ देखा, सच्चे ग़ज़ल प्रेमी जहाँ खड़े थे वहीं धीरे-धीरे बैठने लगे।जिनके हाथों में महँगे टिकट थे वे भी ऑडिटोरियम की सीढ़ियों पर बैठ गए।
कुछ ही देर में पूरा हॉल उनकी ग़ज़लों की मिठास में सराबोर हो गया। सुर-ताल की अद्भुत छटा दिलो-दिमाग पर तारी होने लगी। मैं सम्मोहित सा एकटक उनपर नज़रें गड़ाए स्वरों के उतार चढ़ाव में गोते लगाने लगा। ऐसा लगता था जैसे कोई ज़ख़्मों पर मरहम लगा रहा हो। चौबीस घंटे की यात्रा की थकान कपूर की तरह उड़ गई।
जगजीत जी ने तभी एक मशहूर गीत ‘तुमको देखा तो ये ख़्याल आया’ में श्रोताओं को भी साथ गाने के लिए कहा। हॉल में बैठे सभी श्रोताओं ने उनकी आवाज़ में अपनी आवाज़ मिलानी शुरु कर दी।
यह मेरा पसंदीदा गीत है। बगल में बैठे भाई ने कहा, “भैया यह गीत तो तुम भी गाते हो,गाओ न।”
मैंने अपना मुँह खोला,
“ज़िंदगी धूप तुम घना साया”.
एक-दो सीट आगे बैठे एक सज्जन ने गर्दन घुमा कर मेरी तरफ देखा। हॉल के अँधियारे में भी उनका चेहरा मुझे साफ दिखा। मेरा ख़ून सूख गया। मेरा मुँह 'घना' शब्द पर ही खुला रह गया। ‘साया’ बोल न सका। क्योंकि उनका घना 'साया' मुझे दिखाई दे गया था। फिर मैंने धीरे से भाई के कान में कहा,
‘आगे मेरे बॉस बैठे हुए हैं’
उसने कहा, ‘कार्यक्रम ख़त्म होने पर उनके निकलने के पहले हम लोग निकल चलेंगे’
मैंने जेब से रुमाल निकाल लिया और अपना चेहरा ढँक लिया। उसके बाद बाकी ग़ज़लें मैंने आँखें बंद कर सुनी।
जगजीत जी की आख़िरी पेशकश अमूमन पंजाबी टप्पे “सोन दा महीना या लारी लप्पा ” होते हैं। इस टप्पे के आते ही बॉस उठे और परिवार सहित बिल्कुल मेरी बगल से होते हुए बाहर चले गए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद होने वाली भीड़ और गाड़ियों के जाम से बचने के लिए शायद वे पहले निकल गए। मैंने राहत की साँस ली।
कार्यक्रम समाप्त होते ही हम सब सीधा ग्रीन रूम पहुँच गए और जगजीत जी का दर्शन किया।
याद आए तो दिल मुनव्वर हो
दीद हो जाए तो नज़र महके
भीड़ में वे घिरे हुए थे। उनके बचाव के लिए कमांडो तैनात थे। शुरुआत में हुए व्यवधान से वे थोड़ा खीझे हुए थे इसलिए रैडिसन होटल में सामूहिक डिनर से उन्होंने इंकार कर दिया। हमने श्री अभिनव चतुर्वेदी जी (तबला वादक) और श्री दीपक पंडित (वायलिन वादक) के साथ तस्वीरें खिंचवाई। किसी तरह हमने जगजीतजी की बाँहें छू लीं।
उसने छू कर मुझे पत्थर से फिर इंसान किया
मुद्दतों बाद मेरी आँख में आँसू आए
घर पहुँचते और खाना खाते डेढ़ दो बज गए। डाइनिंग टेबुल पर भी उन्हीं की चर्चा होती रही।
अंतिम भाग
फिर मैं सोने चला गया। रात भर उन्हीं की ग़ज़लें दिमाग में घूमती रहीं।
रात भर सोचता रहा तुमको
ज़हनो-दिल मेरे रात भर महके
दूसरे ही दिन मैंने ट्रेन पकड़ ली और तीसरे दिन सदा की भाँति दस बजे कार्यालय में उपस्थित था। एक दिन बाद बॉस भी आ गए। बारी-बारी से सभी को बुलाकर उन्होंने तीन दिनों का लेखा-जोखा माँगा।मेरी बारी आने पर उन्होंने पूछा,
“कैसी रही दिल्ली की यात्रा ? वहाँ सब ठीक तो है?”
मैंने जवाब दिया, “यस सर, सब ठीक है। जाना बहुत जरूरी था। जाने से भाई को अच्छा लगा और मुझे भी”
फिर मैंने पूछा,“आपकी मीटिंग कैसी रही?”
उन्होंने जवाब दिया,“मेरा प्रेजेंटेशन भी बहुत अच्छा रहा”
मैंने कहा, “बधाई हो सर”
थैंक्स कह कर वे गुनगुनाने लगे,
'मेरा गीत अमर कर दो'।
मैं भी मन ही मन जगजीतजी की ये ग़ज़ल गुनगुनाते हुए उनके चैम्बर से बाहर निकल आया,
“ख़ूब निभेगी हम दोनों में मेरे जैसा तू भी है
थोड़ा झूठा मैं भी ठहरा, थोड़ा झूठा तू भी है”
*************
No comments:
Post a Comment