19. *कम अलाइव*
1977 में *'द अनफॉरगेटेबल्स' और 1978 में *बिरहा दा सुलतान* के बाद 1979 में जगजीत और चित्रा सिंह का साझा एल्बम *Come Alive* आता है।
इस अलबम को भी एच. एम. वी. ने ही निकाला। 'The Unforgettables की अपार सफलता से एच. एम. वी. कंपनी समझ गई कि जगजीत उनके लिए अनिवार्य हैं। कंपनी द्वारा जारी किए गए रिकॉर्ड्स में जगजीत के रिकॉर्ड्स की सेल्स के ग्राफ जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहे थे उससे कंपनी अचंभित थी। जगजीत एच. एम.वी. के लिए चहेते बन चुके थे। एच. एम. वी. अब जगजीत के पीछे साए की तरह लग गई। यहां तक कि उनकी गज़लों को रिकॉर्ड करने के लिए स्टूडियो से बाहर आउटडोर भी निकलने लगीं ।
जगजीत की गजलों और उनकी आवाज़ के प्रति लोगों की क्रेज को देखते हुए एच. एम. वी. की कोशिश होने लगी कि देश विदेश में जहां भी उनके लाइव कार्यक्रम आयोजित हों उनकी आवाज़ और ग़ज़लें रिकॉर्ड कर ली जाएं। उनके पास इस बात की तकनीकी दक्षता थी। साउंड क्वालिटी, माइक, स्टीरियो रिकॉर्डिंग में भी क्रांति आ चुकी थी। जगजीत सिंह अपने लाईव कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम के बारे में बेहद सजग थे। अपने प्रत्येक साजिन्दे की माइक और उससे निकलने वाली साउंड वे स्वयं चेक करते। वे सुनिश्चित करते कि संगीत की बारीकियां और अच्छा साउंड हॉल में बैठे हर श्रोता को स्पष्ट सुनाई दे।
Come Alive इस मायने में महत्वपूर्ण हो जाता है कि यह देश का पहला एल.पी. रिकॉर्ड है जिसमें जगजीत और चित्रा सिंह की गाई हुई लाइव कार्यक्रमों की ग़ज़लें शामिल हैं।
ग़ज़लें गाई जाती हैं, सुनाई जाती हैं, पढ़ी जाती हैं, कही जाती हैं। सुनने वाले उन जगहों पर आहें भरते हैं, वाह वाह करते हैं और तालियां बजाते हैं जिस जगह पर ग़ज़ल की कोई पंक्ति उनके हृदय के तार झंकृत कर देते हैं। उस वक्त कहने वाला और सुनने वाला एक हो जाता है। इस बात को जगजीत बख़ूबी जानते थे। उन्होंने एक अनूठा प्रयोग करने की ठानी। सारी गजलों की रिकॉर्डिंग के पश्चात संपादन करते वक्त उन्होंने दर्शकों की 'वाह वाह' और तालियां अलग से गज़लों के बीच में डलवाई। 'वाह वाह' और तालियां इतनी सटीक जगह पर मिलाई गईं मानो श्रोता सामने बैठ कर सुन रहे हों और उन्होंने कोई नया शेर पढ़ा हो या गायन में कोई असाधारण हरकत ली हो या किसी साजिंदे ने जबरदस्त टुकड़ा बजाया हो और श्रोता ठीक उसी वक्त दाद दे रहे हों।
यह एडिटिंग स्टूडियो में हुई। साउंड इंजीनियर दमन सूद उनके इस प्रयोग से अभिभूत थे। उनके अनुसार जगजीत जी श्रोताओं के मनोविज्ञान को समझने वाले एक अनूठे फनकार थे। इस नायाब प्रयोग से ग़ज़लें ऑडिटोरियम से उठ कर सीधा रिकॉर्डिंग स्टूडियो में चली आईं मानो स्टूडियो में ही महफ़िल सजी हो या यू कहें कि घर में बैठ कर सुनते वक़्त हम यह महसूस कर रहे हों कि हम ऑडिटोरियम में जगजीत और चित्रा को सबसे आगे की सीट पर बैठ कर रूबरू सुन रहे हों।
महफ़िल का रंग देने के लिए उन्होंने इस एलबम के कवर पर और अंदर के पृष्ठों में पहली बार अपने साजिंदों की तस्वीरें डलवाईं। तीन साजिंदे बाईं तरफ और तीन दाईं तरफ। मुखपृष्ठ यानी कवर पर साजिंदों के साथ बीच में चित्रा जी के साथ खड़े होकर ऑडिएन्स का अभिवादन करते हुए जगजीत जी की तस्वीर। मानो अभी अभी वे स्टेज पर पधारे हों। पीछे उनकी परछाइयां लंबी होती हुईं।
यह दृश्य महफ़िल का आभास देता है। इस तस्वीर से ऐसा प्रतीत होता है कि श्रोताओं से भरे हॉल में जगजीत और चित्रा अब ग़ज़ल का कार्यक्रम शुरू करने ही वाले हों। हॉल में अंधेरा किया गया हो या रोशनी मद्धम की गई हो और सारी रोशनी स्टेज पर फेंकी गई हो जिससे जगजीत और चित्रा के कई अक्स बन रहे हों। उन्होंने इस बात का बख़ूबी ध्यान रखा कि श्रोताओं की आंख और कान दोनों ज्ञानेंद्रियों को भरपूर खुराक मिले, मस्तिष्क तो पहले से ही उन्होंने अपने कब्ज़े में कर रखा था। अब श्रोता सम्पूर्ण रूप से उनके अधीन हो चुके थे। वे चाहे जिधर ले जाएं, जैसे ले जाएं।
No comments:
Post a Comment