26. *ग़ज़ल और शराब**
शराब पर आधारित जगजीत सिंह की ग़ज़लों पर नज़र डालिए। आप महसूस करेंगे कि शराब की लज़्ज़त और सुरूर की मात्रा उनकी ग़ज़लों में उतर तो आई ही है साथ ही ये ग़ज़लें हैरान भी करेंगी कि शराब जो वास्तव में बे-ख़ुदी और सुरूर देती है, उनकी ग़ज़लों में किस तरह एक नए मायने के सफ़हे भी खोलती है जिसे पढ़ना, सुनना हमेशा ही एक सुखद अनुभूति लिए होता है ।
अस्सी के दशक में जब ग़ज़ल गायकों की बाढ़ सी आ गई थी और कुछ गायकों ने ग़ज़ल को शराब का ही पर्याय मानते हुए केवल शराब से जुड़ी ग़ज़लें गाकर अपना मुकाम बनाया ऐसे में म्यूजिक कंपनी ने जगजीत साहब को भी शराब की ग़ज़लें गाने की रिक्वेस्ट की और नसीहत भी दे डाली।
जगजीत के लिए ग़ज़लें सिर्फ शराब न थीं। उनकी ग़ज़लों में आत्मा की ऊंचाई और सागर की गहराई दोनों समाहित होती हैं।ऐसे में कविता और ग़ज़लों की गहरी समझ रखने वाले जगजीत शराब की सतही मीनिंग तक अपने को सीमित कैसे रखते?
उन्होंने शराब की जो ग़ज़लें चुनी उनमें बेखुदी और मदहोशी की तासीर के अलावा मोहब्बत, दर्द और हक़ीक़त भी बयां हुईं। तभी तो उन्होंने गाया
इसीलिए तो अंधेरा है मैक़दे में बहुत
यहां घरों को जला कर शराब पीते हैं
पीनेवाले के बारे में उनका नज़रिया देखिए
ये पीनेवाले बहुत ही अजीब होते हैं
जहां से दूर और ख़ुद के क़रीब होते हैं
ऐसा नहीं है कि उन्होंने मयखाने का सिर्फ़ अंधेरा ही देखा। अपनी शर्तों पर पीने की बात भी कही,
बदल की तरह झूम के लहरा के पिएंगे
साक़ी तेरे मयखाने में हम छा के पिएंगे
उन्होंने पीने की ख़ूबी बताने के लिए ज़ाहिद, वाइस और शेख़ जी तक को चैलेंज कर दिया और गाया,
शेख़ जी थोड़ी सी पीकर आइए
मय है क्या शय फिर मुझे समझाइए
हर मौसम में पीने का लुत्फ़ उठाने वाले ग़ालिब का पक्ष रखते हुए कहा,
ग़ालिब छूटी शराब पर अब भी कभी कभी
पीता हूं रोज़ ए अब्र ओ शब ए माहताब में
जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैन्स क्लब ने शराब और नशा पर आधारित उनकी ग़ज़लों की एक सीरीज "मैं नशे में हूँ" शुरु की थी।
No comments:
Post a Comment