Sunday, November 1, 2026

5. यात्रा की शुरुआत

 5.*यात्रा की शुरुआत* 
(भारत में ग़ज़ल की धारा बदलने की कहानी) 

तो चलिए वहां से शुरू करते हैं जब जगजीत और चित्रा प्राइवेट महफ़िलों में गाकर अपना स्थान बनाने में संघर्षरत थे और स्वयं नहीं जानते थे कि भविष्य में उनके लिए विधाता ने क्या रचा है।

1970 में जगजीत और चित्रा सिंह ने शादी की। इससे उनके जीवन में बहुत ज़्यादा असर न पड़ा सिवाय इसके कि वे दुनिया की नज़र में अब शादीशुदा थे। बम्बई आए सात साल हो गए थे पर अभी भी उन्हें 'पंजाब का कोई नया लड़का' कह कर ही बुलाया जाता था। पैसे की समस्या अभी भी बनी हुई थी। ऐसे कई मशहूर निर्माता, निर्देशक या कलाकार थे जिनके घरों की पार्टियों में जगजीत गाते थे और वे यदि चाहते तो उन्हें फिल्मों में प्ले बैक का अवसर दे सकते थे पर उन्हें घरों की पार्टी में गाने का निमंत्रण तो मिलता पर फिल्मों में गाने का मौक़ा किसी ने नहीं दिया। इनमें एच एस रवेल और राजकपूर का नाम आता है। ऋषि कपूर के जन्मोत्सव या बर्थ डे पार्टी में जगजीत ने समां बांधा था पर पार्टी के बाद फ़िल्मी दुनिया में कोई फ़ायदा न मिला। उन्हें अच्छी रकम भी नहीं मिलती। कभी कभी पैसे भी नहीं मिलते। डिनर मिल जाता और पीने का मौक़ा भी, यही उनके लिए काफ़ी था।

चित्रा सिंह ने उन्हें कह रखा था कि पेमेंट की बात कर वे अपने को कभी भी नीचे न गिराएं। उन्हें अपनी जगह बनानी थी। उन्होंने पूरी ज़िंदगी चित्रा जी की इस सलाह को निभाया। समृद्धि के दिनों में भी वे पैसे के मामले में विनम्र थे। यही उनका संस्कार था और यह सादगी चित्रा को बहुत पसंद थी।

चित्रा जी भी अब प्राइवेट महफिलों में गाने लगीं। मन्ना डे ने किसी घरेलू पार्टी में उन्हें सुना तो शिवाजी पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' गाने के लिए कहा। मन्ना डे ने उन्हें जयदेव से भी मिलवाया।

इस बीच जगजीत की ट्रेनिंग में चित्रा सिंह लगातार अपनी हिंदी सुधार रही थीं और उर्दू शब्दों के उच्चारण और उसके मायने सीख रही थीं। वे कोई भी चीज बहुत जल्दी सीख लेती थीं और याद कर लेती थीं। 1970 में मुंबई के रंग भवन में चित्रा का पहला कॉन्सर्ट था। ब्रज नारायण ने ग़ज़लों का यह कंसर्ट आयोजित किया था। रंग भवन में जगजीत पहले गा चुके थे। चित्रा कुछ नर्वस थीं पर जगजीत ने उन्हें हौसला दिया। उस कार्यक्रम में कई कलाकारों को गाना था जिनमें कुछ नामचीन थे तो अधिकांश नवोदित थे। चित्रा सिंह ने दो ग़ज़लें गाईं जो बाद में EP में भी रिकॉर्ड की गईं और काफी मशहूर हुईं।

कार्यक्रम के बाद एक सज्जन जिन्होंने अपना नाम जी एन जोशी बताया, उनसे मिले। वे HMV के सीईओ थे। उन्होंने कहा कि उन्हें चित्रा की आवाज़ बहुत पसंद आई और वे चित्रा की आवाज़ में दिसम्बर या जनवरी के पहले गाने रिकॉर्ड करना चाहते हैं। मार्च में वे रिटायर होने वाले थे और इसके पूर्व वे गाने रिकॉर्ड कर लेना चाहते थे। उन्हें इस बात का संशय था कि उनसे पदभार ग्रहण करने वाले नए सीईओ उनके अनुदेश का पालन करेंगे अथवा नहीं। 

कार्यक्रम से सीधा जगजीत और चित्रा HMV के दफ़्तर गए। वहां वाइस प्रेसिडेंट वी के दूबे से भेंट हुई। उन्होंने अनुबंध पर हस्ताक्षर लिए और चार ग़ज़लों का EP रिलीज करने का एकरारनामा हुआ।

श्री वी के दूबे  बड़े ही उत्साही व्यक्ति थे। उन्होंने कहा, 
'आपके लिए एक अच्छे म्यूजिक डायरेक्टर को ढूंढना होगा। क्यों नहीं ख़ैय्याम से तुमलोग मिल लेते हो?'

ख़ैय्याम का नाम सुनते ही जगजीत और चित्रा बड़े ख़ुश हुए। खैय्याम का नाम ऑफबीट (लीक से हटकर) कम्पोज़र के रूप में प्रतिष्ठित हो चुका था। रफ़ी और मुकेश की आवाज़ में ग़ैर फ़िल्मी गीत उनकी कम्पोजिशन में रेडियो से प्रसारित होते रहते थे। 
 
'इस दिल से तेरी याद भुलाई नहीं जाती, 
ये प्यार की दौलत है लुटाई नहीं जाती
मर मर के बनाई है जो तस्वीरे मोहब्बत
अब अपने ही हाथों से मिटाई नहीं जाती'

रफ़ी की यह ग़ज़ल मैं अक्सर गाया करता था। ख़य्याम के कई फ़िल्मी गीत हिट हो चुके थे। तलत महमूद की गाई हुई 'फुटपाथ' फ़िल्म की ग़ज़ल 'शामे ग़म की कसम' मकबूलियत के रिकॉर्ड तोड़ चुकी थी। इसके अतिरिक्त मुकेश और आशा भोंसले का गाया हुआ साहिर लुधियानवी का वह क्लासिक लिरिक्स 'वो सुबह कभी तो आएगी' एक सशक्त कम्पोजिशन के रूप में ख्याति पा रहा था।

यह घटना ग़ज़ल के इतिहास में मील का पत्थर साबित होने वाली थी। करोड़ों दिलों पर राज करने वाले भावी ग़ज़ल सम्राट इस बात से बिल्कुल बेख़बर अपने संघर्ष के अगले पड़ाव की तरफ यानी ख़य्याम से मिलने चल पड़े।
 

No comments:

Post a Comment