Sunday, November 1, 2026

28. सब हवाएं ले गया मेरे समंदर का कोई

28. *सब हवाएं ले गया मेरे समंदर का कोई* 
( श्री जगजीत सिंह महल के बारे में ) 

सन 2002 में आई एस एम शाखा में पहली बार उन्हें देखा था। बैंक के किसी काम से वे मेरे कक्ष में आए थे। पासबुक में उनका नाम देखकर मैं मुस्कुरा उठा था। मैंने उनसे कहा, "आपका नाम और एक मशहूर ग़ज़ल गायक का नाम एक है।"
उन्होंने कहा था जगजीत सिंह के वे भी बहुत बड़े फैन हैं। अब तो जान पहचान और मिलना जुलना लाज़िमी था। जगजीत सिंह के दो प्रशंसक आमने सामने हों और आपस में दोस्ती न हो, ऐसा संभव न था।

वे मुझसे दस बारह साल बड़े थे पर मुझसे मित्रवत स्नेह रखते थे। हमारी घनिष्ठता बड़ी तेज़ी से बढ़ी। वे कोल इंडिया के बीसीसीएल के अधिकारी थे और मैं स्टेट बैंक का। हमारा एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हुआ और फिर साप्ताहिक अंतराल पर सांगीतिक बैठकी। वे भूपेंद्र सिंह और गुलज़ार के भी बहुत बड़े प्रशंसक थे और भूपेंद्र सिंह की ढेर सारी ग़ज़लों से मेरा परिचय कराया। भूपेंद सिंह की गाई हुई और गुलज़ार की लिखी उनकी पसंदीदा एक ग़ज़ल थी जिसे वे अक्सर मुझे सुनाते थे,

हवा गुज़र गयी पत्ते थे कुछ हिले भी नहीं 
वो मेरे शहर में आये भी और मिले भी नहीं

ये कैसा रिश्ता हुआ इश्क में वफ़ा का भला 
तमाम उम्र में दो चार छ: गिले भी नहीं 

इस उम्र में भी कोई अच्छा लगता है लेकिन
दुआ-सलाम के मासूम सिलसिले भी नहीं ll

वे तबला बहुत अच्छा बजाते थे और मुझे ग़ज़ल गाने का शौक़ था। बैंक दिवस पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने मेरी प्रस्तुति में संगत किया। वे बिल्कुल वही ठेका बजाते थे जैसा जगजीत सिंह की ग़ज़लों में बजा हुआ होता है। धनबाद से बदली हो जाने के बाद भी जब कभी मैं छुट्टियों में आता, उनसे अवश्य मिलता। मिलने के बावजूद वे गाते, "वो मेरे शहर में आये भी और मिले भी नहीं"। मैं हंस देता।

हमारी चर्चा का विषय अमूमन जगजीत सिंह की ग़ज़लें और उनके कंपोजिशन के बारे में होता। मैंने उनसे ही जाना कि जगजीत सिंह के तमाम नए प्रयोगों में एक प्रयोग तबले के ताल का विशेष ढंग से बजना भी था जो अक्सर शास्त्रीयता का ध्यान रखने वाले तबला वादक नहीं बजाते। उस विशेष ढंग को जगजीत ठेका का नाम दिया गया जो जगजीत सिंह की ग़ज़लों की विशेषता हुआ करती है। उनकी ग़ज़लों में तबला वादक को अपनी कलाकारी दिखाने का कोई विशेष अवसर नहीं मिलता सिवाय लाइव कार्यक्रम के या कुछ ग़ज़लों को छोड़कर। अधिकांश ग़ज़लों में एक ही लय में शुरू से आख़िर तक बिना किसी बदलाव के तबला बजता है जो मेडिटेटिव प्रभाव छोड़ता है और सुनने वालों में तन्मयता पैदा करता है।इस बारीकी को सुनकर मैं मुग्ध हो जाया करता था।  

महल दा ने बताया कि आलोचकों ने जब भी उनकी गज़लों में एकरसता या टाइपड होने का आरोप लगाया  तब वे अपने लाइव कार्यक्रमों में अपनी किसी प्रचलित ग़ज़ल में विविधता लाकर न सिर्फ़ आलोचकों का मुंह बंद करते बल्कि श्रोताओं को हैरत में भी डाल देते। शास्त्रीय संगीत की गहरी जानकारी होने से गज़लों में शास्त्रीयता का पुट डाल पाना उनके लिए आसान होता और वे अपनी ही ग़ज़लों में नया विस्तार दे पाते।  ग़ज़ल के नए वर्जन सुनने के लिए श्रोता उमड़ पड़ते। 'सरकती जाए है रुख़ से', 'होंठों को छू लो तुम' और 'कल चौदवीं की रात थी' ऐसी ही ग़ज़लें हैं जिनके कई अलग अलग वर्जन सुने जा सकते हैं जो उन्होंने देश विदेश के अलग अलग कार्यक्रमों में प्रस्तुत किए। शास्त्रीयता की गहरी पकड़ और समझ होने से कई बार वे स्टेज पर ही प्रयोग कर डालते। 

एक दिन महल दा घर आए। कहने लगे, “जगजीत जी की एक गज़ल तुमने ग़ौर से सुनी है?” 
मैंने पूछा,“कौन सी? मैं तो उनका इतना बड़ा मुरीद हूँ कि कोई ग़ज़ल न सुनने का प्रश्न ही नहीं उठता और "ग़ौर से" से आपका क्या अभिप्राय है? मैं तो ध्यान से ही सुनता हूं।"

फिर मैंने उन्हें गुरविन्दर सिन्ह जी के बारे में बताया जिन्हें फेसबुक में मैं फॉलो करता हूं। गुरविन्दर भाई से जुड़ने के बाद पता चला कि अभी कई ऐसे नायाब मोती हैं जो मेरी पहुँच से बाहर हैं और गुरविन्दर सिन्ह जी उन मोतियों को चुन-चुन कर फेसबुक में पोस्ट कर रहे हैं और हमें जगजीत सिन्ह की रुहानियत से रु-ब-रू करा रहे हैं।

‘आप कौन सी ग़ज़ल का जिक्र कर रहे हैं?’ मैंने महल दा से पूछा।
महल दा बोले, ‘ग़ज़ल तो तुमने जरूर सुनी होगी, पर उस तरह नहीं जिस तरह मैंने सुनी है। जावेद अख़तर की लिखी हुई है।

जाते जाते वो मुझे अच्छी निशानी दे गया
उम्र भर दोहराऊँगा ऐसी कहानी दे गया
 
उससे मैं कुछ पा सकूँ ऐसी कहाँ उम्मीद थी
ग़म भी वो शायद बराए मेहरबानी दे गया
 
सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई
और मुझको एक कश्ती बादबानी दे गया

फिर उन्होंने ग़ज़ल के कम्पोजिशन की बारीकियां समझाते हुए कहा, 
"तबले पर सात मात्रा का रूपक ताल, कम्पोजिशन की खूबी यह कि ग़ज़ल के आरंभ में गिटार पर जो धुन बजती है वही धुन आख़िर में बजते बजते ग़ज़ल समाप्त हो जाती है। आग़ाज़ से अंजाम तक सुनने वाला बंधा सा रहता है। यहां तक कि ग़ज़ल समाप्त होने पर भी सुनने वाला देर तक ठगा सा, निशब्द, विचारशून्य बैठा रहता है।"

और मैंने देखा, महल दा की आँखें नम हो उठीं। धीरे से ऊँगलियों से आँखें पोंछने लगे। मैंने पूछा, ‘महल दा..आप ठीक तो हैं न?’
उन्होंने कहा, “इस शख़्स (जगजीत सिन्ह) ने 'सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई’ पंक्ति में कलेजा निकाल लिया है। इस पंक्ति को मैं बार बार ‘रिवाइन’ कर सुनता हूँ। ऐसा लगता है जैसे समन्दर के अन्दर से बवंडर उठा हो और वह बवंडर समन्दर की सतह पर आ कर अपने आस पास की सारी हवाओं को समेट कर ले उड़ा हो। उस बवंडर में इतनी गति है कि उसके बाद तो कश्ती के लिए कोई हवा बची ही नहीं। तूफ़ान के बाद सन्नाटा छा गया हो। उसके बाद ऐसा खालीपन..समन्दर का अथाह फैलाव और वीरानी लगती है कि आँखें छलक जाती हैं। शायद इसी वीरानी को जावेद अख़तर ने भी महसूस किया हो और उन्होंने आगे  लिखा:

ख़ैर मैं प्यासा रहा पर उसने इतना तो किया
मेरी पलकों की कतारों को वो पानी दे गया 

मैं उठा। कम्प्यूटर में इस गाने को सर्च किया और बजाने लगा। सोफे पर मैं और महल दा हाथ थामे बैठ गए और आँखें बन्द कर सुनने लगे। धीरे-धीरे कमरे में समन्दर का सा आलम छाने लगा... बुसअतें (फैलाव), खामोशियाँ, गहराइयाँ..
गिटार, सितार और वायलिन की धुन के बीच जगजीत सिन्ह जी की समन्दर के तल से निकली गम्भीर आवाज़... और तभी वह पंक्ति आई,

 ‘सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई’.

इस पंक्ति को दोहराते वक्त "ले गया" को जिस ढंग से उन्होंने गाया, ऐसा लगा कि सचमुच कोई सारी हवाएं ले गया और एक पाल वाली कश्ती दे गया। अब बिना हवा के इस पाल वाली नाव से यह समंदर कैसे पार हो? सारा दारोमदार इस "ले गया" लफ्ज़ की अदायगी पर टिका है । जगजीत सिंह की यही ख़ूबी उन्हें अन्य गायकों से जुदा करती है। 
सचमुच उसके बाद जो रीतापन पैदा हुआ वह दिल में घर कर गया।

मेरी आँखें भी नम हो उठीं।महल दा तबतक नॉर्मल हो चुके थे और मुझे निहार रहे थे। मुस्कुराते हुए उन्होंने मेरी हथेली दबा कर पूछा,
“क्या हुआ? तुम ठीक तो हो?”
.....

एक बार की साप्ताहिक बैठक में उन्होंने मुझे जगजीत सिंह के गाए हुए राग यमन पर आधारित गीतों की सूची थमाई और मेडली तैयार करने की सलाह दी। Medley कई गानों को एक साथ गाने को कहते है। पर यह जरूरी है कि गानों के ताल एक हों। राग भी समान हों तो सोने पे सुहागा। 

जगजीत जी के दो मेडली सुनने को मिलते हैं, एक राग यमन पर आधारित गीतों की मेडली (सीने में सुलगते हैं अरमान, प्रीतम आन मिलो, याद किया दिल ने कहाँ हो तुम, तुमको देखा तो ये ख्याल आया, होंठों से छू लो तुम आदि) और दूसरा मिलने या मिलने की आस के भाव पर आधारित दो गीतों जैसे 'कौन आएगा यहाँ कोई ना आया होगा' और 'कभी यूं भी तो हो' की मेडली। मेडली भी जगजीत जी का एक अनूठा प्रयोग था जो उनके पहले किसी ने नहीं गाया था।

जगजीत सिंह की ग़ज़लों में तबला बजाना आसान नहीं। धीर,गंभीर और संयमित व्यक्ति ही वैसा बजा सकते हैं और यही धैर्य, गंभीरता और संयम महल दा की भी विशेषता थी। धैर्य इतना कि किसी भी परेशानी या संकट में कभी उद्विग्न नहीं होते थे, गंभीरता इतनी कि किन परेशानियों से वे ग़ुज़र रहे होते यह सामने वाले को पता नहीं चलता और संयम इतना कि  उन्नासी साल की अवस्था में भी बिल्कुल सीधा बैठते और स्कूटी चला कर ही बैंक, बाज़ार या मित्रों के घर आया जाया करते। इस अवस्था में भी वे चीनी का परहेज़ नहीं करते थे अर्थात उन्हें डायबिटीज नहीं था। केवल ब्लड प्रेशर और प्रोस्टेट की दवा लेते थे।

पच्चीस अगस्त 2025 को तड़के सुबह ख़बर मिली कि वे अचानक बीमार पड़ गए। अचानक उन्हें पक्षाघात (paralytic attack) हुआ। इस हालत में ही उन्होंने अपने पड़ोसी को फोन कर बताया कि शरीर का दाहिना अंग सुन्न हो गया है। अस्पताल पहुंचते पहुंचते उनकी हालत गंभीर हो गई। वाणी लड़खड़ाने लगी और शरीर शिथिल होने लगा।  

धनबाद के डॉक्टर ने उन्हें दुर्गापुर रेफर कर दिया। उनके मस्तिष्क में खून के थक्के (blood clot) जमा हो गए थे। एक दिन बाद मुझे पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है और उनके ब्रेन की सर्जरी कर खून के थक्के निकाल दिए गए। पर वे कोमा में चले गए। दुर्गापुर से वापस उन्हें धनबाद के पीएमसीएच अस्पताल में भेज दिया गया जहां मैं उन्हें मलय दा के साथ देखने गया। 

मस्तिष्क की सर्जरी के कारण उनके सर के केश और दाढ़ी शेव कर दी गई थी। वे बिल्कुल पहचान में नहीं आ रहे थे। जगजीत सिंह के भी जब केश शेव किए गए थे तो किसी कार्यक्रम में नाम बताने के बावजूद संचालक उन्हें पहचान नहीं पाए थे। दोनों की केश शेव होने की वजहें अलग थीं पर सरदार होते हुए केश का कटना तो एक ही था। 

यह अजीब संयोग है कि जगजीत सिंह से अपने नाम के मिलने के साथ साथ जगजीत सिंह के जीवन की कुछ घटनाओं को भी उन्होंने आत्मसात कर लिया। यहां तक कि मृत्यु के तरीके को भी। जगजीत सिंह को भी ब्रेन हेमरेज हुआ था और वे लीलावती अस्पताल में अंतिम सांस लेने के पहले कोमा में तकरीबन सत्रह दिन रहे। 
और हमारे जगजीत सिंह महल दा?
करीब छब्बीस दिन बेहोश रहने के बाद आज (20.09.2025) ही सुबह उनके बारे में सुना,

सुना है बंद कर लीं उसने आँखें
कई रातों से वो सोया नहीं था!

No comments:

Post a Comment