29. *मरासिम आंखों से आंसुओं के
एक दिन यूट्यूब पर मैं जगजीत जी के बारे में शायर राणा सहरी का इंटरव्यू देख रहा था। राणा सहरी की कलम से बेहतरीन ग़ज़लें निकली हैं। इंटरव्यू में दो एक जगह शायर राणा जी की आंखों में आंसू आ गए और मुझे आश्चर्य हुआ कि मेरी आंखों में भी।
ये कमबख़्त आंसू। गाहे बगाहे छलक पड़ने को बेताब रहते हैं। आंखों से इसके मारासिम काफ़ी पुराने हैं। किसी ने हल्का सा भी दिल छुआ नहीं कि जनाब छलक पड़े।
बशीर बद्र की ग़ज़ल का एक शेर है,
"उसने छूकर मुझे पत्थर से फिर इंसान किया,
मुद्दतों बाद मेरी आंख में आंसू आए"
जब जगजीत इस शेर को अपनी रूहानी आवाज़ देते हैं और शेर के बोल कानों के रास्ते रूह में उतरते हैं तो सचमुच आंखों में आंसू आ जाते हैं। कहना मुश्किल हो जाता है कि शेर ने आत्मा को छूआ या जगजीत जी की आवाज़ ने। सच्चाई जो भी हो पर इतना तो तय है कि जगजीत जी की आवाज़ से, उनकी तरन्नुम और कंपोजिशन से शेर के मायने हुबहू वही खुलते हैं जैसा शायर ने सोच कर लिखा होता है।
कभी कभी ऐसा भी होता है कि शायर भी हैरत करता है कि जगजीत ने अपने गायन से वह बात कह डाली जैसा वह अपने शेर में उतने प्रभावशाली ढंग से न कह सके हों।
इस संदर्भ में वसीम बरेलवी ने एक मज़ेदार उदाहरण दिया है। उन्होंने जगजीत जी की गाई हुई मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लें सुनने के बाद कहा, "यदि ग़ालिब ज़िंदा हो जाते और जगजीत जी की आवाज़ में अपनी ही ग़ज़लें सुनते तो मारे ख़ुशी के फिर मर जाते"
मतलब ग़ालिब भी हैरत करते कि कोई उनकी ग़ज़ल को इतना सरल, सहज और मधुर कैसे गा सकता है कि वह सीधा दिल में उतर कर हृदय के उन तारों को छू जाए जो मस्तिष्क के रस्ते अश्रुग्रंथि से जुड़े होते हैं और जिससे आंसू निकल जाते हैं।
यह छूना क्या है? ज़ाहिर है यह छुअन रूहानी है जिसे महसूस करने के लिए दिमाग़ नहीं धड़कते हुए दिल की ज़रूरत होती है। यानी वैसा दिल जिसमें स्पंदन हो, संवेदना हो और भावना हो वरना ऐसे भी लोग होते हैं जो दिल तो रखते हैं पर बेहद हिफाज़त से। वैसे दिलों पर भावनाओं का कोई असर नहीं होता। उनके लिए बशीर बद्र ने लिखा है,
बहुत से लोग दिल को इस तरह महफूज़ रखते हैं
कोई बारिश हो ये काग़ज़ ज़रा भी नम नहीं होता
जगजीत सिंह की ग़ज़लों का शायद ही कोई ऐसा प्रेमी होगा जिसने इस छुअन को महसूस न किया हो। इस छुअन से किसी की आंखों में आंसू आते हैं तो किसी की आंख नम हो जाती है।
महसूस किया तुम को तो गीली हुईं पलकें
भीगे हुए मौसम की अदा तुम तो नहीं हो
राणा सहरी बता रहे थे कि 1982 84 के दौरान वे अपने संघर्ष के दिनों में जगजीत साहब से मिलने गए। उनकी ख़्वाहिश थी कि जगजीत जी उनकी ग़ज़ल गाएं। जगजीत ने उनकी ग़ज़लें सुनी और कहा, "अपनी ग़ज़लें छोड़ जाओ, देखते हैं"
जगजीत जी ने अपने एल्बम A Sound Affair में उनकी एक ग़ज़ल कंपोज की और अपने स्वर में ढाला।
कभी गुंचा कभी शोला कभी शबनम की तरह
लोग मिलते हैं बदलते हुए मौसम की तरह
कई सालों बाद मुंबई में उनका जगजीत जी से फिर मिलना हुआ। जगजीत जी ने उनसे कहा, "अमा यार, कितने दिनों से तुमको ढूंढ रहा हूँ। जाओ HMV के दफ़्तर, तुम्हारा चेक बनकर तैयार है।"
फ़िल्मी गीतों में गीतकारों को रॉयल्टी मिल जाया करती थी परंतु ग़ज़लों में शायरों को उनका हक़ मिलना संदिग्ध रहता है। इस बारे में सुनकर राणा की आंखों में आंसू आ गए कि जगजीत सबके हितों का कितना ख़्याल रखते थे।
फिर एक घटना का ज़िक्र करते हुए कहते हैं कि दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में जगजीत जी का प्रोग्राम था। राणा सहरी भी हॉल में कहीं बैठे हुए थे। हॉल खचाखच भरा हुआ था। जगजीत जी गा रहे थे,
कोई दोस्त है न रक़ीब है
तेरा शहर कितना अजीब है
सारे श्रोता ग़ज़ल में खो से गए थे। पूरे हॉल में सन्नाटा था। ग़ज़ल समाप्त होने के बाद तालियों की गड़गड़ाहट शांत होने पर जगजीत जी ने कहा, "इस ग़ज़ल के शायर भी इस हॉल में मौजूद हैं" और राणा की तरफ देखते हुए कहा, "राणा, खड़े हो जाओ"
राणा ने इंटरव्यू ले रहे कुलदीप देसाई ( जगजीत जी के सेक्रेटरी जो फिलहाल 'the jagjitarian' नाम का यूट्यूब चैनल चलाते हैं ) को कहा, "ऐसा बहुत कम होता है किसी भी शायर के साथ। इतना बड़ा सम्मान उन्होंने भरे हॉल में मुझे दिया। स्टेज से ही उन्होंने मुझे देख लिया था।"
यह कहते हुए उनकी आँखें छलक उठीं।
और ठीक इसी वक्त मेरी भी।
मैं मां के साथ यह इंटरव्यू देख रहा था। मैं और मां आपस में इस बात की विवेचना करने लगे कि आखिर शायर की आँखें नम क्यों हो गईं?
मां ने कहा कि शायर भावुक होता है इसलिए।
मैंने कहा,
"हो सकता है पर राणा सहरी कोई मामूली शायर नहीं। माना कि जगजीत जी ने उनकी ग़ज़लें गाकर उन्हें इज़्ज़त बख़्शी। फिर भी,
"मैंने ये कब कहा के मेरे हक़ में हो जवाब,
लेकिन मेरे नसीब में क्या है बता तो दे"
या
"मेरे महबूब मेरे प्यार पे इल्ज़ाम न दे
हिज़्र में ईद मनाई है मुहर्रम की तरह"
या
"मैं किसे कहूं मेरे साथ चल
यहां सबके सर पे सलीब है"
जैसे शेर लिखने वाला साधारण शायर कैसे हो सकता है ? यह उनकी सादगी और विनम्रता है जो वे अपने को बहुत ऊंचा शायर नहीं मानते। जगजीत जी में भी यही सादगी और विनम्रता थी। उन्होंने स्वयं अपने को कभी ग़ज़ल सम्राट नहीं माना। चित्रा जी भी कहती हैं कि जगजीत जी जैसा इंसान होना बड़ा कठिन है।
ये आंसू तभी निकलते हैं जब दो सरल, सीधे सादे, विनम्र, ईमानदार एक दूसरे को छूते हैं। विनम्रता ही इसकी कसौटी है।
No comments:
Post a Comment