Sunday, November 1, 2026

4. फिर छिड़ी बात जगजीत की

 4. *फिर छिड़ी बात जगजीत की* 
 
और जब बात जगजीत सिंह की हो और मेरा नाता उनकी ग़ज़लों से पचास वर्षों का हो तो यह जरूरी हो जाता है कि इन वर्षों में उनसे मुतल्लिक कोई भी बात या घटना या संस्मरण कलमबद्ध किया जाए। लिखने की इसी ख्वाहिश ने इसे पुस्तक रूप देने की चाहत पैदा की। 

पुस्तक का काल खंड यूं तो 1976 से 2026 तक का यानी पचास वर्षों का है परन्तु भारत में ग़ज़ल की धारा मुड़ने की कहानी जानने के लिए जगजीत सिंह के प्रथम युगल LP (लॉन्ग प्ले) अल्बम 'द अनफॉरगेटेबल्स' के रिलीज के पहले के उनके संघर्षो की भी चर्चा करना आवश्यक लगा। इसलिए पुस्तक का काल खंड लगभग साठ वर्षों का हो जाता है।

1976 से 2026 तक यानी इन पचास वर्षों में जगजीत सिंह और उनकी ग़ज़लों से जुड़े मेरे कई संस्मरण हैं। कुछ किस्से लोगों से जुड़े हैं तो कुछ मेरी निजी अनुभूति। कुछ वैसे तथ्य भी हैं जो डिजिटल मीडिया जैसे यूट्यूब या गूगल में उपलब्ध हैं पर मनोरंजक होने के बावजूद उतने प्रचलित या मशहूर नहीं हैं। कुछ तथ्य एच एम वी द्वारा जारी किए गए रिकॉर्ड के कवर पर छपी जानकारी से लिए गए हैं जिसके लिए मैं पटना निवासी श्री केशव भारतीय का हृदय से धन्यवाद करता हूँ।

श्री केशव भारतीय भारतीय स्टेट बैंक की लक्ष्मी पूजा समिति के महत्वपूर्ण सदस्यों में एक थे। वे एक श्रेष्ठ साउंड इंजीनियर होने के साथ पुराने नए EP या LP रिकॉर्डस के महान संग्रहकर्ता भी हैं। अस्सी के दशक में पटना में हुए जगजीत सिंह के प्रथम कंसर्ट में वे उस समय तक के उनके प्रकाशित रिकॉर्डस अपने साथ लेकर गए थे और मेरे सम्मुख उन रिकार्ड्स पर उनसे हस्ताक्षर लिए थे। जगजीत जी को सामने से देखने का यह मेरा पहला अवसर था।

श्री केशव जी से मेरा आज भी सम्पर्क है। उनके घर मैंने कई शामें बिताई हैं और उनके अति उन्नत और सॉफिस्टिकेटेड म्यूजिक सिस्टम में जगजीत जी की ग़ज़लें घंटों सुनी हैं। उनके पास जगजीत जी के हर एल्बम की प्रथम रिलीज की LP रिकॉर्ड की प्रति है जिसके कवर पर लिखी जानकारी मेरे इस पुस्तक की धरोहर है क्योंकि प्रामाणिकता की कसौटी में इससे बेहतर मेरे पास दूसरी सामग्री नहीं हो सकती थी।

इसलिए यह पुस्तक जगजीत सिंह की जीवनी नहीं बल्कि मेरे अनुभव और मेरे संस्मरण और मित्रों का सहयोग है।जगजीत सिंह के जीवन के वही प्रसंग विभिन्न स्रोतों से लिए गए हैं जो बहुत आवश्यक थे।

इसमें मेरी अपनी सांगीतिक यात्राएं भी हैं और कुछ कष्टदायक रेल या हवाई यात्राएं भी जो उनके कंसर्ट देखने के लिए मैंने कीं।

इन अनुभूतियों को संस्मरण या कहानी के रूप में यदाकदा मैं सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप या योरकोट में पोस्ट करता रहा हूँ। मुझे आश्चर्य हुआ कि जगजीत सिंह और उनकी गज़लों के प्रेमी जो विश्व के तमाम हिस्सों में फैले हुए हैं, मेरे इन पोस्ट्स से इस क़दर मुतासिर हुए कि मुझसे जुड़ते चले गए। मैं भी उनलोगों की तरफ़ आकर्षित हुआ जो जगजीत सिंह की ग़ज़लों को पसंद करते हैं और उनके बारे में दिल को सुकून पहुँचाने वाले विचार साझा करते हैं।

आज के परिप्रेक्ष्य में देखें तो जगजीत जी को सिर्फ़ एक महान गायक के रूप में ही नहीं बल्कि एक महान सामुदायिक संयोजक (कम्युनिटी बिल्डर) के रूप में भी देखा जाएगा जो आज के उद्यमशील संसार (entrepreneurial world) में एक बहुत महत्वपूर्ण विषय है। उन दिनों के हिसाब से इतना बड़ा 'फैन फेयर' बना लेना आसान काम नहीं था। उन दिनों डिजिटल मीडिया का प्रादुर्भाव नहीं हुआ था। मोबाईल और कम्प्यूटर नहीं थे। इंटरनेट, यूट्यूब और गूगल भी नहीं थे।

इन असुविधाओं के बावजूद जगजीत जी ने एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट गज़लें प्राइवेट महफ़िलों में गाई। ऐसी ग़ज़लें उन्होंने कहां से उतारी होंगी या शायरी या ग़ज़लों की कौन सी पुस्तकें या रिसाले वे पढ़ते होंगे यह सोचकर ही रोमांच होता है।

उन दिनों समान रूचि वाले लोगों से मिलना और यात्रा करना भी आसान नहीं था। आज सोशल मीडिया के आ जाने से सामुदायिक गतिविधियाँ सुगम हो गई हैं।नए नए एप्प्स बन गए हैं। संगीत के भी ऐसे विलक्षण मोबाईल एप्पस हैं जिनसे जुड़कर इंसान के संबंध लोकल से ग्लोबल हो गए हैं । इस क्रम में मोबाईल के दो एप्प्स का ज़िक्र करना प्रासंगिक होगा। पहला Smule (स्मूल) और दूसरा Starmaker (स्टारमेकर)।

इन एप्प्स में विभिन्न गायकों के गीतों के ट्रैक उपलब्ध हैं जिसपर संगीतप्रेमी अपनी आवाज में गाने रिकॉर्ड कर सकते हैं।दोनों में अपनी अपनी पसंद के गायकों के समूह हैं। इन समूहों के सदस्य आपस में जुड़े हुए हैं और एक दूसरे से अपनी पसंद के गाने साझा करते हैं।

मैं smule में एक ग्रुप का सदस्य हूँ जिसका नाम है 'जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब'। इस ग्रुप के सदस्य बनने के बाद जगजीत सिंह के प्रति मेरी आस्था परवान चढ़ी। इस ग्रुप ने अब तक दो सालाना मिलन समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक कर लिया है। एक 2024 में तथा दूसरा 2026 के पहली मार्च को। मुझे ख़ुशी हैं कि दोनों मिलन समारोह में भाग लेने का मुझे मौक़ा मिला।

No comments:

Post a Comment