3. *सफ़र गज़लों का* ..*
अरब में जन्मी ग़ज़लें महदूद थीं
औरतों की ही बातों तक
कई बरस
पहन लेती हैं
आध्यात्मिकता का लिबास
फारस आकर
अरबी की इश्के मजाज़ी (सांसारिक प्रेम)
इश्के हक़ीक़ी (आध्यात्मिक प्रेम) हो गईं फ़ारसी में
प्रेमी सादिक (साधक) और प्रेमिका माबूद (ब्रह्म) बनीं
सूफ़ी साधकों की भूमिका से
संयोग के बजाय
वियोग को तरजीह मिलने लगी तब
उर्दू तक आते-आते और
हिन्दोस्तां की ज़मी पर कदम रखते
न जाने कितने लिबास बदलती हैं ये ग़ज़लें
और घर भी
कभी रक्काशाओं के कोठे मिले
तो कभी राजाओं की हवेली
कभी फ़ारसी में कही गईं तो
कभी मादरी ज़ुबान की हो लीं
तबले और सारंगी परवरिश करते थे इनकी
मनाही थी घर की दहलीज़ से बाहर कदम रखने की
पर्दानशीं थीं ग़ज़लें
सोहबत का असर ऐसा था कि
इश्क़ मोहब्बत,
हुस्न-ओ-शबाब और जाम-ओ-सुबू में ही मन लगाती थीं वे
पर दम घुटता था उनका
हवेली की ऊंची दीवारों में
अय्याशों की वाह वाही से
कोठे से निकलकर आई जब
दानिशमंद की महफ़िलों में
ख़ालिस उर्दू और फ़ारसी के जानकार ही महसूस कर पाते थे
इसकी रूहानियत
रईसों के मनबहलाव का साधन बन दिन गुज़ारने के बजाय
बंदिशों के बाहर पांव निकालने को बेताब होने लगीं वे
तोड़ देना चाहती थीं तमाम ज़ंजीरें
बेचैन रहा करती थीं
सिसकियां भरती थीं वे रातों में
पहली बार बाहर निकलीं वे
बेग़म साहिबा की रूहानी आवाज़ से
जब बजने लगे उनके रिकॉर्ड्स
बड़े लोगों के ड्राइंग रूम में
फिर भी आम लोगों से कोसों दूर थी गज़लें
तबले और सारंगी ही कर रहे थे इनकी परवरिश
बातें अब भी किया करती थीं वे मोहब्बत की
शराब और मयख़ाने की
साक़ी और पैमाने की
कुछ दिन और बीते
अब इंतज़ार कर रही थीं वे एक ऐसे मसीहा का
जो कर दे उनका उद्धार
दे कर एक नया आकार
जो पहुंचा दे उन्हें रईसों और फ़ाज़िलों की गिरफ्त से निकालकर
आम लोगों के बीच
खुली हवाओं में
उनके घरों में,
घरों के आंगन में,
रसोई में, चूल्हे में
मिट्टी की दीवारों में
खेतों में,
उनके रोज़मर्रा के जीवन में,
उनकी सुबह और शाम में
काम में, आराम में
राशन की कतारों में
फूलों और बहारों में
ख़ामोशी और तन्हाई में
ज़िल्लत और रुसवाई में
रूह की गहराई में
जैसे प्रेमचंद ने छुआ दर्द किसानों का
जैसे गुलज़ार ने सुलभ बनाया ग़ालिब को
जैसे दुष्यंत ने गजलों को ज़ुबान दी हिंदी की
श्रीगंगानगर में जन्म लेता है वो मसीहा
आठ फरवरी उन्नीस सौ इकतालीस को
जिसकी राहें तका करती थीं ग़ज़लें सदियों से
जिसने बातें कीं आम लोगों के सपनों की
उन्हीं की ज़ुबान में जैसे बातें हों अपनों की
मोहब्बत की इबादत की
चाहत की क़ुरबत की
भाई चारे और दोस्ती की
नाव और कश्ती की
वादों की फ़रियादों की
भूली बिसरी यादों की
उदासी भरे शाम की
तारों भरे आसमान की
भूख और प्यास की
नैराश्य और आस की
योग और वियोग की
मिलने के संयोग की
चराग़ की आफ़ताब की
आंगन और माहताब की
प्रेम के गीत की
मैं बात कर रहा जगजीत की!
No comments:
Post a Comment