Sunday, November 1, 2026

17. और ग़ज़ल की धारा मुड़ गई

17. *और ग़ज़ल की धारा मुड़ गई*

इसी दौरान 1977 में 'द अनफॉरगेटेबल्स' अल्बम रिलीज हो गया। जिसने भी इस LP की ग़ज़लें सुनी, वह ग़ज़लों की ताज़गी, पाश्चात्य वाद्य यंत्रों की मधुरता और जगजीत-चित्रा की आधुनिकता से ऐसा सम्मोहित हुआ जैसा पहले कभी नहीं हुआ था। भारत में ग़ज़ल की धारा मुड़ गई और उस तेज़ बहाव में हम भी बह चले।

इसके पहले आकाशवाणी से यदाकदा जगजीत की ग़ज़लें सुनने को मिल जातीं और वे ग़ज़लें भी दिलोदिमाग पर अपना असर छोड़ने में कामयाब रहतीं पर 'द अनफॉरगेटेबल्स' की बात ही अलग थी। उसकी ग़ज़लें शीतल बयार के साथ आंधी भी थी। एक ऐसी आंधी जिसने ग़ज़लों और उसकी अदायगी की परिभाषा ही बदल दी।भारत में संगीत जगत में खलबली मच गई। फ़िल्मी गीतों या शास्त्रीय संगीत को ही संगीत का पर्याय समझने वाले स्तब्ध थे। ग़ज़लें जो अबतक सिर्फ़ सारंगी, हारमोनियम और तबले में ही निबद्ध होती थीं, अब संतूर, सितार, पियानो, सैक्सोफोन और गिटार की धुनों में सज कर अपना चोला बदल चुकी थीं। संगीत से प्रेम रखने वाला ऐसा कोई व्यक्ति न होगा जो इससे प्रभावित न हुआ हो। संगीत और फ़िल्म से जुड़े कई व्यक्ति तो सदमे में आ गए। क्यों न हों, एक क्रांति सी आई थी।

क्रांति जब भी आती है आसानी से नहीं आती।जद्दोज़हद से गुजरना पड़ता है। कई उतार चढ़ाव आते हैं। नदी की धारा भी तभी मुड़ती है जब अवरोध आते हैं। जगजीत सिंह के लिए भी यह इतना आसान न था। यहाँ तक कि 'द अनफॉरगेटेबल्स'  रिलीज होने के बाद भी संगीत के पंडित और कई जानकारों ने इसकी आलोचना की। इसे हाथों हाथ नहीं लिया। ग़ज़ल के पुराने ढर्रे के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा कर उसे ख़ारिज़ करने की कोशिश की गई। पर ग़ज़लों की मधुरता और भाव पक्ष इतना प्रबल था कि आलोचक भी मंत्र मुग्ध हो सुनते रह गए। जगजीत के नए प्रयोग और उनकी ग़ज़लों को स्वीकार करने के सिवा उनके पास कोई विकल्प भी नहीं था। जनता तो पहले ही उनकी ग़ज़लों की दीवानी हो चुकी थी। 

उन्हें लंदन में कोई जानकारी न थी कि रिकॉर्ड के रिलीज के बाद भारत में लोगों की क्या प्रतिक्रिया हुई। छह महीने बाद जब वे भारत पहुंचे और  हवाई अड्डे पर उनके स्वागत में लोगों की भीड़ देखी तब भी उन्हें अंदाज़ा नहीं था कि एक आंधी की तरह रिकॉर्ड ने भारत मे धूम मचाई है। HMV कम्पनी ने उनका दोनों हाथ फैलाकर स्वागत किया और अमूमन पैसे की तंगी में रहने वाले जगजीत के हाथ में अस्सी हजार का चेक दिया जो 1977 के लिए एक आकर्षक रकम थी।

LP के कवर पर जगजीत और चित्रा सिंह की शहरी छवि ने भी लोगों को खूब आकर्षित किया।इस सुंदर जोड़ी को देखने और सुनने की होड़ सी मच गई। उन दिनों मैं बी.एससी. प्रथम वर्ष का छात्र था। हमारे घर रिकॉर्ड प्लेयर या टेप रिकॉर्डर नहीं थे। संगीत सुनने के लिए रेडियो और ट्रांजिस्टर ही साधन थे। मेरे मित्र केशव जी के यहाँ मैंने वह रिकॉर्ड देखा था। मुझे अच्छी तरह याद है कि कवर पर जगजीत और चित्रा की तस्वीर देख मैं अपलक उन्हें देखता रह गया था। उन दिनों फ़िल्मी कलाकारों का बहुत क्रेज हुआ करता था। जगजीत सिंह किसी अभिनेता से भी ज़्यादा सुंदर लग रहे थे। मैंने रिकॉर्ड की पूरी ग़ज़लें केशव जी के घर पर सुनी। 

देश के कई भागों से उन्हें कार्यक्रम देने के निमंत्रण मिलने लगे। उनके लाइव प्रोग्राम की क्रेज बढ़ने लगी। सभी की बस एक ही चाहत थी,
'बस एक बार उन्हें सामने से देखूं और सुनूँ'।

No comments:

Post a Comment