Sunday, November 1, 2026

1. जादू इक आवाज़ का

*1. जादू इक आवाज़ का*


सन 1976 का साल। 
विविध भारती से दोपहर दो बजे ग़ैर फिल्मी गीतों का एक कार्यक्रम प्रसारित होता था ‘रंग-तरंग’। मुकेश, मन्ना डे, मोहम्मद रफी, तलत महमूद, मीनू पुरुषोत्तम, सुधा मलहोत्रा इत्यादि के गाए गीत-गज़लों का यह कार्यक्रम बेहद लोकप्रिय था। 

एक कवि हुआ करते थे मधुकर राजस्थानी। इनके श्रृंगार रस के गीतों को अपनी डायरी में लिखने के लिए मैं यह कार्यक्रम जरूर सुनता। एक दिन जब मैंने रेडियो ऑन किया तो उदघोषक महोदय के एनाउंसमेंट की आख़िरी लाइन मेरे कानों में पड़ी, ‘तो पेशे खिदमत है जगजीत सिंह की आवाज़ में ये ग़ज़ल’। 

सितार और गिटार की धुन में ग़ज़ल शुरु हुई। तबले की थाप कानों में रस घोलने लगी। पुरानी ग़ज़लों के तर्ज़ से बिल्कुल अलग एक नए अन्दाज़ में गायी जाने वाली उस ग़ज़ल की लय और सुर-ताल इतना मधुर था कि आहिस्ता आहिस्ता सुर, लय और ताल का जादू मुझ पर छाने लगा। आवाज़ की ताज़गी, उसकी मधुरता और गहराई इतनी ज़बरदस्त कि ठगा सा मैं सुनता रहा। जब ग़जल समाप्त हो गई तो लिख ना पाने का अफसोस हुआ। फिर गायक का नाम न जान पाने के अफसोस में मैं देर तक परेशान रहा। उद्घोषक ने जगजीत सिंह का नाम लिया तो था परन्तु उस ज़माने में यदा कदा जगमोहन के गाए गीत भी प्रसारित होते थे। मैं जगमोहन और जगजीत में कन्फ्यूज़ हो गया। 

अब इस ग़ज़ल के दुबारा प्रसारण की प्रतीक्षा मैं बेसब्री से करने लगा। अब दूसरा कोई भी गीत कानों को नहीं भाता। 
दूसरी सारी आवाज़ फीकी सी लगती। करीब रोज़ ही मैं रंग-तरंग के प्रसारण के समय रेडियो के समीप सजग रहता। डायरी और कलम रेडियो के समीप ही रहती । अबकी चूक नहीं होगी। 

और एक दिन उदघोषक महोदय ने उद्घोषणा की, ‘अगली पेशकश है जगजीत सिन्ह की आवाज में अमीर मिनाई की एक ग़ज़ल जिसके बोल हैं, ‘सरकती जाए है रुख़ से नक़ाब आहिस्ता आहिस्ता’ जिसे संगीतबद्ध किया है ख़ुद जगजीत सिन्ह ने’

मेरी बाँछें खिल गई। हाँ..हाँ..इसी ग़ज़ल की तो मैं प्रतीक्षा कर रहा था। उस दिन जब मैंने पहली बार यह गज़ल सुनी थी तो मुझे सिर्फ एक ही शब्द याद आता था, आहिस्ता...आहिस्ता’। आज मौक़ा मिला है दुबारा सुनने का। करीब-करीब मैं नाचने लगा। आज मैं इसे पूरी लिख कर ही दम लूँगा। हड़बड़ाहट में डायरी का कोरा पन्ना खोलने में कलम नीचे गिर गई। कलम उठाई तो डायरी गिर गई। 
किसी ने उसी वक्त दरवाज़े पर दस्तक दे दी। मैं दरवाज़े की तरफ भागा। 
तभी कानों में आवाज़ आई, ‘सरकती जाए है....’. मैं बीच रास्ते से ही बिना दरवाज़ा खोले वापस रेडियो की तरफ भागा। मैंने डायरी का एक सादा पन्ना निकाला और पूरी गज़ल आहिस्ता आहिस्ता उतारता गया। दरवाज़े पर रह रह कर कोई दस्तक देता रहा और कुछ देर बाद लौट गया। 

नानाजी दोपहर भोजनोपरांत आराम कर रहे थे और हल्की नींद में थे। दरवाज़े पर ठक ठक की आवाज़ से उठ बैठे। 

उन्होंने पूछा, ‘कौन था?’
मैंने कहा, ‘मालूम नहीं, मैंने दरवाज़ा खोला ही नहीं, पता न चल सका’
‘घोड़े बेच कर सो रहे थे क्या?’
मैंने डायरी में लिखी ग़ज़ल का एक शेर पढ़ा,

‘शबे फुरकत का जागा हूँ, फरिश्तों अब तो सोने दो
कभी फुरसत में कर लेना हिसाब, आहिस्ता-आहिस्ता’

वे बोले, ‘बहुत बढ़िया ग़ज़ल बा, के गावत रहे’ 
(बहुत बढ़िया ग़ज़ल है, कौन गा रहा था)
मैंने कहा, 'जगजीत सिंह'
और फिर वे सोने चले गए. 

उसी दिन मैं जान गया कि ग़ज़ल की दुनिया में आने वाले समय में इस शख़्स का एकछत्र राज होगा और मैं उसका अनंत काल तक का प्रशंसक।

No comments:

Post a Comment