Monday, November 2, 2026

36. पृथकवास के वे दिन

*36.पृथकवास के वे दो दिन* 

दिनांक 06 अप्रैल 2026. 
अपोलो अस्पताल, कोलकाता।

इस अस्पताल के नुक्लियर मेडिसिन डिपार्टमेंट में मुझे भर्ती किया गया है। एक साल पहले हुई पापिल्लीअरी कार्सिनोमा की सफल सर्जरी के बाद स्कैन में trachea और इसोफेगस के पास कैंसर के सेल्स पाए गए हैं। 

ज़िन्दगी तो कभी नहीं आई 
मौत आई ज़रा ज़रा कर के 

इन्हें नष्ट करने या फैलने से रोकने के लिए मुझे रेडिओ आयोडीन I-131 का घोल पिलाया गया है। अब मुझे अड़तालिस घंटे तक एक बंद कमरे में तन्हा रहना होगा। इन दो दिनों में मुझे किसी के समीप जाने की इजाज़त नहीं क्योंकि मेरे शरीर से होने वाले रेडिओएक्टिव किरणों का विकिरण आसपास के लोगों विशेषकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और वृद्धों को हानि पहुंचा सकते हैं। मैं अस्पताल के उन चिकित्सकों, नर्सोँ और स्टॉफ को नमन करता हूँ जो इन ख़तरों के बीच काम करते हैं।

मेरे मन बहलाव के लिए कमरे में टीवी लगा हुआ है और मेरे सिरहाने रिमोट भी रखा हुआ है पर मुझे टीवी के कार्यक्रमों में कोई दिलचस्पी नहीं। तन्हाई के इन दो दिनों में मेरा सबसे अच्छा साथी मेरा मोबाईल और ईयर फोन है जिससे मैं जगजीत जी की ग़ज़लें निर्बाध सुन सकूँगा।

जब भी तन्हाई से घबरा के सिमट जाते हैं 
हम तेरी याद के दामन से लिपट जाते हैं 

मैंने यूट्यूब में जगजीत सिंह की ग़ज़लें सेलेक्ट की और आँखें बंद कर सुनने लगा।

जादू है इस आवाज़ में...

तुम्हारी आवाज़ इक नज़्म की तरह   
रस घोलती है कानों में 
माएने इस तरह घुलते हैं रूह में गज़लों के
जैसे सोंधी खुशबू घुलती है फज़ाओं में धीरे धीरे
बारिश की पहली फुहार से
छन छन के टपकती तुम्हारी आवाज़ की बूँदों से 
कभी कभी ऐसा भी लगता है
जैसे तेज ताप से तपती देह पर
बर्फ की पट्टी रखी जा रही हो माथे पर
या कोई बीमार अच्छा महसूस करता है
जब छटपटाते बदन पर उभरे लाल-लाल चकत्ते पर लगती हो चन्दन की लेप
अच्छा करने की तासीर रखती है
किसी बीमार को तुम्हारी आवाज़
और तुम्हारी दिलकश ग़ज़लें !

35. पुण्यतिथि

35.*पुण्यतिथि* 
(दस अक्टूबर)


यूँ तो जाने की 
कोई उम्र नहीं होती
पर सत्तर भी 
कोई उम्र नहीं होती
अभी हमारा जी भी नहीं भरा 
तुम्हारी ग़ज़लों से
चल दिए मानो तुम बिन 
देवताओं की भी 
गुज़र नहीं होती!

दस अक्टूबर जगजीत सिंह की पुण्यतिथि है। इस वर्ष उनको अपना नश्वर शरीर छोड़े पंद्रह वर्ष हो जायेंगे ।

'पुण्यतिथि' ...यह शब्द हमेशा मुझे उलझन में डालता है। जिस तिथि को किसी व्यक्ति का निधन हो जाए, वह तिथि पुण्य कैसे कही जा सकती है। जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जयंती और मृत्यु दिवस को पुण्यतिथि के रूप में मनाने की प्रथा है। पुण्य तिथि तो मृत्यु की बर्सी है, फिर पुण्य कैसे?

इस प्रश्न का उत्तर अध्यात्म में मिलता है। इसलिए यह शब्द साहित्यिक (literary) नहीं, आध्यात्मिक (spiritual) है।

भारतीय धर्म और दर्शन के अनुसार मृत्यु को अशुभ नहीं माना गया है यह तो शरीर के वस्त्र बदलने जैसा है। मृत्यु को सुंदर और मोक्ष देने वाली कहा गया है। जो व्यक्ति मरना सीख जाता है उसकी कभी मृत्यु नहीं होती।

पुण्यतिथि का शाब्दिक अर्थ है पवित्र तिथि, मंगलकारक और शुभ एवं धर्म विहित कर्म, सुकृत। इससे यह सिद्ध होता है कि भारतीय संस्कृति में दोनों ही तिथि को शुभ और पवित्र माना गया है। इस तिथि पर दिवंगत आत्मा को आत्मीय रूप से श्रद्धा-सुमन अर्पित किया जाता है और उनके सुंदर कर्मों को याद किया जाता है। चूंकि इस तिथि पर दिवंगत आत्मा के गुण और कीर्ति का वर्णन और स्मरण किया जाता है, इसलिए हम इसे स्मरणतिथि या अमरत्व तिथि भी कह सकते हैं। इसलिए 
इस पुस्तक में जगजीत जी से जुड़े मेरे जो भी संस्मरण हैं या उनके कुछ अनछुए पहलूओं का वर्णन है वे उनकी पंद्रहवीं पुण्यतिथि पर उनको स्मरण करते हुई श्रद्धांजलि स्वरूप मेरे कुछ श्रद्धा सुमन ही हैं।

जहाँ तक जगजीत सिंह का सवाल है, तो उन तमाम फैन्स की तरह मेरे लिए भी वे मरे नहीं... वे मर ही नहीं सकते...वे अमर हैं। क्या हुआ जो शरीर से हमारे बीच नहीं हैं। हज़ारों लोगों के दुःख की घड़ी में, उनके संघर्ष के दिनों में या एकांतवास में उनकी ग़ज़लें सहारा बनीं। 

मेरे परम मित्र डॉ चंद्रशेखर पाई (कैंसर विशेषज्ञ, डालास, अमेरिका) ने कहा कि मुंबई से अमेरिका जाने पर उनके एकांतवास में और बाद में रोज़ाना अस्पताल पहुँचने के चार घण्टे के कार ड्राइव में उनका सहारा जगजीत सिंह की ग़ज़लें ही रही हैं। 

मैंने जब जगजीतसिंह की ग़ज़लें गानी शुरू की तो मेरे एक संबंधी ने माँ को सुनाते हुए व्यंग्य कसा था, 'लड़के ने इश्क़ में गहरी चोट खाई है'। ग़ज़ल को इश्क़ और शराब तक ही सीमित समझने वाले उन संबंधी की अल्पबुद्धि पर मुझे तरस आया था। 

'ऐ ख़ुदा रेत के सहरा को समंदर कर दे
या छलकती हुई आँखों को भी पत्थर कर दे 

और कुछ भी नहीं दरकार मुझे है लेकिन, 
मेरी चादर मेरे पैरों के बराबर कर दे' 

या 

'दर्द से मेरा दामन भर दे या मौला 
फिर चाहे दीवाना कर दे या मौला 

सूरज सी इक चीज तों हमसब देख चुके 
सचमुच की अब कोई सहर दे या मौला'

या 

'सच्ची बात कही थी मैंने
लोगों ने सूली पे चढ़ाया'

या
'अब मैं राशन की कतारों में नज़र आता हूँ 
अपने खेतोँ से बिछड़ने की सज़ा पाता हूँ '

या 
'हरेक घर में दीया भी जले अनाज भी हो
अगर न हों कहीं ऐसा तों एहतजाज भी हो' 

ऐसी अनगिनत ग़ज़लें जगजीत ने गाई हैं। ऐसी तमाम ग़ज़लों में माशूका कौन है...मानवीय रिश्ता और जीवन की आपाधापी ही माशूक है और उसका ज़िक्र इश्क़। जगजीतसिंह ने जिस परमसत्ता से इश्क़ की लौ लगाई, वह कबीर, मीराबाई और तुलसी की लौ है। इसका स्वाद जिसने चखा, वह आजीवन इश्क़ की गिरफ़्त में रहेगा और ताज़िन्दगी जगजीत सिंह का मुरीद। 

जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब के एडमिन हमारे प्रिय श्री आशीष व्यास जी से एक बार लम्बी बातचीत के दौरान हमने एक दूसरे से पूछा, 'आख़िर हम जगजीत जी की ग़ज़लें क्यों गाते हैं?' चर्चा में हम इस नतीजे पर पहुंचे कि हम जगजीत की ग़ज़लें गाकर उनकी नकल नहीं कर रहे होते...कर भी नहीं सकते..सम्भव भी नहीं पर उनकी ग़ज़लें गाकर हम उनकी आराधना अवश्य कर रहे होते। हम उनकी ग़ज़लें गाकर उनके जैसा लफ़्ज़ों का उच्चारण सीख रहे होते, वैसा भाव और ठहराव लाने की कोशिश कर रहे होते या अच्छी पोएट्री की समझ पैदा कर रहे होते। 

गुनगुना के मस्ती में जब भी छेड़ी है तुमने कोई नज़्म  
एक ही साथ दो-दो तान सुनाई दी है मुझे
एक तुम्हारी आवाज़
जैसे किसी खामोश वादी में दूर
कोई पेड़ों की छाँव में बैठा छेड़ रहा हो बाँसुरी की तान 
और दूसरी उन नज़्मों में पिरोए हुए लफ्ज़ों के मायने  
जो पुरवाई हवा के ठंढे झोंके से लगे हैं मुझे
किसी झुलसती गर्मी में..
किसे सुनूँ मैं 
आवाज़ या नज़्म
किसे अच्छा कहूँ
नज़्म या आवाज़
दरअसल हर नज़्म ज़िन्दा हुई है 
तुम्हारी आवाज़ का परस पाकर 
वरना बिन रूह की नज़्म                                                दफ़्न रहती लाइब्रेरी की किताबों में!

हमने उनकी ग़ज़लों को घोलकर चरणामृत की तरह पी लिया है। शायद कोई एक बूंद आबे हयात हो जाए!

Sunday, November 1, 2026

34. आपके दिल ने मुझे आवाज़ दी हम आ गए

34. *आपके दिल ने मुझे आवाज़ दी हम आ गए*

( _JSCSFC का दूसरा वार्षिक मिलन_ _समारोह, गोल्डन ट्री, नॉएडा_ 
 __01.03.2026_ )


पहले और दूसरे समारोह के बीच जीवन ने अजीब करवट ली। गले की तकलीफ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया। Papilliary Carcinoma डायग्नोज़ हुआ जिसकी शल्यक्रिया दिसंबर 2024 में हुई। रेडियोथेरेपी के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल में आना जाना लगा हुआ है। इन परिस्थितियों में भी मैंने समारोह में जाने का मन बना लिया। इस मिलन समारोह की थीम पंक्तियां थीं,
 _आपके दिल ने हमें आवाज़ दी हम आ गए_ 

और हम चल पड़े....

दुरंतो एक्सप्रेस के बी 3 कंपार्टमेंट के अपने साइड लोवर बर्थ पर पहुंच कर मैंने सांस ली। सामान बर्थ के नीचे व्यवस्थित कर चुका था। बस पिछले महीने के बिखरे ख़्यालात व्यवस्थित करने बाक़ी थे।

उफ़ फरवरी का गुज़रा हुआ पिछला महीना!

नवंबर के जाड़ों में मैं बैंगलोर चला आया था। यहां उत्तर भारत जैसी हड्डियों को कंपाने वाली ठंड नहीं पड़ती। वहां से मैसूर और फिर हैदराबाद घूम लिया। फिर बैंगलोर में हर दूसरे दिन कहीं न कहीं निकलना । मैंगलोर के एक स्टार विला में रात गुज़ारी जहां खुले आकाश के नीचे टूटते हुए तारे देखे। मान्यता है कि टूटते तारे देखकर मांगी गई मुराद पूरी हो जाती है। मैं क्या मांगू इस उधेड़बुन में कुछ भी सूझ न रहा था। यह सोचना भी कितना कठिन है। एक दो इच्छाएं हों तो बात बने। यहां तो ख़्वाहिशें अनंत हैं। तारे ख़त्म हो जाएं पर इंसान की ख़्वाहिशों का अंत नहीं।

"हज़ारों ख्वाहिशें ऐसीं कि हर ख्वाहिश पे दम निकले 
बहुत निकले मेरे अरमान लेकिन फिर भी कम निकले"

अरे, इस उलझन में मिर्ज़ा ग़ालिब याद आ गए। ग़ालिब याद आते ही ज़ेहन में कौंधे जगजीत सिंह। तभी एक टूटता हुआ तारा आकाश में एक छोर से दूसरे छोर की तरफ़ लकीर खींचता हुआ तेज़ी से गुज़रा और पलक झपकते ओझल हो गया। उतनी ही तीव्रता से मैंने मन ही मन मांग ही लिया, "मुझे जगजीत सिंह फैंस क्लब के मिलन समारोह में भाग लेने का मौक़ा देना"

ये तारे इतनी आसानी से कुछ नहीं देते। परीक्षाएं लेते हैं। हर कदम पर चुनौती रख देते हैं। उससे होकर गुज़रना ही पड़ता है। 
मेरे साथ भी वही हुआ। गले की तकलीफ़ दिखाने का वक्त आ गया और मैं बैंगलोर से जा पहुंचा अपोलो हॉस्पिटल, कोलकाता। 'सफ़र में धूप तों होगी जो चल सको तो चलो।'

तारीख़ थी छब्बीस जनवरी। 27 जनवरी की सुबह डॉक्टर ने मिलने को कहा था। यह तिथि मेरे लिए अनुकूल थी। मुझे विश्वास था कि जितनी भी जांचें होंगी,
छब्बीस फरवरी तक मुझे अस्पताल से मुक्ति मिल जाएगी और मैं पहली मार्च को होने वाले JSCSFC के दूसरे वार्षिक मिलन समारोह में शरीक हो पाऊंगा।

दोस्तों ने विशेष आग्रह किया था कि इस बार मैं सैक्सोफोन ले कर आऊँ । ट्रेन से ले जाने में सहूलियत होगी, लिहाजा मैंने ट्रेन में रिजर्वेशन ले लिया। दिनांक सत्ताइस फरवरी की शाम का। पटना से नई दिल्ली का। ट्रेन थी दुरंतो एक्सप्रेस जो सियालदह से नई दिल्ली जाती है, पटना के रास्ते। इसके पड़ाव बेहद कम हैं। पटना और नई दिल्ली के बीच सिर्फ दो। मुगलसराय और कानपुर। ज़्यादा स्टॉपेज होने पर सामान की सुरक्षा की चौकसी करनी पड़ती है। मैं निश्चिंत सो सकूंगा।

2

ज़िंदगी का सफ़र इतना आसान भी तो नहीं। मैं इलाज के चक्रव्यूह में फंसता चला गया। पहली ही रिपोर्ट चिंताजनक आई। तीन दिनों बाद उन्होंने दुबारा जांच के लिए पुनः आने को कहा। मैं वापस धनबाद चला आया। तीसरे दिन फिर कोलकाता। इस बार भी रक्त की जांच की गई। रिपोर्ट संतोषजनक नहीं आया। कैंसर के दुबारा होने के संकेत मिल रहे थे।डॉक्टर ने PET स्कैन की जगह FAPI स्कैन करने की सलाह दी जो एक उन्नत न्यूक्लियर चिकित्सा इमेजिंग तकनीक है जो कैंसर कोशिकाओं के आसपास के फाइब्रोब्लास्ट एक्टिव प्रोटीन (FAP) को लक्षित करके ट्यूमर का पता लगाती है।इस स्कैन के लिए चार दिन बाद की तारीख़ मिली। लिहाजा फिर धनबाद चला आया। चौथे दिन फिर कोलकाता। धनबाद कोलकाता के बीच पैरों में जैसे चरखी लग गई। 

'चलते रहना है कि चलना ही है मुसाफ़िर का नसीब
किसको मालूम है किस राहगुज़र के हम हैं'

स्कैन रिपोर्ट ने आशंकाओं की  पुष्टि हो गई। अब मुझे रेडियो आयोडीन ट्रीटमेंट के लिए दो दिन अस्पताल में भर्ती होना होगा। मेरे अवचेतन से आवाज़ आने लगी कि शायद इस बार मिलन समारोह मेरे नसीब में नहीं:

'ज़िंदगी तूने लहू ले के दिया कुछ भी नहीं 
क्या मेरे वास्ते तेरे दामन में कुछ भी नहीं'

पर उस टूटते तारे ने मेरी पुकार सुन ली थी। उसने रास्ता बना दिया। उम्मीद की किरण अवसर बन कर चमकने लगी।

'यही है ज़िन्दगी कुछ ख़्वाब चन्द उम्मीदें
इन्हीं खिलौनों से तुम भी बहल सको तो चलो'

हुआ ये कि रेडियोएक्टिव आयोडीन उपचार के लिए पंद्रह दिनों तक आयोडीन मुक्त भोजन लेना होता है। इस बीच अस्पताल मरीजों के हिसाब से रेडियो आयोडीन Indent कर लेते हैं जो विदेश (रूस) से आयातित होता है। मुझे इस उपचार के लिए 06.04.2026 की तारीख़ मिली। इस तरह सारी जांच के उपरांत मुझे दिल्ली यात्रा करने का समय मिल गया। डॉक्टर ने भी यात्रा करने की इजाज़त दे दी। मुझे ज़िंदगी मिल गई।

'ख़ुश रहे या बहुत उदास रहे 
ज़िंदगी तेरे आस पास रहे'

3.

इंसान की ज़िंदगी के चार पड़ाव होते हैं। बाल्यावस्था, गार्हस्थ्य, वानप्रस्थ और संन्यास। मेरी ज़िंदगी के हर पड़ाव में चार मरहले हैं। बीमारी, यात्रा, संगीत और उम्मीद। इन चारों ने चारों दिशाओं से मुझे घेर रखा है। इस घेराबंदी के बीच मैं झूलता रहता हूँ। कभी एक का पलड़ा भारी, कभी दूसरे का। जहां तक मेरे झुकाव का प्रश्न है मैंने उम्मीद का दामन कभी न छोड़ा। उम्मीद यह कि मैं मिलन समारोह में भाग ले पाऊंगा। उम्मीद यह कि मैं बिल्कुल नए वाद्ययंत्र सैक्सोफोन जिसके कुंजियों पर अभी उंगलियां पूरी तरह सधी भी नहीं हैं, बजा पाऊंगा और उम्मीद यह कि मेरी यात्रा निर्बाध होगी। 

पर बीमारी? बीमारी का ख़्याल आते ही उम्मीद की किरण क्षीण क्यों होने लगती? उम्मीद की लौ क्यों थरथराने लगती हैं? क्यों नहीं इससे पूर्ण रूपेण मुक्ति मिल रही?

'इन दिनों ना उम्मीद सा हूँ मैं 
शायद उसने भी ये सुना होगा'

दरअसल यही जीवन का फ़लसफ़ा है। अंतहीन यात्रा में अंतहीन ख़्वाहिशों और अनंत लालसाओं को संभालने के लिए उम्मीद का ही सहारा होता है। बीमारी गर है तो वह भी उम्मीद के सहारे ही ठीक होगी या उसको झेला जा सकेगा वरना घुटते रहने से तो यात्रा भी बोझिल होगी और ख़्वाबों का भी क़त्ल होगा। 

इसलिए अभी जो मैं दुरंतो एक्सप्रेस में बैठा दिल्ली की तरफ़ चला जा रहा हूँ इस यात्रा में बीमारी का ज़िक्र क्यों ? नाउम्मीदी का आलम क्यों? 

बस अब से बातें होंगी उम्मीद, ख़्वाब, ख़ुशी, दोस्ती, मिलन, हंसी-ठहाके, गीत-ग़ज़ल, दोस्ती और मोहब्बत और लज़ीज़ खाने की।

इसलिए दिल्ली पहुंचने पर और दोस्तों से मिलने पर उन्हें ज़रा भी अहसास नहीं होने दूंगा कि मैं अभी कुछ परेशान सा चल रहा। जगजीत सिंह का प्रशंसक होने के नाते उनकी ग़ज़लों से इतर मैं कैसे सोच सकता हूँ, और इस वक्त उनकी गाई हुई निदा फ़ाज़ली का ये शेर सबसे मौज़ूँ लग रहा,

'अपना ग़म ले के कहीं और न जाया जाए
घर की बिखरी हुई चीजों को सजाया जाए'

ग़म कहूंगा भी तो केवल डॉक्टर पाई को जिनके साथ मुझे होटल के एक ही कमरे में ठहरना है और जिनसे एक डॉक्टर और वो भी कैंसर विशेषज्ञ होने के नाते परामर्श भी लेना है।

4.

ट्रेन द्रुत गति से दौड़ी चली जा रही थी। डिनर के लिए अपर बर्थ वाले यात्री नीचे आ गए थे । डिनर समाप्ति के बाद थोड़ी अनौपचारिक गपशप के बाद वे अपनी बर्थ पर चले गए और शीघ्र सो गए। 

मैंने जब बिस्तर बिछा लिया और सोने की तैयारी करने लगा तब कोच अटेंडेंट आइस्क्रीम लेकर आया। अपर बर्थ वाले के लिए आइसक्रीम उसके तकिए के पास रखकर चला गया। आवाज़ भी दी परंतु वह सो चुका था। आइस्क्रीम खाकर मैंने भी आँखें बंद कर लीं और मोबाइल में जगजीत जी की गज़लें सेलेक्ट कर और कान में इयरफोन लगाकर ग़ज़ल सुनते हुए सोने की कोशिश करने लगा।

'नींद से मेरा ताल्लुक ही नहीं बरसों से 
ख्वाब आ आ के मेरी छत पे टहलते क्यूँ हैं' 

और सचमुच नींद आ गई। 


सबेरे खिड़की के बाहर रोशनी से करीब पांच बजे मेरी नींद टूटी। छह बजे तक ट्रेन नई दिल्ली पहुँचने वाली थी।  

मैं फ्रेश होने के लिए उठा। पांव फ़र्श पर रखे। पांव चप्पल में चिपकने लगे। फ़र्श पर कोई चिपकने वाला पदार्थ फैला हुआ था। मन भिन्ना उठा। कुछ देर लगी मामला समझने में। हुआ यह था कि ऊपर वाले यात्री के लिए उसके सिरहाने रखी आइस्क्रीम नीचे गिर गई थी। उसे इस बात की ख़बर भी न थी, और वह बेख़बर सो रहा था। 

आयुषी (भगिनी मुझे रिसीव करने आने वाली थी। मैंने उससे कह रखा था आराम से आए। सबेरे हड़बड़ा कर उठने की आवश्यकता नहीं। मैं एक दो घंटे प्लेटफार्म पर ही प्रतीक्षा कर लूंगा। उसने हामी तो भरी थी। परन्तु उसने फोन कर बताया कि वह प्लेटफार्म पर खड़ी है। ज़िंदगी में शायद पहली बार वह इतना सबेरे उठी थी। उसको देखते ही मैंने पूछा, "बहुत सबेरे उठना पड़ा तुम्हें"
उसने कहा, "पहली बार सूर्योदय देखा मैंने"
हम हँस पड़े। 
फिर उसने पूछा, "यात्रा कैसी रही?"
मैंने चुटकी ली, "पटना से चलते वक्त झटपट और दिल्ली पहुंचने पर चट चट"

फिर आइस्क्रीम वाली घटना उसे सुनाई। तभी गिन्नी (बहन) का फोन आ गया। उसने पूछा, "बेटा, मामा को रिसीव करने स्टेशन गई हो न?"
उसने कहा, "हां मम्मी, मामा आ गए, उनकी यात्रा काफ़ी मीठी रही"

आयुषी के घर पर सबेरे का नाश्ता हुआ। एक दो घंटे आराम करने के बाद वह मुझे कार्यक्रम स्थल -नोएडा के होटल 'गोल्डन ट्री' छोड़ आई और दूसरे दिन प्रोग्राम सुनने के लिए आने का वादा कर चली गई। 

5.

अब आज का पूरा दिन मेरे हाथ में था। डॉक्टर पाई शाम की फ्लाइट से आने वाले थे। मेरे साथी नवीन ने दोपहर जगदीप के घर पर मिलने का कार्यक्रम बना डाला। वहीं निर्मल और शशिभूषण भी आने वाले थे। ये सभी मेरे इंटर के साथी हैं और अपने अपने क्षेत्र में शीर्षस्थ पदों से रिटायर हुए हैं। शशिभूषण से पचास सालों बाद मुलाकात होनी थी इसलिए मैंने इस कार्यक्रम को तुरंत मंजूर कर लिया था। जबकि मुझे होटल में रुककर आराम करने की और कल के प्रोग्राम के लिए थोड़ा रियाज़ कर लेने की आवश्यकता थी। पर दोस्ती से बढ़कर कुछ नहीं और वह भी युवावस्था की दोस्ती। यदि मिलने नहीं जाता तो वे कह सकते थे,

'हम दोस्ती अहसान ए वफ़ा भूल गए हैं
जिंदा तो हैं जीने की अदा भूल गए हैं'

मुझे आश्चर्य है कि इस ग़ज़ल को छोड़कर जगजीत सिंह की एक भी ग़ज़ल ऐसी नहीं जो दोस्ती के महत्व को दर्शाती हो। जो भी ग़ज़लें हैं वह दोस्तों से मिले धोखा को बयां करने वाली या मिटाने वाली हैं।"दोस्त बन बन के मिले मुझको मिटाने वाले" या "दोस्ती जब किसी से की जाए, दुश्मनों की भी राय ली जाए" कुछ ऐसी ही ग़ज़लें हैं जो दोस्तों से राब्ता बढ़ाने में सतर्कता और नसीहतें ही देती हैं।

पर हमारे दोस्त ऐसे नहीं। बचपन की दोस्ती गहरी होती है। इगो नहीं रहता। भले ही जीवन में वे कितनी ऊंचाइयां हासिल कर लें। उनकी उपलब्धियां और ऊंचाइयां फ़ख्र की बात होती है, ईर्ष्या की नहीं। ईर्ष्या कार्यस्थल की दोस्ती में अमूमन देखी जाती है, वो भी प्रमोशन के वक्त। प्रोन्नति पाते ही वे अपने छूटे हुए साथी से दूरी बना लेते हैं। ज़िंदगी के इसी दौड़ को चूहे की दौड़ की उपमा दी गई है। मुझे ख़ुशी है कि मैं इस दौड़ में कभी शामिल न रहा। जगजीत सिंह भी इस तरह की प्रतिस्पर्धा से हमेशा दूर रहे। 

इसलिए आज जिन दोस्तों से मुझे मिलना है उनके लिए गर थोड़ा रियाज़ न कर पाया तो भी कोई मलाल नहीं। मिलना जुलना ज़्यादा महत्वपूर्ण है न कि अपनी प्रस्तुति। वैसे भी संगीत में उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं।

'मिलना जुलना जहां जरूरी हो
मिलने जुलने का हौसला रखना'


कल ही JSCS फैंस क्लब की एक माननीया सदस्या मनप्रीत जी का आत्मीय निमंत्रण मिला। शाम को सात बजे होटल बाबूचा में उन्होंने पार्टी रखी है। गिने चुने लोगों को उन्होंने बुलाया है। चुनिंदा लोगों में उन्होंने मुझे भी शामिल किया है यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है क्योंकि एक तो मैं सुदूर प्रदेश का रहने वाला हूँ और दूसरे इस क्लब के सदस्य होने के अलावे हमारे बीच कोई विशेष राब्ता भी नहीं। फिर ये अपनापन कैसा ? यह अपनापन रूहानी है। वैसा ही जैसा मोनिका जी के साथ मेरा बन गया था।

दोस्तों से मिलने और शाम बाबूचा में मनप्रीत जी की पार्टी से वापस 'गोल्डन ट्री' में आते आते रात के बारह बज गए। मनप्रीत जी ने एक दिन पहले हुए अपने जन्मदिन की पार्टी उस दिन रखी थी। उस दिन मधुलिका जी का भी जन्मदिन था। वे मुंबई से आईं थीं और मिठाइयां लेकर आईं थीं। हमलोगों ने ख़ूब एंजॉय किया। गाने का दौर चला। डॉक्टर पाई न आ सके इसका मलाल रहा। वे दस बजे होटल पहुंच चुके थे और यात्रा की थकान से शीघ्र सोने चले गए। मेरे लिए उन्होंने कमरे का दरवाज़ा खुला रख छोड़ा था।
मेरे आने की आहट से उनकी नींद खुल गई और उन्होंने मेरा अभिवादन किया।

दूसरे दिन सबेरे छ बजे मैं, डॉ पाई और श्री मनोज जो बगल के कमरे में ही ठहरे थे, मॉर्निंग वाक पर निकले। सबेरा हो चुका था पर स्ट्रीट लाइट अभी बुझी नहीं थीं।हमें जगजीत जी की एक नज़्म याद आई,

'शहर की रात और मैं, नाशाद-ओ-नाकारा फिरूँ
जगमगाती जागती, 
सड़कों पे आवारा फिरूँ
ग़ैर की बस्ती है, कब तक दर-ब-दर मारा फिरूँ
ऐ ग़म-ए-दिल क्या करूँ, 
ऐ वहशत-ए-दिल क्या करूँ'

सड़कों पर आवारा खुले कुत्ते दिखे। वे हममें खौफ़ पैदा कर रहे थे। हम नज़्म भूल गए और कुत्तों से बचते हुए वापस होटल में आ गए। 

हमारे सामने के ही कमरे में अनु जी और नज़मा ठहरी हुईं थीं और तीन चार कमरे के बाद शीलू जी। खिलखिलाने और हँसने की आवाज़ से हमने दरवाज़ा खोला तो देखा तीनों गले मिल रहे। ये तीनों एक दूसरे से पहली बार मिल रहीं थीं। हम सभी की भी एक दूसरे से मुलाक़ात सबेरे ही हो गई। 

मैं नज़मा से पहली बार मिल रहा था। अनु जी से बैंगलोर में और शीलू जी से पहले समारोह में मिल चुका था। भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े होने से मुझको नज़मा से कुछ विशेष स्नेह है। आज के समारोह में मुझे उनके साथ डुएट की प्रस्तुति करनी थी। साज़ और आवाज़ का संगम। प्रोग्राम के फॉर्मेट के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी को दो युगल (डुएट्स) और एक एकल (सोलो) प्रस्तुति देनी थी। डुएट में पार्टनर का चुनाव एक अपनी चॉइस से और दूसरा लॉटरी से होना था। नज़मा को मैं धन्यवाद देता हूँ कि उन्होंने अपनी डुएट के लिए मुझे चॉइस पार्टनर चुना। डॉक्टर लवलेश जी लॉटरी द्वारा चयनित मेरे दूसरे डुएट की पार्टनर थीं। ये दोनों ग्रुप की बेहतरीन गायिका हैं। 

नज़मा और हमने अपनी डुएट के लिए ग़ज़ल चुनी थी,
'चराग़ ए इश्क़ जलाने की रात आई है 
किसी को अपना बनाने की रात आई है' 

इसी तरह डॉ लवलेश जी के साथ की ग़ज़ल थी,
'गुमसुम ये जहाँ है 
हमदम तू कहाँ है 
गमज़दा हो गई ज़िन्दगी 
आ भी जा'

हमने ग़ज़ल के हिस्से को बाँट लिया था। एक अंतरा मुझे बजाना था तो दूसरा उन्हें गाना था। मुखड़ा दोनों साथ या बारी बारी से। 

मैंने नज़मा से पूछा, 'पूरी तैयारी है न?'
उन्होंने कहा, 'जब आप साथ हैं तो मुझे क्या चिंता?'
सच्चाई यह थी कि नज़मा के साथ रहने से मुझे भी कोई चिंता ना थी। मुझे मालूम था कि गड़बड़ी होने पर भी उनकी मँजी गायकी पूरी प्रस्तुति को सँभाल लेगी। यही बात डॉ लवलेश जी के साथ भी थी। मुझसे चूक होने पर संभालना वे भलीभांति जानती थीं। स्टेज पर परफॉर्म करते वक़्त ये सब बातें बहुत मायने रखती हैं और इन कलाओं में मेरी दोनों जोड़ीदार निपुण थीं।

सुबह नौ बजे कार्यक्रम का आग़ाज़ हुआ। मंच संचालन का काम प्रदीप गोगना, शीलू जी और मनप्रीत जी ने संभाला। आगाज़ के पहले डॉक्टर पाई ने मोनिका जी के बारे में दो शब्द कहे और हम सब ने दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। शाम छ बजे कार्यक्रम की समाप्ति हुई। सभी प्रतिभागियों ने समां बांध दिया। 
मैंने अपने सोलो परफॉरमेंस में सैक्सोफोन पर जावेद अख़्तर की ये ग़ज़ल  बजाई,

'तुम बैठे हो लेकिन जाते देख रहा हूँ
मैं तन्हाई के दिन आते देख रहा हूँ

आने वाले लम्हे से दिल सहमा है
तुमको भी डरते घबराते देख रहा हूँ'

अगले दिन मैंने धनबाद के लिए ट्रेन पकड़ ली। इस बार भी दुरंतो एक्सप्रेस थी जो बीकानेर से गया-धनबाद होते हुए सियालदह जाती है। इस बार भी जूते में आइसक्रीम गिरने की घटना हुई पर सामने वाले बर्थ के यात्री के साथ। आइसक्रीम की चट चट से वो थोड़ा परेशान था। ए सी कम्पार्टमेंट में भी ना जाने कहां से मक्खियाँ आ गईं।

मुझे जगजीत जी का वो मशहूर पंजाबी टप्पा याद आ गया,

"तुसी रोज़ नहाया करो, 
मक्खियाँ तों डरदे हो, 
गुड़ थोड़ा खाया करो..."

इस तरह उलझनों में भी जगजीत जी की ग़ज़लों, नज़मों और पंजाबी टप्पों ने हमारा साथ निभाया है।

दूसरे दिन सुबह सही सलामत मैं अपने घर पहुँच गया। कुछ दिनों आराम करने के बाद फिर वही कोलकाता और अस्पताल का चक्कर शुरु होगा ;

'जीवन क्या है चलता फिरता एक खिलौना है 
दो आँखों में एक से हँसना एक से रोना है'

कुछ महीने बाद हम  2027 के समारोह की भी परिकल्पना में जुट जायेंगे। यह यात्रा अनवरत चलती रहेगी जबतक हमारी सांसें चलती रहेंगी।

'तन्हा-तन्हा हम रो लेंगे, महफ़िल-महफ़िल गायेंगे
जब तक आंसू पास रहेंगे, तब तक गीत सुनायेंगे'
.......

33. ज़िन्दगी धूप तुम घना साया

33. **ज़िन्दगी धूप तुम घना साया*

 _(जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब (JSCSFC) का  प्रथम वार्षिक मिलन समारोह)_ 
 

JSCSFC ने अब तक अपने दो वार्षिक मिलन समारोह आयोजित किए हैं। यह मेरा सौभाग्य है कि परिस्थितियाँ प्रतिकूल होने के बावजूद दोनों मिलन समारोह में मैं भाग ले पाया। प्रथम मिलन समारोह 09.03.2024 को नोएडा में सम्पन्न हुआ था। इस समारोह की थीम पंक्तियाँ (शायरी) थी 'ज़िन्दगी धूप तुम घना साया'

उस दौरान मेरा पुत्र अस्वस्थता के कारण बैंगलोर के अस्पताल में भर्ती था। दो दिन पहले ही उसे डिस्चार्ज किया गया था और मेरा मन निश्चिन्त हुआ था। उसी ने मुझे महफ़िल में शरीक होने के लिए प्रेरित किया और हवाई टिकट भी कटा दिया। मैं भी उन दिनों अपनी आवाज़ की कर्कशता (hoarseness) से परेशान था इसलिए मैंने समारोह में गाने के बजाय वाद्य यन्त्र बजाने का निर्णय लिया था।

मेरा विमान जब दिल्ली एयर पोर्ट पर उतरा लगभग उसी समय डॉ चंद्रशेखर पाई साहब का भी विमान दूसरे टर्मिनल पर उतरा।  हम दोनों हवाई अड्डे पर ही एक दूसरे से मिले। यह हमारी प्रथम मुलाक़ात थी। नोएडा के होटल में भी हमदोनों एक ही कमरे में ठहरे। उनसे हुई मित्रता मेरे जीवन के आनंददायक क्षणों में एक है।  

उसी कार्यक्रम में ग्रुप की एक सदस्य मोनिका मेरी बहन बनी थी जो pancreatic कैंसर से अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन दिनों भी उनके शरीर में कैंसर अवश्य बैठा होगा पर उन्हें मालूम ना था और वे समारोह में खिलखिलाती चहकती गीत गाती सबसे मिलते नज़र आ रहीं थीं। 

समारोह समाप्ति के बाद मैंने अपनी प्रतिक्रिया इस तरह व्यक्त की :

 *बज़्म ए ग़ज़ल* 
 

नौ मार्च चौबीस की तारीख़
बन गई तवारीख़ 

जमा हुए कुछ लोग 
लगा था जिनको ग़ज़लों का रोग
जगजीत के सब थे दीवाने
गाते थे उनकी गज़लें और गाने
नामों से इक दूजे के वाकिफ़ थे
पर आपस में थे अनजाने

पहले कभी नही मिले थे
झिझक थी और होंठ सिले थे 
पर मिलने की ख्वाहिश से
दिल सबके खिले थे

चल पड़े सब दिल्ली
किसी ने "बूट्स"* छोड़े 
तो किसी ने अपने घर बिल्ली
किसी ने ट्रेन पकड़ी 
किसी ने हवाई जहाज
कोई कल ही आ गया 
कोई आ रहा आज

सबके मन में था उल्लास
प्रिय डॉक्टर रहते थे डल्लास (Dallas)
उनसे मिलना था एक आकर्षण 
और भी समारोह में थे आभूषण 

सबको पहुंचने की जल्दी थी पड़ी
आख़िर आ गई वो शुभ घड़ी
सब मिले ऐसे
बरसों से इक दूजे को जानते हों जैसे

*Boots डॉ पाई के pet का नाम है

*Part 2*

भूषण जी नाम के अनुरूप थे
बुलंद आवाज़ और सधे हुए अनूप थे

आग़ाज़ हुआ जलाकर दीप
सूत्रधार बन गए प्रदीप

जला कर आंखों के दीए
दीपक जी ने मन मोह लिए

महफिल की रौनक थी शीलू
बरसों से ख्वाहिश थी उनसे मिलूं

गाते वक्त शीलू थोड़ा भावुक हो गई
चित्रा जी की मानो दुआ मिल गई

समा बांधा हरमीत ने
दिल जीत लिया मनप्रीत ने

हरमीत ने पलटे जिंदगी की किताब के पन्ने
अच्छा लगा जब लगे इश्क की बात कहने

"मुझसे करता था मिलने के बहाने कितने"
मनप्रीत जी की गायकी के क्या कहने

जब आए मंच पर प्रिय पाई
क्या ख़ूब उन्होंने ग़ज़लें गाई

रिश्ते निभाना कोई सीखे उनसे
दिल उनका खुली किताब हो जैसे

प्रदीप ने बेहतरीन गाई गजलें
मन हुआ उन्हें बाहों में भर लें

खामखा डरी, छा गई मोनिका
कितनी मधुर थी सोनिका

शिप्रा ने गाया "ये क्या जाने में जाना है"
सबने उनका लोहा माना है

कितना सुंदर गाते हैं मनोज
उनकी वाणी में है ओज

पूनम ने कर दी आंखें नम
रश्मि जी भी कहां थीं कम

सुधांशु ने बजाया मेलोडिका
खूबसूरती से साथ निभाई तूलिका

प्रफुल्ल से मन हुआ प्रफुल्लित
मृदुला ने कर दिया मन मुदित

आहलुवालिया जी के गीत
ने लिए हमारे दिल जीत

महफिल होने न दी फीकी
जब मंच पर आईं निक्की

मंजू का मंजुल गान
बढ़ा दिया महफिल की शान

नवीनता में नई बात थी
तारीफ है उनके जज़्बात की

आलोक ने दी गुंचा ओ शबनम की सौगात
दीपा ने छेड़ी रात फूलों की बात

लवलेश ने छेड़ा मधुर सरगम
"पत्थर के खुदा पत्थर के सनम"

जगजीत जी से समीपता बता बेदी सर मुड़ गए
"गरज बरस" में सीधा जित्ती भैया से जुड़ गए

सूर्यकांत जी विशिष्ट थे
विपिन भी उत्कृष्ट थे

जब मंच पर आए संजय फड़के
सबके दिल धड़के

क्या खूब छेड़ा उन्होंने तराना
महफिल लूट ली कर के सबको दीवाना

आशीष ने लाए दिन शबाब के
झूम उठे लोग बिन शराब के

इस मिलन के प्रणेता भी हैं आशीष
जिनके सम्मुख हम नवाते शीश

उतरती नहीं मिलन की खुमारी
अगले समारोह की अब करें तैयारी

गर अगला समारोह हो सके "सून"
हम सभी चलें फिर देहरादून!

32. जुड़ना जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब से

32. *जुड़ना 'जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब' से*

2013 में Android phone में एक म्यूजिक एप्प आया जिसका नाम 'Sing कराओके' था, बाद में इसको ही 'Smule - The Social Singing App' नाम दिया गया। प्लेस्टोर से इसे मोबाईल में डाउनलोड किया जा सकता है। 

मैंने पाया कि इस एप्प में मेरी पसंद के कई गानों के ओरिजनल ट्रैक उपलब्ध हैं। मेरी ख़ुशी का ठिकाना ना रहा। मैं इस एप्प में गाने लगा। इसमें वीडियो और ऑडियो दोनों रिकॉर्ड किए जा सकते थे साथ ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ डुएट भी गाए जा सकते थे। ज़्यादातर गाने मैंने जगजीत जी के ही चुने पर सारे सोलो ही होते। 

मेरे किसी गीत पर श्री आशीष व्यास जी की नज़र पड़ी और उन्होंने मुझे अपने ग्रुप से जोड़ लिया जिसका नाम जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैंस क्लब या लघु रूप में JSCSFC है। वे इस ग्रुप के एडमिन हैं। इस ग्रुप में देश विदेश से जगजीत सिंह के प्रेमी जुड़े हुई हैं।

मैं ठगा सा रह गया जब मैंने देखा कि ग्रुप के सभी सदस्य एक से बढ़कर एक प्रतिभाशाली गायक हैं और जगजीत जी की गज़लों को निभाने में जिनका कोई सानी नहीं। कई ऐसे सदस्य हैं जो निश्चित रूप से मुझसे भी ज़्यादा जगजीत जी के प्रति दीवानगी रखते हैं। मोनिका पापनेजा ऐसी ही एक सदस्य थीं जिनका smule आईडी madabtjagjit था। पूछने पर उन्होंने इसका फुल फॉर्म बताया था Mad about Jagjit.

 __मुझको था ये ग़ुमाँ के मुझी में है इक अना_ 
 _देखी तेरी अना तो मुझे सोचना पड़ा__ 

कई ऐसे सदस्य हैं जिनको जगजीत जी का सान्निध्य मिला या जिन्हें उनके लाइव प्रोग्राम देखने का व्यक्तिगत अनुभव है। इन अनुभवों को ग्रुप के सदस्य यदाकदा ग्रुप में साझा करते हैं जिससे जगजीत जी के कई पहलुओं के बारे में जानकारी मिलती है। मैंने यथासम्भव उन सभी के नाम इस पुस्तक में लिखने की कोशिश की है जिनसे जगजीत जी के बारे में मुझे कोई विशेष जानकारी मिली।

इस ग्रुप के सदस्यों से परिचित होना जीवन की बहुत बड़ी उपलब्धि है परन्तु कुछ सदस्यों से व्यक्तिगत जुड़ाव और अंतरंगता पूर्व जन्म का रिश्ता ही कहा जा सकता है। इनमें पाऊंटा साहब के श्री अनूप शर्मा जिनके साथ सबसे अधिक गाने मैंने गाए,  चंडीगढ़ की श्रीमती शीलू आनंद जो बेहद सुरीली हैं और जिनके साथ गाने का कोई भी अवसर मैं नहीं चूकता,चंडीगढ़ के ही बेहतरीन और सधे हुए गायक श्री विपिन शर्मा और श्री प्रदीप गोगना, बैंगलुरु की श्रीमती अनु जिन्होंने चित्रा सिंह की ग़ज़लें गाने में महारत हासिल की हैं और बंगलुरु के ही श्री मुरली जिनसे इस बार बैंगलुरु प्रवास के दौरान मुलाक़ात हुई, देहरादून के श्री भूषण पंत, मुंबई के श्री मनोज होलकर और मुंबई की ही बेहद टेलेंटेड श्रीमती मधुलिका केसरी,नोएडा की डॉक्टर लवलेश पुरुषोत्तम, गुवाहाटी की सुरीली और SBI में कार्यरत श्रीमती नज़मा अहमद, इलाहाबाद की विनती सेठ और गोवा के डॉक्टर विनय कामत प्रमुख हैं। 

मेरा भी एक देवता है 

हर व्यक्ति का कोई न कोई आदर्श होता है
जिसके नक्शे कदम पर वह चलना चाहता है
कोशिश करता है
नकल करता है
छूना चाहता है
देखना चाहता है
देवता मानता है
पूजता है

कोई सान्निध्य सुख बयान करता है
तो कोई ऑटोग्राफ दिखाता है
कोई मिलने का वाक़या सुनाता है 
तो कोई तस्वीरें साझा करता है

मेरा भी एक देवता है
जिसने हर वक्त मेरा साथ निभाया है
अफ़सुरदा दिली में मुझे उबारा है
लंबे सफ़र में हमराही बनकर
आसान किया है रास्ता मेरा

भक्तों की इस भीड़ में  
पीछे हूँ बहुत मैं 
बस इतना ही कर पाता हूँ  
उनकी ग़ज़लें गाता हूँ
तस्वीरें बनाता हूँ 
उन्हें सोचता हूँ
ओढ़ता बिछाता हूँ 
उन्हें सुनते सुनते
सो जाता हूँ!
......

31. अलविदा जगजीत

31.  **अलविदा जगजीत **
(10.10.2011) 


ऐसा कुछ भी तो नहीं हुआ था
जैसा फिल्मों में होता है
न फोटो गिरा, 
न दीया बुझा
न लौ ही थरथराई थी आँगन में
न ही किसी परिन्दे के उड़ने की फड़फड़ाहट
देर तक गूँजी थी कानों में
न ही दिल धडका था मेरा
और न ही चिहुंक कर देखा था उसको 
जिसने यह ख़बर सुनाई थी
"जगजीत नहीं रहे"

रोज़ की तरह सूरज उगा था वक्त पर ही
उस दिन मीटिंग थीं ऑफिस में 
बस इतना याद है
प्रेजेंटेशन दे न पाया बढ़िया
अन्यमनस्क रहा था पूरी मीटिंग में

कई बार विद्यार्थी की परीक्षा
इसलिए खराब नहीं होती कि
उसने पढ़ाई नहीं की होती
बल्कि इसलिए भी वह फेल हो जाता
क्योंकि वह किसी तूफ़ान से गुज़र रहा होता

ऐसे ही एक तूफान से गुज़र रहा था मैं
स्याह दिन था मेरे लिए
तारीख थी दस अक्टूबर दो हजार ग्यारह 
और दिन सोमवार...,!!

30. ख़ूब निभेगी हम दोनों में

30. *ख़ूब निभेगी हम दोनों में* 
( _सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम, दिल्ली मे जगजीत सिंह का कंसर्ट_, _17.09.2011:_ 
 _संस्मरण_ )



रोज़मर्रा की रुटीन सी ज़िंदगी थी मेरी। इस ज़िन्दगी का आसमान कई महीनों से बिल्कुल साफ था। कहीं कोई बादल नहीं, हवा नहीं, पत्तियों की सरसराहट नहीं, हलचल नहीं।नीरस सी ज़िंदगी में कोई थ्रिल नहीं। दफ्तर-घर और घर-दफ्तर।

दूर दराज तक यात्रा की कोई सम्भावना नहीं दीख रही थी। अचानक भाई का फोन आया। साफ आसमान में बादल उमड़ने लगे। 
बोला, ‘जितनी जल्दी हो सके बोरिया-बिस्तर समेटो और बिना आगे-पीछे सोचे ट्रेन पकड़ो और दिल्ली चले आओ। बहुत जरूरी है। यहीं बातें करेंगे। सिर्फ एक दिन के लिए। कल आओ और परसों वापस चले जाना। मैं नहीं रोकूँगा।'

अचानक आए इस फरमान से मैं चौंक पड़ा था। उस वक्त मैं ऑफिस में काम में मशगूल था। मैंने अचरज से कहा, “ क्या.... ? सब ठीक तो है ? क्या कल ही पहुँचना होगा?”

मेरे चिहुँकने से अगल-बगल काम कर रहे मेरे कलीग सर उठा कर देखने लगे। मैं झेंप गया। धीरे से सॉरी कह कर मोबाइल कान में सटाए केबिन से बाहर चला आया।

भाई ने कहा, ’कुल चार पास मिले हैं। भाभी यहाँ हैं ही। तुम्हारे लिए भी ले लिया है.....वीआईपी पास है। कल किसी भी तरह आ जाओ। इतना बढ़िया मौक़ा फिर न मिलेगा’

मैं मुस्कुरा उठा। मैंने डिटेल्स जाननी चाही।
भाई ने बताया, ‘सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम, दिल्ली में जगजीत सिन्ह का लाइव कार्यक्रम है। हमारी कम्पनी उस कार्यक्रम की स्पॉंसरर है। बिल्कुल आगे की पास मिली है। रैडिशन होटल में फिर साथ डिनर भी होगा। यह स्वर्णिम अवसर फिर न मिलेगा। बस छुट्टी की कोशिश करो और चले आओ। ट्रेन ना मिले तो फ्लाईट ले लो।’

जगजीत सिन्ह का नाम सुन कर बाँछें खिल गई। मन छटपटाने लगा कि बॉस से कैसे छुट्टी माँगू? क्या कहूँ? कौन सी इमरजेंसी बताऊँ?  

बॉस को भी किसी ऑफिसियल काम से दिल्ली जाना था। फिर परिवार के किसी सदस्य की शादी में भी उन्हें सम्मिलित होना था। उनकी चार दिन की छुट्टी पहले से ही स्वीकृत थी। दिल्ली में होने वाली मीटिंग के लिए हम सभी डाटा अपडेट करने में व्यस्त थे। विवरणी तैयार कर उन्हें सौंपना था।

मैंने भाई से कहा, ‘देखता हूँ’ 
ऊहापोह की स्थिति में कुछ देर यूँ ही बैठा रहा। दोस्तों ने पूछा, “ क्यों? सब ख़ैरियत तो है?”
“भाई ने कल दिल्ली बुलाया है” मैंने गम्भीर होकर कहा। 

पुरानी परम्परा के अनुसार बॉस के कान तक बात पहुँचाने की आदत वालों की संख्या मेरे कार्यालय में भी पर्याप्त थी परंतु कभी-कभी इसका फायदा भी हो जाता है, इसका अनुमान न था।
बॉस इसी बीच किसी डेस्क से रिपोर्ट माँग बैठे थे। उस रिपोर्ट का एक भाग मैं तैयार कर रहा था। किसी ने उन्हें कह दिया था कि मैं उलझन में हूँ पर यह कोई जान न पाया कि मसला क्या है? तभी बॉस ने मुझे बुलाया।
”क्यों, रिपोर्ट तैयार हो गई?’
“ सर, केवल एक घंटे का काम रह गया है”
“देखो, मुझे जल्दी चाहिए। शाम सात बजे की फ्लाइट है मेरी”
”जी अच्छा” 
“तुम्हें कोई परेशानी है?”
“हाँ...नहीं... सर”
”अरे..हाँ..नहीं का क्या मतलब? तिवारी बोल रहा था कि किसी फोन के आने के बाद से तुम परेशान हो गए हो”
“जी सर। भाई का फोन आया था दिल्ली से। कल ही बुलाया है। सिर्फ एक दिन का ही काम है। कह रहा था परसों लौट जाना.“
“इसका मतलब तुम्हें दो दिन की छुट्टी चाहिए....कल और परसों। क्यों?”
“जी सर”  
“जाओगे कैसे? रिजर्वेशन ले लिया है ?”
“नहीं सर, अभी अभी तो फोन ही आया। इंटरनेट में चेक कर लेता हूँ। बर्थ मिल जाएगी तो आरक्षण ले लूँगा अन्यथा भाई को मना कर दूँगा”
“जाओ जल्दी देखो। वरना आज का आरक्षण मिलने में दिक्कत हो सकती है। नहीं तो सम्पर्क अधिकारी से कहकर फ्लाईट की टिकट ले लो। न जाने कौन सी इमरजेंसी होगी भाई को। समय पर पहुँच जाओगे और सब ठीक-ठाक मिलेगा तो तुम्हें भी चैन मिलेगा। फिर चिंतामुक्त होकर काम करोगे। 
पर छुट्टी तभी स्वीकृत होगी जब रिपोर्ट मुझे तैयार मिलेगी।”

”जी अच्छा सर”  कह कर मैं केबिन के बाहर आया। जल्दी से आईआरसीटीसी साइट खोला और पटना से नई दिल्ली की ट्रेनें देखने लगा। सारी सीटें फुल हो चुकी थीं। एसी थ्री, एसी टू और फिर स्लीपर। तत्काल में भी नहीं। फिर फ्लाईट.. पर उसी दिन के लिए फ्लाइट का भाड़ा वहन करने की क्षमता मेरे वैलेट में नहीं थी। मुझे वे प्रेमी याद आए जो अपनी प्रेमिका से मिलना तो चाहते थे पर ज़ेब में रिक्शा भाड़ा के पैसे नहीं होने पर मिल नहीं पाए। 

मेरी साँसों में समाया भी बहुत लगता है,
वही शख्स पराया भी बहुत लगता है
उससे मिलने की तमन्ना बहुत है,
लेकिन आने जाने में किराया भी बहुत लगता है

सम्पर्क अधिकारी से मिला। उन्होंने पूछा, “ऑफिसियल विजिट है?”
मैंने कहा, “जी नहीं, पर्सनल”
“तब तो मुश्किल है”
“देखिए, बडे हाकिमों के लिए आप टिकटें लेते ही रहते हैं. ज़रा एजेंट से बात कर के तो देखिए”
“ऑफिसियल रहता तो राजधानी से फर्स्ट क्लास में करवा देता। आपको दिल्ली पहुँचने से मतलब है। बोलिए किसी भी ट्रेन में स्लीपर में कोशिश करूँ?”
भागते भूत की लंगोटी सही। मैंने हामी भर दी।
उन्होंने मेरे सामने किसी एजेंट से बात की।
फिर रिसीवर पर हाथ रखकर कहा, 
“एक बर्थ खाली है"

सम्पर्क अधिकारी (Liaison officer) ने कहा,
'आप किस्मत वाले हैं। पर ट्रेन अच्छी नहीं है। काफ़ी स्टॉपेज हैं फिर भी गिरते-पड़ते दिल्ली पहुँच ही जायेंगे. ‘ना’ से ‘हाँ’ भला। बोलिए ‘हाँ’ कह दूँ ?”
और मेरे कुछ कहने के पहले ही उन्होंने मेरा नाम बोल कर कह दिया, “कर दो” 
फिर कहा, “जाइए काम कीजिए। आपके मोबाइल पर सूचना आ जाएगी”

अपने विभाग में आते-आते मेरे मोबाइल पर आरक्षण की सूचना आ गई। 

ट्रेन शाम छ बजे थी। विक्रमशीला एक्सप्रेस। कोच नम्बर एस आठ, बर्थ बहत्तर यानी साइड अपर। किसी भी बॉगी का अंतिम बर्थ। बिल्कुल दरवाज़े के पास या यूँ कहूँ कि टॉयलेट के पास। आँखों पर हर वक्त चमकती बत्ती। हर पाँच मिनट पर लोगों का टॉयलेट आना जाना। पायदान के पास खैनी (तम्बाकू) मसलते सिपाही। पूरी रात दरवाज़ों का खुला रहना ताकि हर स्टेशन पर यात्री चढ़ उतर सकें। इतनी परेशानियों के बाद भी एक तसल्ली थी ....एक सुकून कि दिल्ली पहुँचने के बाद जो सुख मिलने वाला है वह अलौकिक होगा।

मैंने बॉस को रिजर्वेशन मिल जाने की सूचना दे दी। फिर दो दिनों के अवकाश का आवेदन भी उनके सम्मुख रख दिया। उन्होंने कहा,
‘रिपोर्ट का क्या होगा? अभी दो बजे हैं, चार बजे तक रिपोर्ट मुझे दे दो।  तुम्हारी ट्रेन तो छ बजे है.’’
मैंने कहा, ‘जी अच्छा सर”

मैंने साढ़े तीन बजे उन्हें रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट बनाने में जो तन्मयता मैंने दिखाई वैसी शायद ही पहले कभी हुई थी। उन्होंने मेरी छुट्टी स्वीकृत कर दी। चार बजे वे चले गए। हम सभी ने खड़े होकर उन्हें “हैपी जर्नी” कहा। उन्होंने मुझे “बेस्ट ऑफ लक” कहा। ऑफिस की गाड़ी उन्हें घर तक फिर घर से एयरपोर्ट तक छोड़ आई। 

मैं भागा-भागा घर आया। जल्दी से एयर बैग उठाया। एक दो कपड़े डाले। टूथ पेस्ट, ब्रश और शेव करने का किटबैग रखा और पटना की बदहाल सड़कें और भीषण रोड जाम पार करता हाँफता हुआ पटना स्टेशन प्लैटफॉर्म नम्बर चार पर आ खड़ा हुआ।

भाग 2

करीब आधे घंटे विलम्ब से विक्रमशीला एक्सप्रेस मुँह फुलाए, थकी-हारी पटना जंकशन पहुँची। भागलपुर से आने में बिचारी थक गई थी। अब दिल्ली पहुँचने में कहीं दम न तोड़ दे। 

मेरे बर्थ पर पहले से एक रेलवे पुलिस का जवान विराजमान था।मैंने उससे कहा, “भाई साहब यह मेरी आरक्षित बर्थ है, कृपया खाली करें।”
दो मिनट तक वे मुझे घूरते रहे, जैसे मैंने उनकी जायदाद मांग ली हो, फिर बड़ी बे-अदबी से कहा, “मैं कहाँ कह रहा हूँ कि यह आपकी बर्थ नहीं है।आ जाइए ऊपर। बस मुझे बक्सर तक ही जाना है। उसके बाद जी भर कर सोइएगा।”

बडी हुज्जत हुई। आखिरकार मैं उन्हें नीचे उतारने में सफल रहा। बर्थ पर मूँगफली के छिलके भरे हुए थे. मैंने उनसे कहा,“यह कौन साफ करेगा?”
वे पिनक गए। बोलने लगे, ‘अब रेलवे की सफाई का मैंने क्या ठेका ले रक्खा है?’ मैं जब किउल स्टेशन पर चढ़ा था तभी से ये छिलके थे वहाँ पर’
‘तो क्या आप उन छिलकों पर ही पसर गए, धन्य हैं महाराज आप। ग़लत शेर है 'नींद तो दर्द के बिस्तर पर भी आ सकती है' 
होना चाहिए था, 
'नींद तो मूंगफली के छिलके पे भी आ सकती है, 
उनके आगोश में सर हो जरूरी तो नहीं'

फिर मैंने अख़बार से उन छिलकों को समेटा और डस्ट बिन ढूंढने लगा. बेसिन के नीचे कोई डस्ट बिन नहीं था। लोवर बर्थ के नीचे मैंने अख़बार घुसा दिया। फिर मैं अपनी बर्थ पर लेट गया। दिन भर की अफरा-तफरी से काफी थक गया था। जल्दी ही नींद आ गई।मेरे लिए सही शेर सही हो गया,

नींद तो दर्द के बिस्तर पे भी आ सकती है
उनके आगोश में सर हो ये जरूरी तो नहीं


पर इस ट्रेन को हर स्टेशन पर रुकने की आदत थी। यात्रियों के आवागमन से नींद बाधित होती रही। कभी जागा तो कभी सोया हुआ मैं जगजीत सिन्ह जी की गाई हुई गज़लें सोचता रहा।

नींद का मेरा ताल्लुक नहीं बरसों से
ख़्वाब आ आ के मेरी छत पे टहलते क्यों हैं

तभी किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकी। खोमचे वालों की चिल्ल-पों से पूरा प्लैटफॉर्म गुंजायमान हो उठा। 

मैंने मन ही मन कहा,

शबे फुरकत का जागा हूँ फरिश्तों अब तो सोने दो
कभी फुरसत में कर लेना हिसाब आहिस्ता आहिस्ता

इस तरह सोते-जागते और ख़यालों में गोता लगाते जब सबेरे की रोशनी कम्पार्टमेंट में फैली तो पता चला गाड़ी अभी मुगलसराय भी नहीं पहुँची है जबकि इस वक्त उसे अलीगढ़ या टुंडला पहुंच जाना चाहिए था। रात में कहीं रुकी, तो रुकी ही रही मानो कह रही हो,

ऐसे बिछड़े सभी रात के मोड़ पर
आख़िरी हमसफर रास्ता रह गया

ट्रेन पाँच घंटे विलम्ब हो गई। मेरा दिल डूबने लगा। कहीं मैं प्रोग्राम मिस न कर जाऊँ। भाई का फोन बीच-बीच में आता रहा। ‘कहाँ पहुँचे.. कैसे हो..आदि’। रहा-सहा आसरा भी ख़त्म हो गया जब कुछ देर बाद मेरे मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो गई। उस कम्पार्टमेंट में मोबाइल चार्ज करने के लिए कोई स्वीच बोर्ड नहीं था। मन मार कर लेटे रहने के सिवा कोई रास्ता भी तो नहीं था।

कैसे कैसे हादसे सहते रहे
फिर भी हम जीते रहे हँसते रहे

करीब पाँच बजे शाम को ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पँहुची। स्टेशन पर भाई ‘रिसीव’ करने के लिए मौजूद था। मुझे देख कर बोला, “कितना गंदा दिख रहे हो। क्या ऐसे ही वीआईपी पंक्ति में बैठोगे।”
मैंने कहा,'लोग ग़ज़ल सुनने आएंगे,मेरे कपड़े देखने नहीं'
'फिर रात में रैडिसन होटल में डिनर भी तो है ?'

भाई गुडगाँव में रहता है। वहाँ जाने का मतलब शो मिस करना था। प्लैटफॉर्म पर ही मैंने चेहरा धोया, बाल भिंगोए और कंघी की। पर यात्रा की थकान पूरी तरह हावी थी।
 
बिल्कुल निढाल, थका-हारा मैं स्टेशन से बाहर आया। मेरी पत्नी और भाई की पत्नी गाड़ी में पहले से ही बैठी हुई थीं। स्टेशन से हम सीधे सीरी ऑडिटोरियम पहुँच गए। दोनों महिलाएँ रास्ते भर हँसती रहीं कि जगजीत सिन्ह की दीवानगी हो तो ऐसी। मैं चुपचाप बैठा रहा, मेरी सुनने के लिए वे तैयार ही नहीं थीं...

दर्द अपनाता है पराए कौन
कौन सुनता है और सुनाए कौन

भाग 3

ऑडिटोरियम के बाहर अथाह भीड़ थी। एक जनसमुद्र था। हम वीआईपी गेट के पास पहुँचे, पास दिखाया गया पर गेट पर तैनात कार्यकर्ता ने दूसरे गेट की तरफ इशारा कर दिया। दूसरे गेट से जब हम अन्दर आए तो करीब हॉल के बीच में थे। पास तो सबसे आगे का था।

हॉल खचाखच भरा हुआ था। आगे की सभी सीटों पर लोग पहले से ही बैठे हुए थे। दिल्ली में सभी वीआईपी हैं। कोई किसी से कम नहीं। ईश्वर की कृपा से चार कुर्सियाँ खाली मिल गईं और हम सब मन मार कर बैठ गए।

कार्यक्रम शुरु होने का वक्त हो गया। पर लोगों के अन्दर आने का सिलसिला थमता ही नहीं था। 

लाल रंग की तारों से जड़ी झिलमिलाती साड़ी पहने एक खूबसूरत उद्घोषिका ने अपनी मोहक अदाओं और खूबसूरत शेरो-शायरी से श्रोताओं को लुभाने और संयमित रहने की भरपूर कोशिश की पर सैकड़ों की संख्या में खड़े लोगों के हो-हल्ला से वह शांति स्थापित करने में नाकाम रही। वे बैठने की जगह या टिकट के पैसे वापस माँगने लगे। साफ मालूम हो गया कि हॉल की क्षमता से कहीं अधिक टिकट या पास बाँट दिए गए हैं। 

तभी साजिन्दे स्टेज पर आ कर अपना वाद्य-यंत्र ठीक करने लगे। खूब हल्ला मचा कि पहले बैठने की व्यवस्था करो फिर कार्यक्रम शुरु करो। सीटियाँ बजने लगीं।

तभी जगजीत सिन्ह जी स्टेज पर आ पधारे। लगा जैसे कोई देवपुरुष अवतरित हुआ हो। उन्होंने स्थिति भाँप ली थी। बड़े ही विनम्र स्वर में कहा कि आप सभी बैठ जायें। कुछेक ने चिल्ला कर कहा, ‘कहाँ बैठे, यहाँ तो फ्री-फंड वाले पहले से ही कुर्सियाँ हथिया कर बैठे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘जनाब,आप स्टेज पर आ जाइए। बिल्कुल मेरे पास बैठ जाइए। कुर्सी की चिंता छोड़िए, गज़ल का आनन्द लीजिए’

पूरा हॉल तालियों से गड़गड़ाने लगा। बीस-पचीस व्यक्तियों को स्टेज पर जगह दे दी गई। 
तभी जगजीत जी ने पहली गज़ल गानी शुरु की,

तुमने बदले हमसे गिन गिन के लिए
हमने क्या चाहा था इस दिन के लिए

ज्यों ज्यों उनकी गम्भीर आवाज़ वातावरण में घुलने लगी, त्यों-त्यों लोग वशीभूत होते गए। मैंने साफ देखा, सच्चे ग़ज़ल प्रेमी जहाँ खड़े थे वहीं धीरे-धीरे बैठने लगे।जिनके हाथों में महँगे टिकट थे वे भी ऑडिटोरियम की सीढ़ियों पर बैठ गए।

कुछ ही देर में पूरा हॉल उनकी ग़ज़लों की मिठास में सराबोर हो गया। सुर-ताल की अद्भुत छटा दिलो-दिमाग पर तारी होने लगी। मैं सम्मोहित सा एकटक उनपर नज़रें गड़ाए स्वरों के उतार चढ़ाव में गोते लगाने लगा। ऐसा लगता था जैसे कोई ज़ख़्मों पर मरहम लगा रहा हो। चौबीस घंटे की यात्रा की थकान कपूर की तरह उड़ गई।

जगजीत जी ने तभी एक मशहूर गीत ‘तुमको देखा तो ये ख़्याल आया’ में श्रोताओं को भी साथ गाने के लिए कहा। हॉल में बैठे सभी श्रोताओं ने उनकी आवाज़ में अपनी आवाज़ मिलानी शुरु कर दी।

यह मेरा पसंदीदा गीत है। बगल में बैठे भाई ने कहा, “भैया यह गीत तो तुम भी गाते हो,गाओ न।”
मैंने अपना मुँह खोला,
“ज़िंदगी धूप तुम घना साया”.

एक-दो सीट आगे बैठे एक सज्जन ने गर्दन घुमा कर मेरी तरफ देखा। हॉल के अँधियारे में भी उनका चेहरा मुझे साफ दिखा। मेरा ख़ून सूख गया। मेरा मुँह 'घना' शब्द पर ही खुला रह गया। ‘साया’ बोल न सका। क्योंकि उनका घना 'साया' मुझे दिखाई दे गया था। फिर मैंने धीरे से भाई के कान में कहा, 
‘आगे मेरे बॉस बैठे हुए हैं’
उसने कहा, ‘कार्यक्रम ख़त्म होने पर उनके निकलने के पहले हम लोग निकल चलेंगे’

मैंने जेब से रुमाल निकाल लिया और अपना चेहरा ढँक लिया। उसके बाद बाकी ग़ज़लें मैंने आँखें बंद कर सुनी।

जगजीत जी की आख़िरी पेशकश अमूमन पंजाबी टप्पे “सोन दा महीना या लारी लप्पा ” होते हैं। इस टप्पे के आते ही बॉस उठे और परिवार सहित बिल्कुल मेरी बगल से होते हुए बाहर चले गए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद होने वाली भीड़ और गाड़ियों के जाम से बचने के लिए शायद वे पहले निकल गए। मैंने राहत की साँस ली।

कार्यक्रम समाप्त होते ही हम सब सीधा ग्रीन रूम पहुँच गए और जगजीत जी का दर्शन किया।

याद आए तो दिल मुनव्वर हो
दीद हो जाए तो नज़र महके

भीड़ में वे घिरे हुए थे। उनके बचाव के लिए कमांडो तैनात थे। शुरुआत में हुए व्यवधान से वे थोड़ा खीझे हुए थे इसलिए रैडिसन होटल में सामूहिक डिनर  से उन्होंने इंकार कर दिया। हमने श्री अभिनव चतुर्वेदी जी (तबला वादक) और श्री दीपक पंडित (वायलिन वादक) के साथ तस्वीरें खिंचवाई। किसी तरह हमने जगजीतजी की बाँहें छू लीं।

उसने छू कर मुझे पत्थर से फिर इंसान किया
मुद्दतों बाद मेरी आँख में आँसू आए

घर पहुँचते और खाना खाते डेढ़ दो बज गए। डाइनिंग टेबुल पर भी उन्हीं की चर्चा होती रही।

अंतिम भाग 

फिर मैं सोने चला गया। रात भर उन्हीं की ग़ज़लें दिमाग में घूमती रहीं।

रात भर सोचता रहा तुमको
ज़हनो-दिल मेरे रात भर महके

दूसरे ही दिन मैंने ट्रेन पकड़ ली और तीसरे दिन सदा की भाँति दस बजे कार्यालय में उपस्थित था। एक दिन बाद बॉस भी आ गए। बारी-बारी से सभी को बुलाकर उन्होंने तीन दिनों का लेखा-जोखा माँगा।मेरी बारी आने पर उन्होंने पूछा,
“कैसी रही दिल्ली की यात्रा ? वहाँ सब ठीक तो है?” 
मैंने जवाब दिया, “यस सर, सब ठीक है। जाना बहुत जरूरी था। जाने से भाई को अच्छा लगा और मुझे भी”
फिर मैंने पूछा,“आपकी मीटिंग कैसी रही?”
उन्होंने जवाब दिया,“मेरा प्रेजेंटेशन भी बहुत अच्छा रहा”
मैंने कहा, “बधाई हो सर”
थैंक्स कह कर वे गुनगुनाने लगे, 
'मेरा गीत अमर कर दो'। 

मैं भी मन ही मन जगजीतजी की ये ग़ज़ल गुनगुनाते हुए उनके चैम्बर से बाहर निकल आया,

“ख़ूब निभेगी हम दोनों में मेरे जैसा तू भी है
थोड़ा झूठा मैं भी ठहरा, थोड़ा झूठा तू भी है”

*************

29. मरासिम आँखों के आंसुओं से

29. *मरासिम आंखों से आंसुओं के

एक दिन यूट्यूब पर मैं जगजीत जी के बारे में शायर राणा सहरी का इंटरव्यू देख रहा था। राणा सहरी की कलम से बेहतरीन ग़ज़लें निकली हैं। इंटरव्यू में दो एक जगह शायर राणा जी की आंखों में आंसू आ गए और मुझे आश्चर्य हुआ कि मेरी आंखों में भी।

ये कमबख़्त आंसू। गाहे बगाहे छलक पड़ने को बेताब रहते हैं।  आंखों से इसके मारासिम काफ़ी पुराने हैं। किसी ने हल्का सा भी दिल छुआ नहीं कि जनाब छलक पड़े।

बशीर बद्र की ग़ज़ल का एक शेर है,
"उसने छूकर मुझे पत्थर से फिर इंसान किया,
मुद्दतों बाद मेरी आंख में आंसू आए"

जब जगजीत इस शेर को अपनी रूहानी आवाज़ देते हैं और शेर के बोल कानों के रास्ते रूह में उतरते हैं तो सचमुच आंखों में आंसू आ जाते हैं। कहना मुश्किल हो जाता है कि शेर ने आत्मा को छूआ या जगजीत जी की आवाज़ ने। सच्चाई जो भी हो पर इतना तो तय है कि जगजीत जी की आवाज़ से, उनकी तरन्नुम और कंपोजिशन से शेर के मायने हुबहू वही खुलते हैं जैसा शायर ने सोच कर लिखा होता है। 

कभी कभी ऐसा भी होता है कि शायर भी हैरत करता है कि जगजीत ने अपने गायन से वह बात कह डाली जैसा वह अपने शेर में उतने प्रभावशाली ढंग से न कह सके हों। 

इस संदर्भ में वसीम बरेलवी ने एक मज़ेदार उदाहरण दिया है। उन्होंने जगजीत जी की गाई हुई मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लें सुनने के बाद कहा, "यदि ग़ालिब ज़िंदा हो जाते और जगजीत जी की आवाज़ में अपनी ही ग़ज़लें सुनते तो मारे ख़ुशी के फिर मर जाते" 

मतलब ग़ालिब भी हैरत करते कि कोई उनकी ग़ज़ल को इतना सरल, सहज और मधुर कैसे गा सकता है कि वह सीधा दिल में उतर कर हृदय के उन तारों को छू जाए जो मस्तिष्क के रस्ते अश्रुग्रंथि से जुड़े होते हैं और जिससे आंसू निकल जाते हैं। 

यह छूना क्या है? ज़ाहिर है यह छुअन रूहानी है जिसे महसूस करने के लिए दिमाग़ नहीं धड़कते हुए दिल की ज़रूरत होती है। यानी वैसा दिल जिसमें स्पंदन हो, संवेदना हो और भावना हो वरना ऐसे भी लोग होते हैं जो दिल तो रखते हैं पर बेहद हिफाज़त से। वैसे दिलों पर भावनाओं का कोई असर नहीं होता। उनके लिए बशीर बद्र ने लिखा है,

बहुत से लोग दिल को इस तरह महफूज़ रखते हैं
कोई बारिश हो ये काग़ज़ ज़रा भी नम नहीं होता

जगजीत सिंह की ग़ज़लों का शायद ही कोई ऐसा प्रेमी होगा जिसने इस छुअन को महसूस न किया हो। इस छुअन से किसी की आंखों में आंसू आते हैं तो किसी की आंख नम हो जाती है।

महसूस किया तुम को तो गीली हुईं पलकें
भीगे हुए मौसम की अदा तुम तो नहीं हो

राणा सहरी बता रहे थे कि 1982 84 के दौरान वे अपने संघर्ष के दिनों में जगजीत साहब से मिलने गए। उनकी ख़्वाहिश थी कि जगजीत जी उनकी ग़ज़ल गाएं। जगजीत ने उनकी ग़ज़लें सुनी और कहा, "अपनी ग़ज़लें छोड़ जाओ, देखते हैं"

जगजीत जी ने अपने एल्बम A Sound Affair में उनकी एक ग़ज़ल कंपोज की और अपने स्वर में ढाला। 

कभी गुंचा कभी शोला कभी शबनम की तरह
लोग मिलते हैं बदलते हुए मौसम की तरह

कई सालों बाद मुंबई में उनका जगजीत जी से फिर मिलना हुआ। जगजीत जी ने उनसे कहा, "अमा यार, कितने दिनों से तुमको ढूंढ रहा हूँ। जाओ HMV के दफ़्तर, तुम्हारा चेक बनकर तैयार है।"

फ़िल्मी गीतों में गीतकारों को रॉयल्टी मिल जाया करती थी परंतु ग़ज़लों में शायरों को उनका हक़ मिलना संदिग्ध रहता है। इस बारे में सुनकर राणा की आंखों में आंसू आ गए कि जगजीत सबके हितों का कितना ख़्याल रखते थे। 

फिर एक घटना का ज़िक्र करते हुए कहते हैं कि दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में जगजीत जी का प्रोग्राम था। राणा सहरी भी हॉल में कहीं बैठे हुए थे। हॉल खचाखच भरा हुआ था। जगजीत जी गा रहे थे, 

कोई दोस्त है न रक़ीब है
तेरा शहर कितना अजीब है

सारे श्रोता ग़ज़ल में खो से गए थे। पूरे हॉल में सन्नाटा था। ग़ज़ल समाप्त होने के बाद तालियों की गड़गड़ाहट शांत होने पर जगजीत जी ने कहा, "इस ग़ज़ल के शायर भी इस हॉल में मौजूद हैं" और राणा की तरफ देखते हुए कहा, "राणा, खड़े हो जाओ"

राणा ने इंटरव्यू ले रहे कुलदीप देसाई ( जगजीत जी के सेक्रेटरी जो फिलहाल 'the jagjitarian' नाम का यूट्यूब चैनल चलाते हैं ) को कहा, "ऐसा बहुत कम होता है किसी भी शायर के साथ। इतना बड़ा सम्मान उन्होंने भरे हॉल में मुझे दिया। स्टेज से ही उन्होंने मुझे देख लिया था।"
यह कहते हुए उनकी आँखें छलक उठीं। 
और ठीक इसी वक्त मेरी भी।

मैं मां के साथ यह इंटरव्यू देख रहा था। मैं और मां आपस में इस बात की विवेचना करने लगे कि आखिर शायर की आँखें नम क्यों हो गईं?

मां ने कहा कि शायर भावुक होता है इसलिए। 
मैंने कहा, 
"हो सकता है पर राणा सहरी कोई मामूली शायर नहीं। माना कि जगजीत जी ने उनकी ग़ज़लें गाकर उन्हें इज़्ज़त बख़्शी। फिर भी, 

"मैंने ये कब कहा के मेरे हक़ में हो जवाब,
लेकिन मेरे नसीब में क्या है बता तो दे"

या 

"मेरे महबूब मेरे प्यार पे इल्ज़ाम न दे
हिज़्र में ईद मनाई है मुहर्रम की तरह"

या 

"मैं किसे कहूं मेरे साथ चल
यहां सबके सर पे सलीब है"

जैसे शेर लिखने वाला साधारण शायर कैसे हो सकता है ? यह उनकी सादगी और विनम्रता है जो वे अपने को बहुत ऊंचा शायर नहीं मानते। जगजीत जी में भी यही सादगी और विनम्रता थी। उन्होंने स्वयं अपने को कभी ग़ज़ल सम्राट नहीं माना। चित्रा जी भी कहती हैं कि जगजीत जी जैसा इंसान होना बड़ा कठिन है। 

ये आंसू तभी निकलते हैं जब दो सरल, सीधे सादे, विनम्र, ईमानदार एक दूसरे को छूते हैं। विनम्रता ही इसकी कसौटी है।

28. सब हवाएं ले गया मेरे समंदर का कोई

28. *सब हवाएं ले गया मेरे समंदर का कोई* 
( श्री जगजीत सिंह महल के बारे में ) 

सन 2002 में आई एस एम शाखा में पहली बार उन्हें देखा था। बैंक के किसी काम से वे मेरे कक्ष में आए थे। पासबुक में उनका नाम देखकर मैं मुस्कुरा उठा था। मैंने उनसे कहा, "आपका नाम और एक मशहूर ग़ज़ल गायक का नाम एक है।"
उन्होंने कहा था जगजीत सिंह के वे भी बहुत बड़े फैन हैं। अब तो जान पहचान और मिलना जुलना लाज़िमी था। जगजीत सिंह के दो प्रशंसक आमने सामने हों और आपस में दोस्ती न हो, ऐसा संभव न था।

वे मुझसे दस बारह साल बड़े थे पर मुझसे मित्रवत स्नेह रखते थे। हमारी घनिष्ठता बड़ी तेज़ी से बढ़ी। वे कोल इंडिया के बीसीसीएल के अधिकारी थे और मैं स्टेट बैंक का। हमारा एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हुआ और फिर साप्ताहिक अंतराल पर सांगीतिक बैठकी। वे भूपेंद्र सिंह और गुलज़ार के भी बहुत बड़े प्रशंसक थे और भूपेंद्र सिंह की ढेर सारी ग़ज़लों से मेरा परिचय कराया। भूपेंद सिंह की गाई हुई और गुलज़ार की लिखी उनकी पसंदीदा एक ग़ज़ल थी जिसे वे अक्सर मुझे सुनाते थे,

हवा गुज़र गयी पत्ते थे कुछ हिले भी नहीं 
वो मेरे शहर में आये भी और मिले भी नहीं

ये कैसा रिश्ता हुआ इश्क में वफ़ा का भला 
तमाम उम्र में दो चार छ: गिले भी नहीं 

इस उम्र में भी कोई अच्छा लगता है लेकिन
दुआ-सलाम के मासूम सिलसिले भी नहीं ll

वे तबला बहुत अच्छा बजाते थे और मुझे ग़ज़ल गाने का शौक़ था। बैंक दिवस पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने मेरी प्रस्तुति में संगत किया। वे बिल्कुल वही ठेका बजाते थे जैसा जगजीत सिंह की ग़ज़लों में बजा हुआ होता है। धनबाद से बदली हो जाने के बाद भी जब कभी मैं छुट्टियों में आता, उनसे अवश्य मिलता। मिलने के बावजूद वे गाते, "वो मेरे शहर में आये भी और मिले भी नहीं"। मैं हंस देता।

हमारी चर्चा का विषय अमूमन जगजीत सिंह की ग़ज़लें और उनके कंपोजिशन के बारे में होता। मैंने उनसे ही जाना कि जगजीत सिंह के तमाम नए प्रयोगों में एक प्रयोग तबले के ताल का विशेष ढंग से बजना भी था जो अक्सर शास्त्रीयता का ध्यान रखने वाले तबला वादक नहीं बजाते। उस विशेष ढंग को जगजीत ठेका का नाम दिया गया जो जगजीत सिंह की ग़ज़लों की विशेषता हुआ करती है। उनकी ग़ज़लों में तबला वादक को अपनी कलाकारी दिखाने का कोई विशेष अवसर नहीं मिलता सिवाय लाइव कार्यक्रम के या कुछ ग़ज़लों को छोड़कर। अधिकांश ग़ज़लों में एक ही लय में शुरू से आख़िर तक बिना किसी बदलाव के तबला बजता है जो मेडिटेटिव प्रभाव छोड़ता है और सुनने वालों में तन्मयता पैदा करता है।इस बारीकी को सुनकर मैं मुग्ध हो जाया करता था।  

महल दा ने बताया कि आलोचकों ने जब भी उनकी गज़लों में एकरसता या टाइपड होने का आरोप लगाया  तब वे अपने लाइव कार्यक्रमों में अपनी किसी प्रचलित ग़ज़ल में विविधता लाकर न सिर्फ़ आलोचकों का मुंह बंद करते बल्कि श्रोताओं को हैरत में भी डाल देते। शास्त्रीय संगीत की गहरी जानकारी होने से गज़लों में शास्त्रीयता का पुट डाल पाना उनके लिए आसान होता और वे अपनी ही ग़ज़लों में नया विस्तार दे पाते।  ग़ज़ल के नए वर्जन सुनने के लिए श्रोता उमड़ पड़ते। 'सरकती जाए है रुख़ से', 'होंठों को छू लो तुम' और 'कल चौदवीं की रात थी' ऐसी ही ग़ज़लें हैं जिनके कई अलग अलग वर्जन सुने जा सकते हैं जो उन्होंने देश विदेश के अलग अलग कार्यक्रमों में प्रस्तुत किए। शास्त्रीयता की गहरी पकड़ और समझ होने से कई बार वे स्टेज पर ही प्रयोग कर डालते। 

एक दिन महल दा घर आए। कहने लगे, “जगजीत जी की एक गज़ल तुमने ग़ौर से सुनी है?” 
मैंने पूछा,“कौन सी? मैं तो उनका इतना बड़ा मुरीद हूँ कि कोई ग़ज़ल न सुनने का प्रश्न ही नहीं उठता और "ग़ौर से" से आपका क्या अभिप्राय है? मैं तो ध्यान से ही सुनता हूं।"

फिर मैंने उन्हें गुरविन्दर सिन्ह जी के बारे में बताया जिन्हें फेसबुक में मैं फॉलो करता हूं। गुरविन्दर भाई से जुड़ने के बाद पता चला कि अभी कई ऐसे नायाब मोती हैं जो मेरी पहुँच से बाहर हैं और गुरविन्दर सिन्ह जी उन मोतियों को चुन-चुन कर फेसबुक में पोस्ट कर रहे हैं और हमें जगजीत सिन्ह की रुहानियत से रु-ब-रू करा रहे हैं।

‘आप कौन सी ग़ज़ल का जिक्र कर रहे हैं?’ मैंने महल दा से पूछा।
महल दा बोले, ‘ग़ज़ल तो तुमने जरूर सुनी होगी, पर उस तरह नहीं जिस तरह मैंने सुनी है। जावेद अख़तर की लिखी हुई है।

जाते जाते वो मुझे अच्छी निशानी दे गया
उम्र भर दोहराऊँगा ऐसी कहानी दे गया
 
उससे मैं कुछ पा सकूँ ऐसी कहाँ उम्मीद थी
ग़म भी वो शायद बराए मेहरबानी दे गया
 
सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई
और मुझको एक कश्ती बादबानी दे गया

फिर उन्होंने ग़ज़ल के कम्पोजिशन की बारीकियां समझाते हुए कहा, 
"तबले पर सात मात्रा का रूपक ताल, कम्पोजिशन की खूबी यह कि ग़ज़ल के आरंभ में गिटार पर जो धुन बजती है वही धुन आख़िर में बजते बजते ग़ज़ल समाप्त हो जाती है। आग़ाज़ से अंजाम तक सुनने वाला बंधा सा रहता है। यहां तक कि ग़ज़ल समाप्त होने पर भी सुनने वाला देर तक ठगा सा, निशब्द, विचारशून्य बैठा रहता है।"

और मैंने देखा, महल दा की आँखें नम हो उठीं। धीरे से ऊँगलियों से आँखें पोंछने लगे। मैंने पूछा, ‘महल दा..आप ठीक तो हैं न?’
उन्होंने कहा, “इस शख़्स (जगजीत सिन्ह) ने 'सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई’ पंक्ति में कलेजा निकाल लिया है। इस पंक्ति को मैं बार बार ‘रिवाइन’ कर सुनता हूँ। ऐसा लगता है जैसे समन्दर के अन्दर से बवंडर उठा हो और वह बवंडर समन्दर की सतह पर आ कर अपने आस पास की सारी हवाओं को समेट कर ले उड़ा हो। उस बवंडर में इतनी गति है कि उसके बाद तो कश्ती के लिए कोई हवा बची ही नहीं। तूफ़ान के बाद सन्नाटा छा गया हो। उसके बाद ऐसा खालीपन..समन्दर का अथाह फैलाव और वीरानी लगती है कि आँखें छलक जाती हैं। शायद इसी वीरानी को जावेद अख़तर ने भी महसूस किया हो और उन्होंने आगे  लिखा:

ख़ैर मैं प्यासा रहा पर उसने इतना तो किया
मेरी पलकों की कतारों को वो पानी दे गया 

मैं उठा। कम्प्यूटर में इस गाने को सर्च किया और बजाने लगा। सोफे पर मैं और महल दा हाथ थामे बैठ गए और आँखें बन्द कर सुनने लगे। धीरे-धीरे कमरे में समन्दर का सा आलम छाने लगा... बुसअतें (फैलाव), खामोशियाँ, गहराइयाँ..
गिटार, सितार और वायलिन की धुन के बीच जगजीत सिन्ह जी की समन्दर के तल से निकली गम्भीर आवाज़... और तभी वह पंक्ति आई,

 ‘सब हवाएँ ले गया मेरे समन्दर की कोई’.

इस पंक्ति को दोहराते वक्त "ले गया" को जिस ढंग से उन्होंने गाया, ऐसा लगा कि सचमुच कोई सारी हवाएं ले गया और एक पाल वाली कश्ती दे गया। अब बिना हवा के इस पाल वाली नाव से यह समंदर कैसे पार हो? सारा दारोमदार इस "ले गया" लफ्ज़ की अदायगी पर टिका है । जगजीत सिंह की यही ख़ूबी उन्हें अन्य गायकों से जुदा करती है। 
सचमुच उसके बाद जो रीतापन पैदा हुआ वह दिल में घर कर गया।

मेरी आँखें भी नम हो उठीं।महल दा तबतक नॉर्मल हो चुके थे और मुझे निहार रहे थे। मुस्कुराते हुए उन्होंने मेरी हथेली दबा कर पूछा,
“क्या हुआ? तुम ठीक तो हो?”
.....

एक बार की साप्ताहिक बैठक में उन्होंने मुझे जगजीत सिंह के गाए हुए राग यमन पर आधारित गीतों की सूची थमाई और मेडली तैयार करने की सलाह दी। Medley कई गानों को एक साथ गाने को कहते है। पर यह जरूरी है कि गानों के ताल एक हों। राग भी समान हों तो सोने पे सुहागा। 

जगजीत जी के दो मेडली सुनने को मिलते हैं, एक राग यमन पर आधारित गीतों की मेडली (सीने में सुलगते हैं अरमान, प्रीतम आन मिलो, याद किया दिल ने कहाँ हो तुम, तुमको देखा तो ये ख्याल आया, होंठों से छू लो तुम आदि) और दूसरा मिलने या मिलने की आस के भाव पर आधारित दो गीतों जैसे 'कौन आएगा यहाँ कोई ना आया होगा' और 'कभी यूं भी तो हो' की मेडली। मेडली भी जगजीत जी का एक अनूठा प्रयोग था जो उनके पहले किसी ने नहीं गाया था।

जगजीत सिंह की ग़ज़लों में तबला बजाना आसान नहीं। धीर,गंभीर और संयमित व्यक्ति ही वैसा बजा सकते हैं और यही धैर्य, गंभीरता और संयम महल दा की भी विशेषता थी। धैर्य इतना कि किसी भी परेशानी या संकट में कभी उद्विग्न नहीं होते थे, गंभीरता इतनी कि किन परेशानियों से वे ग़ुज़र रहे होते यह सामने वाले को पता नहीं चलता और संयम इतना कि  उन्नासी साल की अवस्था में भी बिल्कुल सीधा बैठते और स्कूटी चला कर ही बैंक, बाज़ार या मित्रों के घर आया जाया करते। इस अवस्था में भी वे चीनी का परहेज़ नहीं करते थे अर्थात उन्हें डायबिटीज नहीं था। केवल ब्लड प्रेशर और प्रोस्टेट की दवा लेते थे।

पच्चीस अगस्त 2025 को तड़के सुबह ख़बर मिली कि वे अचानक बीमार पड़ गए। अचानक उन्हें पक्षाघात (paralytic attack) हुआ। इस हालत में ही उन्होंने अपने पड़ोसी को फोन कर बताया कि शरीर का दाहिना अंग सुन्न हो गया है। अस्पताल पहुंचते पहुंचते उनकी हालत गंभीर हो गई। वाणी लड़खड़ाने लगी और शरीर शिथिल होने लगा।  

धनबाद के डॉक्टर ने उन्हें दुर्गापुर रेफर कर दिया। उनके मस्तिष्क में खून के थक्के (blood clot) जमा हो गए थे। एक दिन बाद मुझे पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है और उनके ब्रेन की सर्जरी कर खून के थक्के निकाल दिए गए। पर वे कोमा में चले गए। दुर्गापुर से वापस उन्हें धनबाद के पीएमसीएच अस्पताल में भेज दिया गया जहां मैं उन्हें मलय दा के साथ देखने गया। 

मस्तिष्क की सर्जरी के कारण उनके सर के केश और दाढ़ी शेव कर दी गई थी। वे बिल्कुल पहचान में नहीं आ रहे थे। जगजीत सिंह के भी जब केश शेव किए गए थे तो किसी कार्यक्रम में नाम बताने के बावजूद संचालक उन्हें पहचान नहीं पाए थे। दोनों की केश शेव होने की वजहें अलग थीं पर सरदार होते हुए केश का कटना तो एक ही था। 

यह अजीब संयोग है कि जगजीत सिंह से अपने नाम के मिलने के साथ साथ जगजीत सिंह के जीवन की कुछ घटनाओं को भी उन्होंने आत्मसात कर लिया। यहां तक कि मृत्यु के तरीके को भी। जगजीत सिंह को भी ब्रेन हेमरेज हुआ था और वे लीलावती अस्पताल में अंतिम सांस लेने के पहले कोमा में तकरीबन सत्रह दिन रहे। 
और हमारे जगजीत सिंह महल दा?
करीब छब्बीस दिन बेहोश रहने के बाद आज (20.09.2025) ही सुबह उनके बारे में सुना,

सुना है बंद कर लीं उसने आँखें
कई रातों से वो सोया नहीं था!

27. कवि जगजीत

27. *कवि जगजीत* 

ग़ज़लों की गहरी समझ रखने वाले जगजीत सही मायने में कवि हृदय थे। उन्हें अच्छी कविताओं, गीतों और ग़ज़लों की परख थी। यह बात उनके गीतों, ग़ज़लों और नज़मों के चयन से साफ ज़ाहिर होती है। 

मूल शेर में ग़ज़ल की मांग के अनुसार वे थोड़ा फेरबदल भी करते थे। उदाहरण के लिए वसीम बरेलवी की गज़ल 'मैं चाहता भी यही था वो बेवफा निकले' के अंतरा के शेर 

किताब-ए-माज़ी के औराक़ उलट के देख ज़रा
ना जाने कौन सा सफ़हा मुड़ा हुआ निकले

(किताब-ए-माज़ी = बीते हुए समय की किताब), (औराक़ = पृष्ठ, पन्ने), (सफ़हा = पृष्ठ, पन्ना) में उन्होंने 'सफ़हा' की जगह 'पन्ना' गाया और इसके लिए जनाब वसीम बरेलवी से माफ़ी भी मांगी। इस बदलाव से लफ़्ज़ आसान हो गए। सहज और सरल लिरिक्स वे पसंद किया करते थे।

पर बहुत कम लोग जानते हैं कि वे एक अच्छे शायर भी थे। उनके छोटे भाई श्री करतार सिंह जी ने एक इंटरव्यू में जगजीत जी के एक अच्छे शायर होने की भी बात कही है। वे बताते हैं कि एक मशहूर नज़्म 'धुंधली सी इक शाम थी वो, हर शै पे उदासी छाने लगी' जगजीत सिंह ने ही लिखी है।

'जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैन्स क्लब' के एक बड़े सम्मानित सदस्य डॉ आलोक शर्मा जो पेशे से डॉक्टर और एक बेहतरीन गायक हैं, के पास जगजीत जी के बारे में दुर्लभ जानकारियां हैं। उन्होंने जानकारी दी कि "हे राम" भजन भी जगजीत जी ने लिखा पर क्रेडिट वे हमेशा सुदर्शन फाकिर को देते हैं जिससे कैसेट की रॉयलटी उनको सुनिश्चित हुई और फाकिर साहब के गाढ़े वक़्त में काम आई।

वे बताते हैं कि एक मशहूर ग़ज़ल "चराग आफताब गुम बड़ी हसीन रात थी" भी जगजीत जी का ही लिखा हुआ है और कुछ मशहूर पंजाबी टप्पे भी। 

जगजीत सिंह के शुरूआती दिनों और प्राइवेट महफ़िलों में गाई कई ऐसी गज़लें या गीत हैं जिसके शायर का नाम नहीं मालूम। इनमें दो नज़्म बरबस याद आते हैं: 'मौसम का अरमान समझ' और 'मैं आवारा धुंआ, मैं आवारा धुंआ'

ऐसा नहीं कि जिन नज़मों, ग़ज़लों या गीतों में शायर के नाम अज्ञात हों वे जगजीत जी के ही लिखे होंगे। पर इस संभावना से इंकार भी नहीं किया जा सकता। इस संबंध में डॉ आलोक जी एक दिलचस्प किस्सा बताते हैं :

"सब ग़ज़लें नहीं, पर सबसे बेहतरीन मिसाल है, 

रो लेते तो अच्छा होता
बार-ए-ग़म कुछ हल्का होता
(बार-ए-ग़म = दुःख का बोझ)

"Master and his Magic" एल्बम में इस ग़ज़ल के शायर को "Unknown" लिखा गया था। असल में ये ग़ज़ल प्रियदर्शी ठाकुर "ख़याल" साहब की लिखी हुई है, जो इस रिकॉर्डिंग के कमर्शियल रिलीज़ होने से पहले ही इंतक़ाल कर चुके थे। उनके बेटे ने बाद में बताया कि इस ग़ज़ल के शायर उनके पिता ही हैं।
और सबसे ज़्यादा अजीब इत्तेफ़ाक़ ये है कि ठाकुर साहब जो खुद एक IAS अफसर थे, उन्होंने एक शेर कहा था:

शेर कहते हुए अक्सर ये "ख़याल" आता है, 
क्या मेरी ग़ज़ल गाएंगे "जगजीत" कभी?

जगजीत जी ने वाकई उनकी एक ग़ज़ल "रो लेते तो..." गाई, जिसके बारे में ठाकुर साहब को जीते-जी पता भी नहीं चला, और जब ये रिकॉर्डिंग रिलीज़ हुई तो उन्हें क्रेडिट भी नहीं दिया गया और तब तक ठाकुर साहब और जगजीत जी दोनों ही इस दुनिया से जा चुके थे।

जगजीत जी ने CRY संस्था के लिए एक अल्बम निकाला जिसका नाम भी CRY रखा।  इस एल्बम के विमोचन समारोह में जगजीत जी ने नन्दलाल पाठक की लिखी नज़्म 'मां सुनाओ मुझे वो कहानी' सुनाई और फिर अपनी लिखी कविता  'Poem for CRY' का तरन्नुम में पाठ किया। कविता के पहले उन्होंने विनम्र भाव से कहा कि पचास सालों से पोएट्री डील करते थोड़ा बहुत वे भी कवि हो गए हैं। जगजीत की लिखी वह कविता इस प्रकार है: 

हर वो माँ है ऐतबार
शुक्रिया परवरदिगार
हाय ये कैसी बहार 
बागबां है अशबार
मैं और मेरा ज़ब्त-ए-ग़म
तू और तेरा कारोबार

एक अरसे के बाद भी अबतक
ताज़ा तेरी बाते हैं
शाम वही है सहर वही है
और वही बरसातें हैं
हर आहट पर यूँ लगता है
जैसे तेरा आना हो
लेकिन कड़वा सच कहता है
ये सब झूठी बातें हैं
एक दहकती हूक  
चमकती याद सुलगता आबे रवां
ये सब अपने हिस्से में
आई तेरी सौगातें हैं
तुझसे बिछड़ कर जीने का
अंदाज़ कहाँ बदला हमने
लेकिन भीगी भीगी आँखें
उखड़ी उखड़ी बातें हैं
एक अरसे के बाद भी अबतक
ताज़ा तेरी बाते हैं!

कविता का पाठ किसी भी नामचीन कवि के काव्य पाठ से कमतर नहीं था। यूट्यूब में यह कविता सुनी जा सकती है।

कई लम्बी ग़ज़लों में कुछ शेर भी उनके लिखे होते जो इतनी खूबसूरती से बीच में पिरोए होते कि मूल ग़ज़ल में घुल मिल जाते और उसी ग़ज़ल का हिस्सा लगते।

मिर्ज़ा ग़ालिब की एक ग़ज़ल जो जगजीत जी ने अपने एक लाइव कार्यक्रम में गाई उसके बारे में ऐसा माना जाता है कि ग़ज़ल के  कई शेर ग़ालिब के नहीं। 

जगजीत साहब ने जो ग़ज़ल गाई वह इस प्रकार है :

*_यूँ तो मेरा इलाज क्या न हुआ_ 
 *कम मरज़ ही मगर ज़रा न हुआ_ 
 _मुझपे अहसाँ तबीब का न हुआ_             
(तबीब = चिकित्सक)* 

 दर्द मिन्नत-कश-ए-दवा न हुआ_          
 (मिन्नत-कश-ए-दवा = दवा का आभारी)
मैं न अच्छा हुआ बुरा न हुआ

 *_दे ख़ुदा रहम इन हबीबों को_                    
 _के जलाएँ न बदनसीबों को_ 
 _चलके सुन लो अलग जो सुनते हो*_ 

जमा करते हो क्यों रक़ीबों को                
इक तमाशा हुआ गिला न हुआ              

 *_जान तावत ही में खपाई थी_                                  (तावत = उस अवधि तक)
 _कुछ ख़ुदी थी न ख़ुदनुमाई थी_                          (ख़ुदनुमाई = अभिमानी/ घमंडी होने का भाव)
 _सर था, सजदा था, जब्बासाई थी_           
(जब्बासाई = बंदगी के दौरान सर को जमीन पर टिकाना)* 

क्या वह नमरूद की ख़ुदाई थी                        
(नमरूद = एक बादशाह जो अपने आप को ख़ुदा कहता था)
बन्दगी में मिरा भला न हुआ

 *ढूँढता था वो इक न इक _तरक़ीब__ 
 _के मज़े हों तेरे लबों के नसीब_ 
 _तू न समझे तो है ये बात अजीब*_ 

कितने शीरीं हैं तेरे लब, कि रक़ीब          
गालियाँ खा के बे-मज़ा न हुआ

 *_हमने की फ़िक्र जब बुलाने की_ 
 _उनको सूझी किसी बहाने की_ 
 _अब सुनी है जो घर लुटाने की_* 

है ख़बर गर्म उन के आने की
आज ही घर में बोरिया न हुआ               

-मिर्ज़ा ग़ालिब/ नामालूम*

यह शायरी की एक बहुत ही अनोखी शक्ल है। इसमें हर आखिरी दो लाइनें ही ग़ालिब के शेर हैं और बाकी की तीन लाइनें इस तरह से बनाई गई हैं कि वो ग़ालिब के शेर में बड़ी खूबसूरती से घुल-मिल जाती हैं। 

बाक़ी हिस्से को किस शायर ने लिखा है यह मालूम नहीं, लेकिन यह 'साहब' का लिखा हुआ होने की भी संभावना कम ही लगती है। 

अगर आप गौर करें तो पहली तीन लाइनों और ग़ालिब के शेर के बीच शायराना वज़न में ज़मीन-आसमान का फ़र्क़ नज़र आएगा।

रेख़्ता में इस ग़ज़ल के बारे में एक रोचक जानकारी दी गई है। तथ्य यह है कि ग़ालिब ने मिर्ज़ा हातिम अली मेहर को एक ख़त लिखा था, जिसके शब्द ये थे:

"मेरा कलाम मेरे पास कुछ नहीं रहा। नवाब ज़ियाउद्दीन ख़ान और नवाब हुसैन मिर्ज़ा जमा कर लेते थे, जो मैंने कहा उन्होंने लिख लिया। उन दोनों के घर लुट गए। हज़ारों रुपये के किताबख़ाने बर्बाद हुए। अब मैं अपने कलाम को देखने के लिए तरसता हूँ। कई दिन हुए कि एक फ़क़ीर जो कि खुश-आवाज़ भी है और ज़मज़मा-परदाज़ भी है, मेरी एक ग़ज़ल कहीं से लिखवा लाया। उसने वो कागज़ जो मुझको दिखाया, यकीन मानो कि मुझको रोना आ गया। ग़ज़ल तुमको भेजता हूँ और इसके बदले में इस ख़त का जवाब चाहता हूँ।"

26. ग़ज़ल और शराब

26. *ग़ज़ल और शराब** 

शराब पर आधारित जगजीत सिंह की ग़ज़लों पर नज़र  डालिए। आप महसूस करेंगे कि शराब की लज़्ज़त और सुरूर की मात्रा उनकी ग़ज़लों में उतर तो आई ही है साथ ही ये ग़ज़लें हैरान भी करेंगी कि शराब जो वास्तव में बे-ख़ुदी और सुरूर देती है, उनकी ग़ज़लों में किस तरह एक नए मायने के सफ़हे भी खोलती है जिसे पढ़ना, सुनना हमेशा ही एक सुखद अनुभूति लिए होता है ।

अस्सी के दशक में जब ग़ज़ल गायकों की बाढ़ सी आ गई थी और  कुछ गायकों ने ग़ज़ल को शराब का ही पर्याय मानते हुए केवल शराब से जुड़ी ग़ज़लें गाकर अपना मुकाम बनाया ऐसे में म्यूजिक कंपनी ने जगजीत साहब को भी शराब की ग़ज़लें गाने की रिक्वेस्ट की और नसीहत भी दे डाली।  

जगजीत के लिए ग़ज़लें सिर्फ शराब न थीं। उनकी ग़ज़लों में आत्मा की ऊंचाई और सागर की गहराई दोनों समाहित होती हैं।ऐसे में कविता और ग़ज़लों की गहरी समझ रखने वाले जगजीत शराब की सतही मीनिंग तक अपने को सीमित कैसे रखते? 

उन्होंने शराब की जो ग़ज़लें चुनी उनमें बेखुदी और मदहोशी की तासीर के अलावा मोहब्बत, दर्द और हक़ीक़त भी बयां हुईं। तभी तो उन्होंने गाया 

इसीलिए तो अंधेरा है मैक़दे में बहुत
यहां घरों को जला कर शराब पीते हैं

पीनेवाले के बारे में उनका नज़रिया देखिए

ये पीनेवाले बहुत ही अजीब होते हैं
जहां से दूर और ख़ुद के क़रीब होते हैं

ऐसा नहीं है कि उन्होंने मयखाने का सिर्फ़ अंधेरा ही देखा। अपनी शर्तों पर पीने की बात भी कही,

बदल की तरह झूम के लहरा के पिएंगे 
साक़ी तेरे मयखाने में हम छा के पिएंगे 

उन्होंने पीने की ख़ूबी बताने के लिए ज़ाहिद, वाइस और शेख़ जी तक को चैलेंज कर दिया और गाया,

शेख़ जी थोड़ी सी पीकर आइए
मय है क्या शय फिर मुझे समझाइए

हर मौसम में पीने का लुत्फ़ उठाने वाले ग़ालिब का पक्ष रखते हुए कहा,

ग़ालिब छूटी शराब पर अब भी कभी कभी
पीता हूं रोज़ ए अब्र ओ शब ए माहताब में 

जगजीत सिंह चित्रा सिंह फैन्स क्लब ने शराब और नशा पर आधारित उनकी ग़ज़लों की एक सीरीज "मैं नशे में हूँ" शुरु की थी।

25. नज़्म, कविताएं, दोहे और त्रिवेणी

26. *नज़्म, कविताएं, दोहे और त्रिवेणी*

 *नज़्म* 

ग़ज़लों के बादशाह जगजीत सिंह को नज़्मों का भी शहंशाह कहें तो अतिशयोक्ति (exaggeration) नहीं होगी । 

नज़्मों को कंपोज करने और गाने में उनका सानी नहीं था। उनके योगदान की चर्चा के पहले आइए हम थोड़ा नज़्मों के बारे में जानते हैं।

नज़्म एक तरह की कविता है जिसमें पूरी कविता में एक ही विषय की चर्चा होती है। जबकि ग़ज़ल में हर शेर एक अलग विचार रखता है।
नज़्म की शैली मुक्त या बंधी हुई हो सकती है। बंधी हुई नज़्म में वज़न और काफ़िया का ध्यान रखा जाता है।
नज़्म में आम बोलचाल की भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे यह आसानी से समझ में आ जाती है।

नज़्म के कई मशहूर शायर हुए हैं, जैसे कि फ़ैज़ अहमद फ़ैज़, अली सरदार जाफ़री, कैफ़ी आज़मी, साहिर लुधियानवी इत्यादि।

जहां तक गाने और कंपोजिशन का सवाल है तो यह निर्विवाद रूप से कहा जा सकता है कि नज़्म गाना आसान नहीं। इसे  कंपोज करना तो और भी कठिन है। क्योंकि एक ही विषय की कविता होने से शुरू से आख़िर तक नज़्म की पूरी लंबाई में एक ही भाव बरकरार रखना होता है जो आसान नहीं। कहीं भी न गायिकी में शास्त्रीयता दिखाने की छूट है और न ही भाव के परे जाने की आज़ादी। यदि आज़ादी के नाम पर ऐसा किया जाए तो नज़्म का मर्म अपने आप ख़त्म हो जाता है और फिर वह नज़्म असरदार हो ही नहीं सकती।

मेंहदी हसन की गाई हुई क़तील शिफाई की लिखी हुई एक मशहूर नज़्म " ज़िंदगी में तो सभी प्यार किया करते हैं" भला किस ग़ज़ल प्रेमी को याद न होगी। उसी तरह फ़ैयाज़ हाशमी की लिखी हुई फरीदा खानम की गाई हुई "आज जाने की ज़िद न करो" भी दिल पर हमेशा दस्तक देती रहती है। 

जहां तक भारत में नज़्म गाने और उसे कंपोज करने का सवाल है तो फिल्मों में रफ़ी की गाई हुई दो नज़्में और मुकेश की गाई हुए एक नज़्म बरबस याद आती हैं। 

रफ़ी की दो नज़्मों में एक साहिर लुधियानवी की लिखी हुई और सचिन देव बर्मन की कंपोज की हुई फिल्म "प्यासा ( 1957)" की यह नज़्म, "जिन्हें नाज़ है हिंद पर वो कहां हैं" और दूसरी कैफ़ी आज़मी की लिखी और मदन मोहन के संगीत निर्देशन में फिल्म "हक़ीक़त (1964)" की "हो के मजबूर मुझे उसने भुलाया होगा" हैं तो मुकेश की आवाज़ में फ़िल्म "फिर सुबह होगी"(1958) में ख़्य्याम द्वारा कंपोज की हुई साहिर लुधियानवी की लिखी यह नज़्म "वो सुबहो कभी तो आएगी" उत्कृष्ट नज़्में हैं।

इसके बाद नज़्म के मामले में फिल्म संगीत में कमी सी आ जाती है। एक दम सन्नाटा तो नहीं कहेंगे क्योंकि बीच बीच में एक दो नज़्में सुनाई दे ही देती थीं और जब भी सुनाई देती थीं तो बारिश की पहली फुहार सी सोंधी खुशबू के साथ। जैसे, साहिर लुधियानवी की लिखी हुई और संगीतकार रवि की संगीतबद्ध की हुई फिल्म "गुमराह (1963)"  की ये नज़्म "चलो एक बार फिर से अजनबी बन जाएं हम दोनों",  शकील बदायूंनी की लिखी और नौशाद के संगीत निर्देशन में फिल्म "मेरे महबूब 1963" की  "मेरे महबूब तुझे मेरी मोहब्बत की कसम",  साहिर लुधियानवी की लिखी रोशन के संगीत निर्देशन में  फिल्म बरसात की रात (1960) की यह नज़्में "मैंने शायद तुझे पहले भी कहीं देखा है, 
और "ज़िंदगी भर न भूलेगी वो बरसात की रात"।

इसके (1964 के) बाद एक लंबा अंतराल दिखाई देता है जो सीधा फिल्म अर्थ (1982) में जाकर पटता है जिसमें जगजीत सिंह की गाई हुई उन्हीं की कंपोज की हुई कैफ़ी आज़मी की लिखी हुई एक नज़्म है, "कोई ये कैसे बताए के वो तन्हा क्यों है?" 
कितना आश्चर्य कि इस खाई को भी जगजीत सिंह ने ही पाटा।

जहां तक ग़ैर फ़िल्मी जगत में नज़्म का सवाल है तो मन्ना डे का गाया हुआ ' मेरी भी इक मुमताज़ थी' के बाद दूर दूर तक जगजीत सिंह के अलावा कोई ऐसा कंपोजर और गायक नज़र नहीं आता जिसने एक या दो नहीं बल्कि अनगिनत नज़्मों को सुरों में बांधा हो और मकबूलियत में सब एक से बढ़कर एक साबित हुए हों।

शोहरत की बुलंदी छूने के काफ़ी पहले से ही जगजीत सिंह ने प्राइवेट महफिलों में ख़ूब नज़्में गाई और शोहरत बटोरी। कुछ प्रमुख नज़्में हैं,
1. रूह बेचैन है इक दिल की अजीयत क्या है 
2. धुंधली सी इक शाम थी वो
3. बेइरादा नज़र उनसे टकरा गई
4. सुना था के वो आयेंगे अंजुमन में
5. मैं खुद ही अपनी तलाश में हूँ
6. तुझको दरियादिली की क़सम साक़ीया 


ये सभी नज़्में यूट्यूब में सुनी जा सकती हैं।

उन्होंने श्रोताओं के नब्ज़ उन्हीं दिनों से टटोलने शुरू कर दिए थे और HMV के अपने पहले ही एल्बम में पूरे आत्मविश्वास के साथ उन्होंने एक नज़्म गाई, 
" _बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी"___ जो पचास साल बाद आज भी सर्वाधिक पसंद की जाने वाली नज़्म साबित हुई। आज भी इस नज़्म के कंपोजिशन और अदायगी की खूबसूरती में रत्ती भर कमी नहीं आई।

जगजीत सिंह फैंस क्लब ने फरवरी माह के अठाईस दिनों के हिसाब से अठाईस नज़्मों की एक सीरीज शुरु की थी। यानी प्रतिदिन एक नज़्म। इनमें से मेरी सर्वाधिक पसंद बारह नज़्में इस प्रकार हैं :

1. एल्बम: 'the unforgettables' (1977)
 बात निकलेगी तो फिर दूर तलक जाएगी 
शायर : कफ़ील आज़ेर

2. एल्बम : 'कम एलाइव' (1979)
मेरी तन्हाइयों तुम ही लगा लो 
शायर : प्रेम वरबाटोनी 

3.  एल्बम : 'मैं और मेरी तन्हाई' (1980)
मेरे दरवाज़े से अब चाँद को रुख़्सत कर दो 
शायर : अली सरदार जाफ़री 

4.एल्बम : 'मैं और मेरी तन्हाई' (1980)
जब नहीं आए थे तुम, तब भी तो तुम आए थे
आँख में नूर की और दिल में लहू की सूरत
शायर : अली सरदार जाफ़री

5.तेरे खुशबू में बसे ख़त मैं जलाता कैसे (1982)
शायर राजिंदर नाथ रहबर

6.एल्बम : Ecstasies (1984)
बहुत दिनों की बात है
फ़िज़ा को याद भी नहीं
शायर : सलाम मछलीशहरी

 7. ये ज़िन्दगी, आज जो तुम्हारे
बदन की छोटी-बड़ी नसों में
अल्बम : इन्साइट (1993)
शायर :निदा फ़ाज़ली

8.अल्बम: Silsilay - 1998
मैं भूल जाऊँ तुम्हें अब यही मुनासिब है
शायर : जावेद अख़्तर

9.अल्बम: Silsilay - 1998
मेरे दिल ने कहा ऐ दीवाने बता 
शायर : जावेद अख़्तर

10.अल्बम: Silsilay - 1998
कभी यूं भी तो हो 
शायर : जावेद अख़्तर

11.अल्बम : Soz (2001)
अब अगर आओ तो जाने के लिए मत आना
शायर : जावेद अख्तर

 12. शाम होने को है 
लाल सूरज समंदर में खोने को है 
एल्बम: सोज़ (2001)
शायर : जावेद अख्तर 

लगभग हर अल्बम में एक या किसी में दो नज़्मों का होना यह दिखलाता है कि नज़में गाना उनकी खास पसंद थी।

 *कविताएं* 

जगजीत सिंह प्रयोगधर्मी थे। वे आधुनिक दृष्टिकोण रखते थे और नवीनता में विश्वास रखते थे। हर नए अल्बम में उनके नए प्रयोग हमें अचरज में डालते हैं। संगीत और काव्य की कोई विधा उनसे छूटी न थी। हिंदी की क्लिष्ट कविता हो या दोहे या विशुद्ध शास्त्रीय संगीत। 

हिंदी कविताओं में  'संवेदना' अल्बम में उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की ग्यारह कविताएं गाईं। अल्बम 'यूनिक(2002)' में पंडित विनोद शर्मा की लिखी हुई एक बेहद मधुर कविता 'बुझ गई तपते हुई दिन की अगन/सांझ ने चुपचाप ही पी ली जलन' बरबस याद आती है। 

 *दोहे* :

दोहा भारतीय काव्य का सबसे सशक्त छंद है। दोहा कोई साधारण दो लाइन नहीं। पहला चरण प्रश्न खड़ा करता है, दूसरा उत्तर देकर चोट करता है। भक्ति काल में ये शिखर पर पहुँचा। तुलसी ने रामचरितमानस में चौपाई के बाद दोहे को विराम की तरह इस्तेमाल किया, जैसे साँस लेना। कबीर, रहीम, बिहारी, वृंद - इन सब ने दोहे को 'सूक्ति' बना दिया। एक दोहा एक पूरा जीवन-दर्शन के समान होता है। 'दोहा' शब्द से हमें भक्तिकालीन कवियों की ही याद आती है परन्तु हिंदी साहित्य जैसे जैसे समृद्ध होता गया वैसे वैसे दोहे के स्वरूप में भी क्रन्तिकारी बदलाव देखने को मिले। आज के संदर्भ में जब हम लंबी कविताएँ नहीं पढ़ते, आधुनिक कवि और शायर दोहे शैली में भी अपनी कलम चला रहे। 

कवि हृदय जगजीत सिंह से साहित्य की यह विधा कैसे अछूती रहती। उन्होंने भक्तिकालीन कवियों के दोहे तो गाए ही, जिनमें कबीर के दोहे 'कबीर' एल्बम में तो तुलसी के दोहे और चौपाई आदि भी विभिन्न अल्बमों में शामिल हैं साथ ही आधुनिक शायरों के मॉडर्न दोहे को भी उन्होंने स्वर दिया और अपनी मौलिक कम्पॉजिशन और आवाज़ से उन रचनाओं को अमर कर दिया।

दोहा लिखने में आधुनिक शायरों में दो नाम प्रमुखता से उभरते हैं- निदा फ़ाज़ली और गुलज़ार। 

निदा फ़ाज़ली के चुनिंदा दोहे 'मैं रोया परदेस में रोया माँ का प्यार' शीर्षक से इन्साइट' एल्बम में शामिल है। 

गुलज़ार साहब एक कदम और आगे चले गए। उन्होंने दोहे की एक नई शैली ईजाद कर डाली जिसका नाम उन्होंने 'त्रिवेणी' रखा।

 *गुलज़ार की त्रिवेणी* 

त्रिवेणी में तीन मिसरे होते हैं। पहले दो मिसरे मुकम्मल शेर लगते हैं, एक पूरी तस्वीर बना देते हैं। तीसरा मिसरा अचानक आता है और पहले दो मिसरों का अर्थ ही पलट देता है। उसे एक नया मोड़, एक नया रहस्य दे देता है। 

लोग अक्सर इसे हाइकू समझ लेते हैं, पर 'त्रिवेणी' और 'हाइकू' में बड़ा फ़र्क़ है। हाइकू में 5-7-5 का अक्षर-बंधन है और यह प्रकृति प्रधान होता है। त्रिवेणी में कोई बंधन नहीं, पर मीटर है। 

यह 'शेर' भी नहीं है। शेर में दो लाइनें होती हैं जो एक दूसरे को पूरा करती हैं। त्रिवेणी में तीसरी लाइन पहली दो को तोड़ती है। यह 'मुक्तक' से भी अलग है, क्योंकि यहाँ तीसरी पंक्ति अनिवार्य और निर्णायक है।

इसे समझने के लिए सबसे अच्छा उदाहरण गुलज़ार की वही त्रिवेणी है जो जगजीत जी ने गाई है :

'ज़िन्दगी क्या है जानने के लिए 
ज़िंदा रहना बहुत जरूरी है 
आजतक कोई भी रहा तो नहीं'

पूरा बिंब यथार्थ में बदल जाता है।यथार्थ यह है ज़िन्दगी क्या है क्या कभी कोई जान पाया है क्योंकि जानने के लिए ज़िंदा रहना ज़रूरी है। 
यही त्रिवेणी का जादू है।

आज का सच दो लाइनों में पूरा नहीं होता। तीसरी लाइन ही आज का सच है - विडंबना,अधूरापन, ट्विस्ट। यह दृश्य से अदृश्य की यात्रा है। पहले दो मिसरे दृश्य हैं, तीसरा अदृश्य सत्य। तीसरी लाइन पढ़ कर आपको खुद सोचना पड़ता है कि पहले दो का क्या मतलब था। इस मायने में यह पाठक को सह-रचनाकार बना देती है। इसलिए त्रिवेणी को आलोचकों ने "अधूरी पूर्णता की कविता" कहा है। दो पंक्तियों में कविता पूरी, तीसरी में ज़िंदगी पूरी।

यदि मैं कहूँ कि त्रिवेणी को संगीत बद्ध (कम्पोज) करना और गाना सिर्फ़ जगजीत जी के ही बस की बात थी तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। नए प्रयोग करने को हमेशा तत्पर और विलक्षण प्रतिभा के धनी जगजीत सिंह ने त्रिवेणी भी गाई और वह भी इस ख़ूबी के साथ कि कविता की अल्प समझ रखने वाला व्यक्ति भी त्रिवेणी में छुपे मायने को आसानी से समझ लेता है। 2006 में रिलीज हुए गुलज़ार साहब के साथ उनका अल्बम 'कोई बात चले' में उनकी गाई इस त्रिवेणी को सुनिए और स्वयं निर्णय लीजिए :

तेरी सूरत जो भरी रहती है आँखों में सदा
अजनबी लोग भी पहचाने से लगते हैं मुझे
तेरे रिश्तों में तो दुनिया ही पिरो ली मैंने

एक से घर हैं सभी एक से हैं बाशिन्दे
अजनबी शहर में कुछ अजनबी लगता ही नहीं
एक से दर्द हैं सब एक से ही रिश्ते हैं

उम्र के खेल में इक तरफ़ा है ये रस्साकशी
इक सिरा मुझको दिया होता तो कुछ बात भी थी
मुझसे तगड़ा भी है और सामने आता भी नहीं

24. शीर्षक या प्रारम्भिक गीत

24. *शीर्षक या प्रारम्भिक गीत* 

जगजीत जी की आवाज़ के जादू का आलम यह था कि दूरदर्शन में आने वाले हर उत्कृष्ट और सामाजिक सीरियल के निर्माता उनकी आवाज़ में टाइटल सॉन्ग रखना चाहते। अच्छे उपन्यासों पर आधारित सीरियल दूरदर्शन से प्रसारित होने लगे। जगजीत सिंह की आवाज़ दूरदर्शन के इस सुनहरे दौर की पहचान बन गई । उनके गाये हुए कुछ सबसे यादगार सीरियल टाइटल सॉन्ग ये हैं:

*दूरदर्शन के मुख्य टाइटल सॉन्ग:*

- *मिर्ज़ा ग़ालिब (1988)* - गुलज़ार निर्देशित। जगजीत सिंह ने पूरे सीरियल का संगीत दिया था। ग़ज़लें - _हज़ारों ख्वाहिशें ऐसी, दिल ही तो है, आह को चाहिए, हज़ारों ख्वाहिशें_ आदि। ये भी एक तरह से टाइटल/थीम सॉन्ग थे।

- *इंतज़ार (1989)* - टाइटल सॉन्ग - _भूखे को रोटी का इंतज़ार_ - जगजीत सिंह

- *कहकशां (1991)* - उर्दू शायरों पर बना सीरियल। जलाल आगा निर्देशित, अली सरदार जाफरी निर्मित। पूरा एल्बम जगजीत सिंह का है।

- *नीम का पेड़ (1991/1994)* - टाइटल सॉन्ग - _मुंह की बात सुने हर कोई, दिल की बात सुने..._ - गीत: निदा फ़ाज़ली

- *दरार (1994)* - टाइटल सॉन्ग - _रिश्तों में दरार आई_

- *हेलो ज़िंदगी (1995)* - TV डॉक्यूमेंट्री - टाइटल सॉन्ग - _है लौ ज़िंदगी_

- *सैलाब (1996)* - टाइटल सॉन्ग - _अपनी मर्ज़ी से कहाँ अपने सफ़र के हम हैं, रिश्ता क्या है तेरा मेरा, जीवन क्या है चलता  फिरता एक खिलौना है_ 

- *औरत (DD पर BR चोपड़ा का सीरियल)* - टाइटल सॉन्ग - जगजीत सिंह - _औरत_ - संगीत: राजकमल, गीत: हसन कमाल

- *हीना (1999)* - टाइटल सॉन्ग - _कोई ये कैसे बताए_

- *पल छिन (1999)* - टाइटल सॉन्ग - _कोई अटका हुआ है पल शायद_ 

इनके अलावा *गीतांजलि - रवींद्रनाथ टैगोर पर आधारित दूरदर्शन सीरीज़* में भी जगजीत जी ने गाया था।

इसके अतिरिक्त कला और संस्कृति मंत्रालय या संस्थानों ने भी उन्हें ही प्राथमिकता दी।  

इस सम्बन्ध में मुझे हैदराबाद के गोलकुंडा फोर्ट की याद आती है।

प्राचीन नाम मंगलवरम से गोलकुंडा होने में और यादवा, काकतिया और कुतुबशाही के राज से होते हुए दिल्ली के शासक अल्लाउद्दीन खिलजी के आक्रमण का ख़ौफ़ झेलते हुए और फिर ब्रिटिश राज की अवधि में गोलकुंडा अतीत का एक लंबा इतिहास समेटे हुए है। 

गोलकुंडा फोर्ट देखने का मौक़ा मुझे पहली बार 1996 में मिला था।मुझे जिस चीज ने सर्वाधिक लुभाया वह था दुर्ग में होने वाला साउंड लाइट एंड (Son et Lumiere) कार्यक्रम। एक घण्टे के इस शो में अमिताभ बच्चन की आवाज़ में कमेंटरी चलती है। यही उसका USP (विशिष्ट विक्रय बिंदु) माना जाता है।

इसमें दो राय नहीं कि अमिताभ बच्चन की गम्भीर वाणी में गोलकुंडा के इतिहास के बारे में सुनना बड़ा ही सुखद अहसास है। परन्तु कार्यक्रम की शुरुआत और बाद में संगीत की जो धुन कानों में गई उससे आत्मा के तार झंकृत हो गए। मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि अब जो नज़्म गाई जाएगी वह जगजीत सिंह की आवाज़ में होगी।

इस साउंड और लाइट कार्यक्रम में गोलकुंडा के शानो शौकत, खुशहाली और फिर सियासती दांव पेंच की कहानी बयां की गई है। काकतीय शासक प्रतापरुद्र और उसके सेनापति के बीच वार्ता सुनाई देती है। दिल्ली का शासक कब चढ़ाई कर दे, इसका भय व्यक्त किया जाता है। एक भजन भी बजता है और तेलुगु गीत भी।

नज़्म के बोल ( लिरिक्स) में इसी शानोशौकत का ज़िक्र है जो पर्याप्त नहीं प्रतीत होते।महसूस होता है कि काश और लम्बी नज़्म होती।  जगजीत सिंह की बनाई धुन और आवाज़ का असर आज भी दिलोदिमाग पर तारी है। नज़्म आप भी सुनिए:

एक गुलशन था जलवानुमां इस जगह,
रंग-ओ-बू जिसकी दुनिया में मशहूर थी,
बेग़मों की हँसी गूँजती थी यहीं,
शाह की शानोशौकत में भरपूर थी

ताज की शक्ल में जब तक ये क़िला,
गोल्कोंड़ा की अज़्मत करेगा बयां,
मिट सकेगी नहीं शानेमुल्केदक्कन,
मिट सकेगा नहीं उसका कोई निशां

ये क़िला ये फ़सीना ये वीरानियां,
हैं उसी शान-ओ-शौकत की परछाइयां,
जिस की दिलकश कहानी का है राज़दां,
ये नीला सितारों जड़ा आसमां

वक़्त की मार सहकर जो कायम रहे,
कैफ़ियत बस यही थी उसी रान की,
गोल्कोंड़ा की अज़्मत का कहना ही क्या,
ये क़िला है निशानी उसी शान की

जहां तक मेरा अनुमान है कि नज़्म के शायर निदा फ़ाज़ली हैं पर इस बात का प्रमाण मुझे नहीं मिला।

संसद में भी जगजीत सिंह को दो बार गाने का मौक़ा मिला। लेकिन सबसे ऐतिहासिक प्रस्तुति 10 मई 2007 को थी।

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 150 साल पूरे होने पर संसद के *सेंट्रल हॉल में Joint Session* रखा गया था। राष्ट्रपति ए.पी.जे अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, उप-राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत, लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी और कई विदेशी राजदूत की उपस्थिति में जगजीत सिंह ने 
आखिरी मुगल बादशाह बहादुर शाह ज़फर की मशहूर ग़ज़ल - "लगता नहीं है दिल मेरा उजड़े दयार में" गाया। बहादुर शाह जफर के इस ग़ज़ल का एक शेर सिमाब अकबराबादी का लिखा हुआ है, 

लगता नहीं है दिल मिरा उजड़े दयार में 
किस की बनी है आलम-ए-ना-पाएदार में 

(दयार = शहर, घर, मकान), (आलम-ए-नापायदार = नश्वर जगत)

कह दो इन हसरतों से कहीं और जा बसें 
इतनी जगह कहाँ है दिल-ए-दाग़-दार में 

(दिल-ए-दाग़दार = घायल हृदय)

काँटों को मत निकाल चमन से ओ बाग़बाँ 
ये भी गुलों के साथ पले हैं बहार में 

बुलबुल को बाग़बाँ से न सय्याद से गिला 
क़िस्मत में क़ैद लिक्खी थी फ़स्ल-ए-बहार में 

कितना है बद-नसीब 'ज़फ़र' दफ़्न के लिए 
दो गज़ ज़मीन भी न मिली कू-ए-यार में 

(कू-ए-यार = यार की गली)

-बहादुर शाह ज़फ़र

उम्र-ए-दराज़ माँग के लाई थी चार दिन
दो आरज़ू में कट गये, दो इंतज़ार में
(उम्र-ए -दराज़ =लम्बी उम्र)
-सीमाब अकबराबादी


इसके बाद 12 सितंबर 2007 राज्यसभा  ने पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में उनका प्रोग्राम रखा था। वहाँ उन्होंने इसी ग़ज़ल से शुरुआत की और फिर मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लें, 'होंठों से छू लो तुम', 'ये कागज़ की कश्ती' जैसे अपने ऑल-टाइम हिट्स भी सुनाए थे।

23. वो भी इक दौर था

23. *वो भी इक दौर था* 

श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में जगजीत जी का कंसर्ट सुनने के बाद मन मस्तिष्क पर एक अजीब खुमारी सी छा गई। दूसरे दिन अख़बारों में छपी उनके कार्यक्रमों की समीक्षा पढ़ी। मन भावविभोर हो उठा। अब उनकी ग़ज़लों की धारा के साथ मैं बहने लगा। जिधर बहा कर ले जाए। 

उनकी ग़ज़लें डायरी में उतारना मेरा शगल बन गया। साथ ही अच्छी कविताओं, नज़मों और ग़ज़लों से दिलचस्पी होने लगी। ग़ज़लों की पुस्तकें ख़रीदने का भी शौक़ पैदा हुआ। मेरे मित्र इबरार अहमद, जो उन दिनों उर्दू लिटरेचर में एम ए कर रहे थे, मुझे अच्छे और नए शायरों के बारे में बताते रहते थे और जब भी उन शायरों की हिंदी में कोई अनुदित पुस्तक आती तो मुझे पटना मार्केट में नागेंद्र की किताब की दुकान पर भी साथ ले जाते। उनकी अनुशंसा पर ही मैंने बशीर बद्र की 'तुम्हारे लिए' और 'उजाले अपनी यादों के' और निदा फ़ाज़ली की 'खोया हुआ सा कुछ' और मज़ाज़ लखनवी की पुस्तकें खरीदी थीं । बाद में जब जगजीत सिंह ने 'कहकशां' सीरियल में मजाज़ की शायरी गाई और बशीर बद्र या निदा फ़ाज़ली पर समर्पित अल्बम निकाला तो सारी ग़ज़लें मेरी पहले की पढ़ी हुईं थीं जिससे उनकी कम्पॉजिशन या ग़ज़ल के भाव समझने और रूह की गहराई में उतरने में आसानी हुई।

उनकी ग़ज़लें हारमोनियम पर बजा कर गाने की भी मैं कोशिश करने लगा। उनकी ग़ज़लें सुनने में आसान लगतीं पर गाने में बेहद कठिन होतीं। संगीत के शिक्षक भी ठीक से सिखा नहीं पाते। सबसे कठिन तो उनकी ग़ज़लों में बजने वाले ताल होते। ढोलक को सीधा खड़ा कर एक ही साइड पर दोनों हाथों से बजाने की कला सबसे पहले उन्हीं के कंसर्ट में देखी गई। तबला, ढोलक और परकशन के प्रयोग से ताल की मात्रा गिन पाना आसान ना होता। मामला जटिल होने के बावजूद असर बेहद हृदयग्राही होता। 

यह अस्सी का दशक था। कई मामलों में अस्सी और नब्बे के दशक को न भुलाए जाने वाले दशक के रूप में याद किया जाएगा। इस दौर में तक़रीबन हर क्षेत्र में दुनिया करवट ले रही थी। खेल,कला, संस्कृति, साहित्य, ग़ज़ल, संगीत, मनोरंजन, विज्ञान आदि लगभग हर क्षेत्र में नए प्रयोग हो रहे थे और विज्ञान के नए चमत्कारों से दुनिया अपनी तस्वीर बदल रही थी।

अस्सी में ही कैसेट क्रांति आई थी। एचएमवी, म्यूजिक इंडिया लिमिटेड आदि कम्पनियों के कैसेट्स घर घर में देखे जा सकते थे। ग़ज़ल अब नवाबों की बैठक से निकलकर मिडिल क्लास के टेप रिकॉर्डर पर आ गई।

और फिर दूरदर्शन।
दूरदर्शन का आगमन तो हो चुका था और घरों की छतों पर एंटीनाओं की भरमार थी पर 1982 में दिल्ली एशियाड के साथ ही पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर दूरदर्शन में रंगीन प्रसारण हुआ और INSAT 1A से पूरे देश में कवरेज हुआ था। इसी के बाद रामायण, महाभारत, हम लोग, बुनियाद जैसे शो घर-घर पहुँचे।

दूरदर्शन के 'ब्लैक एन्ड व्हाईट' युग में जगजीत सिंह की एक प्रस्तुति 'हम तो हैं परदेस में देस में निकला होगा चाँद ' ख़ूब मक़बूल हुई थी जो आज भी यूट्यूब में सुनी जा सकती है । सुंदर मुखड़े और छरहरे बदन वाले नौजवान जगजीत सिंह की उस प्रस्तुति की मिठास या तासीर आज भी जस की तस है।

रंगीन टीवी के ज़माने में ग़ज़लों का एक कार्यक्रम आता था,'ग़ज़ल के साए'। इस कार्यक्रम में जगजीत जी की ग़ज़लें सुनने के लिए मैं उन दोस्तों के घर जाता जिनके यहाँ रंगीन टीवी हुआ करते।

टीवी का ब्लैक एन्ड व्हाइट से रंगीन में विकसित होने के साथ कैसेट्स के बाद सीडी यानी कम्पैक्ट डिस्क का आगमन हुआ। फिलिप्स और सोनी कम्पनियों ने इसे मिलकर बनाया था। पहला सीडी प्लेयर अक्टूबर 1982 में सोनी कंपनी ने जापान में लॉन्च किया। भारत में CD 80s के आखिर और 90s की शुरुआत में आया।

यह दौर ग़ज़लों के लिए दूसरा स्वर्ण युग था। सत्तर के दशक के आखिर में जो बीज पड़ा था,अस्सी में वो घर-घर पहुँच गया। इससे पहले ग़ज़ल क्लासिकल महफ़िल की चीज़ हुआ करती थी। इस दौर में कठिन उर्दू से हटकर आसान हिंदी-उर्दू वाली ज़बान आई। 'प्रेमगीत' फ़िल्म का 'होंठो से छू लो तुम' आज भी लोगों की जुबान पर है।

अस्सी के दशक में शायरों की सर्जनात्मकता भी अपने उरुज पर थी। छोटे बहर के शेर खूब पसंद किए जाने लगे। निदा फ़ाज़ली, जावेद अख़्तर, बशीर बद्र, वसीम बरेलवी आदि के शेर सीधे दिल में उतरते थे। निदा फ़ाज़ली का लिखा "कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता" लोगों के लिए मरहम का काम करता। ज़िन्दगी में कुछ न पा सकने का मलाल मिट जाता।

अस्सी के दशक ने ग़ज़ल को मुश्किल से आसान, महफिल से कैसेट, और उस्तादों से आम आदमी की आवाज़ बना दिया। जगजीत-चित्रा सिंह इस दशक के ग़ज़लों के बादशाह बन चुके थे। अस्सी के दशक में आए उनके एल्बम इतिहास बन गए। जिनमें उल्लेखनीय है 
The Latest (1982), Ecstasies (1984), A Sound Affair (1985) और Beyond Time (1987), और Marasim (1988)। 

The Latest की तमाम ग़ज़लों के शायरी सुदर्शन फाकिर थे तो Marasim में गुलज़ार साहब की ग़ज़लें थीं।

Beyond Time पहला डिजिटल साउंड वाला एल्बम था जिसकी रिकॉर्डिंग लंदन में हुई।


उन्होंने आसान शायरी को तरजीह दी। मोहब्बत के साथ-साथ अकेलापन, शहर, बेरोज़गारी, महंगाई, रिश्तों की थकान, धार्मिक साहिष्णुता जैसे विषय भी अपनी ग़ज़लों के लिए चुने। आम आदमी के भोगे हुए यथार्थ की वजह से ये ग़ज़लें आत्मा की गहराई तक उतर जातीं। ये भाव सार्वकालिक हैं इसलिए अहसास क्षणिक नहीं बल्कि आज तक कायम हैं और प्रासंगिक भी। 

कठिन उर्दू के नाम पर हम मिर्ज़ा ग़ालिब और 'कहकशां' की ग़ज़लों की शायरी रख सकते हैं परन्तु गाने का अंदाज़ और कम्पॉजिशन इतना दिलकश था कि उन ग़ज़लों को भी हम भुलाए नहीं भूल पाते।  खासकर फिराक गोरखपुरी की 'अब अक्सर चुप चुप से रहे हैं यूं ही ज़रा लब खोले हैं ' या मख़दूम की 'इक चमेली के मंडवे तले' या मजाज़ की 'हिजाब-ए-फ़ितनापरवर अब उठा लेती तो अच्छा था' और 'ऐ दिल- ए-ग़म क्या करुं  ऐ वहशत-ए -दिल क्या करुँ'। आज जब इन ग़ज़लों को सुनता हूँ तो लगता है कि जगजीत सिंह अपने समय से बहुत आगे थे।

मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लों को उन्होंने इतना सुगम रखा कि ग़ालिब की गंभीर शायरी भी आत्मा की गहराई में आसानी से उतरती चली जाती है। ना ज़्यादा शास्त्रीयता, न शोर और ना ज्यादा मुरकी। बस एक गहरी, थकी हुई सी आवाज़ जैसे ग़ालिब स्वयं गा रहे हों। 

उनसे पहले ग़ज़ल में हारमोनियम, तबला और सारंगी जरूरी था, पर जगजीत जी ने साबित किया कि गिटार और पियानो से भी दर्द निकल सकता है। गुलज़ार साहब शुरु में जगजीत जी से इस बात से सहमत नहीं हो पा रहे थे कि ग़ालिब की ग़ज़लों में गिटार, वायलिन या अन्य पाश्चात्य वाद्य यन्त्रों का प्रयोग हो परन्तु जगजीत जी नहीं माने। उन्होंने साबित कर दिखाया कि इन वाद्य यन्त्रों से ग़ालिब की ग़ज़लों की आत्मा में कहीं कोई समझौता नहीं हुआ। गुलज़ार साहब ने जब जगजीत जी की आवाज़ में मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लें सुनी तो अभिभूत थे। 

इस संदर्भ में बसीम बरेलवी का एक मज़ेदार किस्सा याद आता है। किसी इंटरव्यू में वे जगजीत जी के कम्पॉजिशन के बारे में बोल रहे थे। मिर्ज़ा ग़ालिब का ज़िक्र आने पर उन्होंने बड़े ही मोहक अंदाज़ में अपनी राय व्यक्त की कि, 'यदि मिर्ज़ा ग़ालिब ज़िंदा होते और जगजीत की आवाज़ में अपनी ही ग़ज़लें सुनते तो मारे ख़ुशी के फिर मर जाते ' 

यह अतिशयोक्ति नहीं बल्कि जगजीत जी के शाहकार (उत्कृष्ट कृति) का प्रमाण है।

22. मौक़ा रूबरू सुनने का

22. *मौक़ा रूबरू सुनने का** 

मुझे उन्हें रूबरू सुनने का तीन बार मौक़ा मिला। दो बार पटना में और एक बार दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में। यह अजीब संयोग है कि पटना में हुए उनके प्रथम और दिल्ली में आख़िरी कंसर्ट में मैं मौजूद था।

पटना का प्रथम कंसर्ट अस्सी के दशक में श्री कृष्ण मेमोरीयल हॉल में हुआ था।  जिसका आयोजन श्री समशेर सिंह ने किया था जो भारतीय स्टेट बैंक के लक्ष्मी पूजा समिति के सांस्कृतिक सचिव थे।उन्होंने बम्बई जाकर जगजीत जी से भेंट की और उन्हें सपत्नीक पटना आ कर कार्यक्रम देने के लिए राजी किया था।

उस समय  समशेर जी  कदमकुआँ शाखा में कार्यरत थे और मैं भी उसी शाखा में था। तब तक जगजीत जी की शोहरत बुलंदी पर थी और उनके प्रति मेरी दीवानगी भी। मेरी इस दीवानगी से वे भली भांति परिचित थे। लिहाजा आगे बैठने का पास शाखा के चुने हुए सदस्यों में सबसे पहले उन्होंने मुझे दिया था और जगजीत जी से मिलाने का वादा भी किया। इसी शाखा में श्री केशव भारतीय भी थे। वे भी लक्ष्मी पूजा समिति के महत्वपूर्ण सदस्यों में एक थे।

वे एक श्रेष्ठ साउंड इंजीनियर होने के साथ पुराने नए EP या LP रिकॉर्डस के महान संग्रहकर्ता भी थे और आज भी हैं। उस कार्यक्रम में वे उस समय तक के जगजीत सिंह के प्रकाशित रिकॉर्डस अपने साथ लेकर गए थे और मेरे सम्मुख उन रिकार्ड्स पर उनसे हस्ताक्षर लिए थे। जगजीत और चित्रा जी को सामने से देखने का यह मेरा पहला अवसर था। इस पुस्तक में अधिकांश जानकारी मैंने उनसे और उनके पास संग्रहित प्रथम संस्करण ईपी (एक्सटेंडेड प्ले) या एल पी (लॉन्ग प्ले) से ली है।

जहां तक पटना के उस पहले कंसर्ट में उनकी प्रस्तुति की बात है, मुझे याद आता है कि नवनिर्मित हॉल के अंदर भीषण गर्मी थी। हॉल वतानुकूलित नहीं था। स्टेज पर पेडस्टल पंखे लगाए गए पर पंखों की आवाज़ जगजीत जी की गायकी में विघ्न पैदा कर रहीं थी। जगजीत जी अपने ऑडीएन्स से सम्पर्क स्थापित करने में माहिर थे। अपने मज़ाकिए स्वभाव से उन्होंने श्रोताओं को बांधे रखा। अंत में हॉल के सभी दरवाज़े को खोल देने के लिए कहा जिससे 'क्रॉस वेंटीलेशन' हो सके।  

मुझे उस प्रोग्राम में उनकी गई हुईं दो ग़ज़लें आज भी याद हैं, 'मिल कर जुदा हुए तो ना सोया करेंगे हम' और 'कोई पास आया सबेरे सबेरे'।