Sunday, November 1, 2026

14. साहसिक कदम

14. *साहसिक कदम*

HMV ने आख़िरकार जगजीत सिंह की एक LP निकालने की स्वीकृति दे दी। मेहंदी हसन घराने की गायकी की स्टाइल से इतर और अपनी पसन्द की लिरिक्स की ग़ज़लों को गाने की उनकी छटपटाहट से यह सोचा भी नहीं जा सकता था कि जगजीत इस अवसर का भरपूर फ़ायदा न उठाते और अपनी मौलिकता की छाप न छोड़ते। बावजूद इसके कि प्रथम LP के लिए इस तरह का प्रयोग करना जोख़िम भरा हुआ सिद्ध हो सकता था।

यद्यपि प्राइवेट महफ़िलों में जगजीत सिंह ने अपनी पसन्द की लीक से हटकर विषयों और नई थीम की ग़ज़लें और नज़्में ख़ूब गाईं और म्यूजिक में अपनी पसंद के साज़ों के प्रयोग भी किए परन्तु  LP के लिए बहुत सोच समझ कर कदम उठाने की आवश्यकता थी।

परन्तु बीज के अंकुरण के लिए मिट्टी, हवा, पानी और मौसम भी अनुकूल हो चुके थे। भारतीय संगीत के इतिहास में ग़ज़लें ख़ुद ही अपनी धारा और दिशा बदलने को बेताब हो रही थीं। मानो ग़ज़लें पुरानी गोद से उतर कर जगजीत की गोद में खेलने और मचलने के लिए बेचैन हो रही हों । 

जगजीत की प्रतिभा केवल गीत-ग़ज़ल के कम्पोजिशन और गाने में ही नहीं थी बल्कि ग़ज़लों के चुनाव, उसकी सजावट और क्रम, वाद्य यंत्रों के चुनाव, रिकॉर्ड के नामकरण और कई नई चीजों के अन्वेषण में भी थी। 

इस LP में उनकी ये सारी प्रतिभाएं एक साथ उभर कर आने वाली थीं जिसके साक्षी वे सभी साजिंदे बनने जा रहे थे जिन्होंने इस LP  में उनके साथ बजाया चाहे वे सुरेंद्र शर्मा (संतूर वादक) हों या पीटरसन (गिटार वादक), नारायण (तबला वादक) हों या सुनील दास (सितार वादक, सम्भवतः जगजीत को उनका साथ बाद में मिला)। 

हालांकि जगजीत ने अपनी सफलता का श्रेय हमेशा अपने साजिंदों को ही दिया फिर भी जगजीत का परस पाकर सभी वादकों का वादन कौशल अपने चरम निखार पर आ गया इस बात में भी कोई अतिशयोक्ति नहीं। ये सभी वादक बहुत ही उच्चकोटि के थे और ऐसा लगता था कि सभी को एक दूसरे की तलाश थी। जगजीत की खोजी निगाहों ने इन्हें अपने साथ करने में कभी भूल न की। 

अब कलीयरेन्स पीटरसन को ही लीजिए। पीटरसन गिटार का शो किया करते थे। ऑरकेस्ट्रा में रफ़ी के गीत भी गाते थे। गिटार से जगजीत को कॉलेज के दिनों से ही आकर्षण था। 

1951 में बनी फ़िल्म 'बाज़ी' में गीता दत्त की गाई हुई साहिर लुधियानवी की एक ग़ज़ल 'तदबीर से बिगड़ी हुई तकदीर बना ले, अपने पे भरोसा है तो दांव लगा ले' में सचिनदेव बर्मन ने गिटार का प्रयोग किया था। इस ग़ज़ल मे गिटार के कॉर्ड्स ने श्रोताओं का मन मोह लिया था। फ़िल्म में भी गीता बाली हाथ मे गिटार लिए हुए यह ग़ज़ल गाती हैं।

जगजीत के ज़ेहन में युवावस्था से ही यह बात अवश्य दबी होगी कि केवल फ़िल्मी ही नहीं ग़ैर फ़िल्मी गीतों-ग़ज़लों में भी गिटार का प्रयोग किया जा सकता है और यह ख़्वाहिश पूरी की पीटरसन ने।

पीटरसन याद करते हुए कहते हैं कि उन दिनों जगजीत पॉपुलर नहीं हुए थे। उनके एक शो को देखने के बाद एक सुंदर स्मार्ट सा लड़का उनसे मिला और अपना नाम जगजीत सिंह बताते हुए कहा,'आपके साथ मुझे बहुत काम करना है' और पीटरसन ने हामी भर दी। 

इस बीच 1972 मे ईस्ट अफ्रीका में शो करने दोनों साथ गए जिससे दोनों के रिश्ते में प्रगाढ़ता आई जो आजीवन रही। जब LP करने के लिए HMV से बुलावा आया तो जगजीत को सबसे पहले पीटरसन की ही याद आई। पीटरसन अकेले कलाकार हैं जो जगजीत के प्रथम LP 'the unforgettables' से लेकर आख़िरी शो तक उनके साथ रहे। अरशद अहमद और चिंटू सिंह के आने के बाद भी जगजीत ने पीटरसन को कभी नहीं छोड़ा।  

जगजीत ने इस LP के लिए दस ग़ज़लें चुनीं। रिकॉर्ड का पहला चयन एक नज़्म थी जो एक साहसिक (बोल्ड) चयन माना जाएगा। पहली ही धुन पीटरसन के गिटार से शुरू होती है। ग़ज़ल के अल्बम के लिए ऐसा न पहले कभी सुना गया था और न सोचा गया था। नज़्म थी, 'बात निकलेगी तो फिर दूर तलक जाएगी'

यह नज़्म पहले जगजीत जी के संगीत निर्देशन में भूपेंद्र सिंह ने रिकॉर्ड किया था पर किसी कारणवश वह नज़्म प्रसारित न हो सकी। दुबारा रिकॉर्डिंग के समय अन्तरे में जगजीत कुछ बदलाव चाहते थे। सीनियर होने के नाते भूपेंद्र सिंह ने इसे स्वीकार नहीं किया और थोड़ी नाराज़गी में बीच में ही छोड़ दिया। फिर जगजीत की आवाज़ में यह नज़्म किसी फ़िल्म के लिए रिकॉर्ड हुई पर किसी कारणवश फ़िल्म भी रिलीज नहीं हुई। फिर जगजीत ने अपने LP के प्रथम गाने के रूप में इसी नज़्म को चुना।

No comments:

Post a Comment