23. *वो भी इक दौर था*
श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में जगजीत जी का कंसर्ट सुनने के बाद मन मस्तिष्क पर एक अजीब खुमारी सी छा गई। दूसरे दिन अख़बारों में छपी उनके कार्यक्रमों की समीक्षा पढ़ी। मन भावविभोर हो उठा। अब उनकी ग़ज़लों की धारा के साथ मैं बहने लगा। जिधर बहा कर ले जाए।
उनकी ग़ज़लें डायरी में उतारना मेरा शगल बन गया। साथ ही अच्छी कविताओं, नज़मों और ग़ज़लों से दिलचस्पी होने लगी। ग़ज़लों की पुस्तकें ख़रीदने का भी शौक़ पैदा हुआ। मेरे मित्र इबरार अहमद, जो उन दिनों उर्दू लिटरेचर में एम ए कर रहे थे, मुझे अच्छे और नए शायरों के बारे में बताते रहते थे और जब भी उन शायरों की हिंदी में कोई अनुदित पुस्तक आती तो मुझे पटना मार्केट में नागेंद्र की किताब की दुकान पर भी साथ ले जाते। उनकी अनुशंसा पर ही मैंने बशीर बद्र की 'तुम्हारे लिए' और 'उजाले अपनी यादों के' और निदा फ़ाज़ली की 'खोया हुआ सा कुछ' और मज़ाज़ लखनवी की पुस्तकें खरीदी थीं । बाद में जब जगजीत सिंह ने 'कहकशां' सीरियल में मजाज़ की शायरी गाई और बशीर बद्र या निदा फ़ाज़ली पर समर्पित अल्बम निकाला तो सारी ग़ज़लें मेरी पहले की पढ़ी हुईं थीं जिससे उनकी कम्पॉजिशन या ग़ज़ल के भाव समझने और रूह की गहराई में उतरने में आसानी हुई।
उनकी ग़ज़लें हारमोनियम पर बजा कर गाने की भी मैं कोशिश करने लगा। उनकी ग़ज़लें सुनने में आसान लगतीं पर गाने में बेहद कठिन होतीं। संगीत के शिक्षक भी ठीक से सिखा नहीं पाते। सबसे कठिन तो उनकी ग़ज़लों में बजने वाले ताल होते। ढोलक को सीधा खड़ा कर एक ही साइड पर दोनों हाथों से बजाने की कला सबसे पहले उन्हीं के कंसर्ट में देखी गई। तबला, ढोलक और परकशन के प्रयोग से ताल की मात्रा गिन पाना आसान ना होता। मामला जटिल होने के बावजूद असर बेहद हृदयग्राही होता।
यह अस्सी का दशक था। कई मामलों में अस्सी और नब्बे के दशक को न भुलाए जाने वाले दशक के रूप में याद किया जाएगा। इस दौर में तक़रीबन हर क्षेत्र में दुनिया करवट ले रही थी। खेल,कला, संस्कृति, साहित्य, ग़ज़ल, संगीत, मनोरंजन, विज्ञान आदि लगभग हर क्षेत्र में नए प्रयोग हो रहे थे और विज्ञान के नए चमत्कारों से दुनिया अपनी तस्वीर बदल रही थी।
अस्सी में ही कैसेट क्रांति आई थी। एचएमवी, म्यूजिक इंडिया लिमिटेड आदि कम्पनियों के कैसेट्स घर घर में देखे जा सकते थे। ग़ज़ल अब नवाबों की बैठक से निकलकर मिडिल क्लास के टेप रिकॉर्डर पर आ गई।
और फिर दूरदर्शन।
दूरदर्शन का आगमन तो हो चुका था और घरों की छतों पर एंटीनाओं की भरमार थी पर 1982 में दिल्ली एशियाड के साथ ही पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर दूरदर्शन में रंगीन प्रसारण हुआ और INSAT 1A से पूरे देश में कवरेज हुआ था। इसी के बाद रामायण, महाभारत, हम लोग, बुनियाद जैसे शो घर-घर पहुँचे।
दूरदर्शन के 'ब्लैक एन्ड व्हाईट' युग में जगजीत सिंह की एक प्रस्तुति 'हम तो हैं परदेस में देस में निकला होगा चाँद ' ख़ूब मक़बूल हुई थी जो आज भी यूट्यूब में सुनी जा सकती है । सुंदर मुखड़े और छरहरे बदन वाले नौजवान जगजीत सिंह की उस प्रस्तुति की मिठास या तासीर आज भी जस की तस है।
रंगीन टीवी के ज़माने में ग़ज़लों का एक कार्यक्रम आता था,'ग़ज़ल के साए'। इस कार्यक्रम में जगजीत जी की ग़ज़लें सुनने के लिए मैं उन दोस्तों के घर जाता जिनके यहाँ रंगीन टीवी हुआ करते।
टीवी का ब्लैक एन्ड व्हाइट से रंगीन में विकसित होने के साथ कैसेट्स के बाद सीडी यानी कम्पैक्ट डिस्क का आगमन हुआ। फिलिप्स और सोनी कम्पनियों ने इसे मिलकर बनाया था। पहला सीडी प्लेयर अक्टूबर 1982 में सोनी कंपनी ने जापान में लॉन्च किया। भारत में CD 80s के आखिर और 90s की शुरुआत में आया।
यह दौर ग़ज़लों के लिए दूसरा स्वर्ण युग था। सत्तर के दशक के आखिर में जो बीज पड़ा था,अस्सी में वो घर-घर पहुँच गया। इससे पहले ग़ज़ल क्लासिकल महफ़िल की चीज़ हुआ करती थी। इस दौर में कठिन उर्दू से हटकर आसान हिंदी-उर्दू वाली ज़बान आई। 'प्रेमगीत' फ़िल्म का 'होंठो से छू लो तुम' आज भी लोगों की जुबान पर है।
अस्सी के दशक में शायरों की सर्जनात्मकता भी अपने उरुज पर थी। छोटे बहर के शेर खूब पसंद किए जाने लगे। निदा फ़ाज़ली, जावेद अख़्तर, बशीर बद्र, वसीम बरेलवी आदि के शेर सीधे दिल में उतरते थे। निदा फ़ाज़ली का लिखा "कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता" लोगों के लिए मरहम का काम करता। ज़िन्दगी में कुछ न पा सकने का मलाल मिट जाता।
अस्सी के दशक ने ग़ज़ल को मुश्किल से आसान, महफिल से कैसेट, और उस्तादों से आम आदमी की आवाज़ बना दिया। जगजीत-चित्रा सिंह इस दशक के ग़ज़लों के बादशाह बन चुके थे। अस्सी के दशक में आए उनके एल्बम इतिहास बन गए। जिनमें उल्लेखनीय है
The Latest (1982), Ecstasies (1984), A Sound Affair (1985) और Beyond Time (1987), और Marasim (1988)।
The Latest की तमाम ग़ज़लों के शायरी सुदर्शन फाकिर थे तो Marasim में गुलज़ार साहब की ग़ज़लें थीं।
Beyond Time पहला डिजिटल साउंड वाला एल्बम था जिसकी रिकॉर्डिंग लंदन में हुई।
उन्होंने आसान शायरी को तरजीह दी। मोहब्बत के साथ-साथ अकेलापन, शहर, बेरोज़गारी, महंगाई, रिश्तों की थकान, धार्मिक साहिष्णुता जैसे विषय भी अपनी ग़ज़लों के लिए चुने। आम आदमी के भोगे हुए यथार्थ की वजह से ये ग़ज़लें आत्मा की गहराई तक उतर जातीं। ये भाव सार्वकालिक हैं इसलिए अहसास क्षणिक नहीं बल्कि आज तक कायम हैं और प्रासंगिक भी।
कठिन उर्दू के नाम पर हम मिर्ज़ा ग़ालिब और 'कहकशां' की ग़ज़लों की शायरी रख सकते हैं परन्तु गाने का अंदाज़ और कम्पॉजिशन इतना दिलकश था कि उन ग़ज़लों को भी हम भुलाए नहीं भूल पाते। खासकर फिराक गोरखपुरी की 'अब अक्सर चुप चुप से रहे हैं यूं ही ज़रा लब खोले हैं ' या मख़दूम की 'इक चमेली के मंडवे तले' या मजाज़ की 'हिजाब-ए-फ़ितनापरवर अब उठा लेती तो अच्छा था' और 'ऐ दिल- ए-ग़म क्या करुं ऐ वहशत-ए -दिल क्या करुँ'। आज जब इन ग़ज़लों को सुनता हूँ तो लगता है कि जगजीत सिंह अपने समय से बहुत आगे थे।
मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लों को उन्होंने इतना सुगम रखा कि ग़ालिब की गंभीर शायरी भी आत्मा की गहराई में आसानी से उतरती चली जाती है। ना ज़्यादा शास्त्रीयता, न शोर और ना ज्यादा मुरकी। बस एक गहरी, थकी हुई सी आवाज़ जैसे ग़ालिब स्वयं गा रहे हों।
उनसे पहले ग़ज़ल में हारमोनियम, तबला और सारंगी जरूरी था, पर जगजीत जी ने साबित किया कि गिटार और पियानो से भी दर्द निकल सकता है। गुलज़ार साहब शुरु में जगजीत जी से इस बात से सहमत नहीं हो पा रहे थे कि ग़ालिब की ग़ज़लों में गिटार, वायलिन या अन्य पाश्चात्य वाद्य यन्त्रों का प्रयोग हो परन्तु जगजीत जी नहीं माने। उन्होंने साबित कर दिखाया कि इन वाद्य यन्त्रों से ग़ालिब की ग़ज़लों की आत्मा में कहीं कोई समझौता नहीं हुआ। गुलज़ार साहब ने जब जगजीत जी की आवाज़ में मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़लें सुनी तो अभिभूत थे।
इस संदर्भ में बसीम बरेलवी का एक मज़ेदार किस्सा याद आता है। किसी इंटरव्यू में वे जगजीत जी के कम्पॉजिशन के बारे में बोल रहे थे। मिर्ज़ा ग़ालिब का ज़िक्र आने पर उन्होंने बड़े ही मोहक अंदाज़ में अपनी राय व्यक्त की कि, 'यदि मिर्ज़ा ग़ालिब ज़िंदा होते और जगजीत की आवाज़ में अपनी ही ग़ज़लें सुनते तो मारे ख़ुशी के फिर मर जाते '
यह अतिशयोक्ति नहीं बल्कि जगजीत जी के शाहकार (उत्कृष्ट कृति) का प्रमाण है।
No comments:
Post a Comment