12. *कामयाबी की आहट*
1966 से 1970 तक HMV ने जगजीत की कुल पांच EP रिलीज की। इन पांच में प्रथम सुरेश राजवंशी के साथ, दूसरी राजेन्द्र मेहता की जिसमें जगजीत ने ग़ज़लें कम्पोज की थी, तीसरी 1969 में जगजीत सिंह और 1970 में चित्रा सिंह की चार ग़ज़लों की सोलो और 1970 में ही जगजीत और चित्रा की एक EP।
1970 में जगजीत और चित्रा सिंह दोनों के एक एक EP के बाद 1970 से 1977 की अवधि में सिर्फ साल 1974 ही उल्लेखनीय रहा जब HMV ने उन दोनों का एक एक EP पुनः रिलीज किया।
चित्रा सिंह की EP सोलो थी जिसकी चार ग़ज़लें थीं
1. ओस पड़े बहार पर (जिगर मुरादाबादी)
2. इश्क फ़ना का नाम है(जिगर मुरादाबादी)
3. कबसे हूँ क्या बताऊँ (मिर्ज़ा ग़ालिब)
4. जज़्बा जुनूने आज तो गुल ही नया खिला दिया ( जिगर मुरादाबादी)
और जगजीत-चित्रा का सम्मिलित EP 'सुपर सेवन' के नाम से रिलीज हुआ जिनमें ग़ज़लें थीं,
1. जब भी आती है तेरी याद किसी शाम के बाद ( कृष्ण अदीब की लिखी हुई, जगजीत सिंह की आवाज़ में)
2. धुआं उठा था दीवाने के (शायर:शमीम शाहाबादी, गायक: चित्रासिंह)
3. उसकी हसरत है जिसे दिलसे (शायर: अमीर मीनाई, गायक:चित्रासिंह)
4. मेहरबां हो के बुलालो मुझे (शायर:मिर्ज़ा ग़ालिब, गायक: चित्रासिंह)
धुंआ उठा था.... वही ग़ज़ल थी जिसे जगजीत ने एक बार चित्रा के घर पर गाया था और चित्रा जब चाय लेकर आईं और उन्हें गाते हुए सुना तो ठगी सी रह गईं थीं और उनकी गायकी से पहली बार प्रभावित हुई थीं। उन्होंने पूछा था, 'किसकी है?'
चौबीस-पचीस साल के जगजीत ने सिर्फ़ इतना कहा था, 'मेरी है,मैंने कम्पोज की है।'
उन्हें विश्वास नहीं हुआ था कि इस ग़ज़ल की कम्पोजिशन जगजीत ने कॉलेज के दिनों में ही कर डाली थी।
HMV के CEO जोशी जी के रिटायर हो जाने के कारण यह विलम्ब हुआ होगा। इन सालों में चित्रा सिंह को कुछ अवसर मिलते रहे जैसे बंगाली मॉडर्न गाने की EP में उनके गाए 'कोथे चोलिते' और 'आमर अंगना थेके' फिर ऊषा खन्ना के साथ 'तोरी नथनी कहे हाले डोले और बंसी बिरजू फ़िल्म में 'हरे राम व हरे कृष्ण'।
जगजीत सिंह प्राइवेट महफ़िलों में व्यस्त रहे और एक दो कार्यक्रम विदेशों में भी किया । सन 1972 में एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में क्लीयरेंस पीटरसन के साथ जगजीत को ईस्ट अफ्रीका जाने का मौक़ा मिला।पीटरसन ऑर्केस्ट्रा शो किया करते थे और रफी के कई गानों में गिटार भी बजा चुके थे। वहां जगजीत को संयोजकों ने किशोर कुमार का गाया हुआ 'मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू' गाने के लिए कहा। इस गाने में उन्हें स्टेज पर थोड़ा नाचना भी पड़ा। उनके गिटारिस्ट पीटरसन कहते हैं कि गीत समाप्ति पर उन्होंने नाराज़गी व्यक्त हुए कहा, ' तुम लोग मुझसे ये क्या गाने गवा रहे हो यार...अब से मैं सिर्फ़ ग़ज़लें ही गाऊंगा।'
फ़िल्म की बात चली तो इस अवधि में जगजीत के संगीत निर्देशन में फ़िल्म 'अपनी धरती अपना देश' मे मोहम्मद रफ़ी ने एक गीत 'वतन के ज़र्रे ज़र्रे पर' भी गाया ।
जगजीत को भी एक फ़िल्म में पहली बार गाने का मौक़ा मिला। फ़िल्म का नाम था 'एक थी रीटा'। संगीत निर्देशक थे जयदेव। गाने के बोल थे 'हुल्ले हुल्लारे'। दूसरा अंतरा पूरा जगजीत ने गाया।
कभी बादल
कभी बिजली
कभी गुड़िया
कभी तितली
कहीं महकी हुई जुल्फें
कहीं बहकी हुई नज़रें
के बढ़कर रोक लें राहें
तो अपना दोष क्या प्यारे
के हम तो देखते हैं शोख से अंदाज़ को मारे
होए ये हैं प्यार के नजारे
हुल्ले हुल्लारे
हैरत होती है कि आशा भोंसले के साथ गाए इस गीत में जगजीत को कहीँ भी क्रेडिट नहीं दिया गया। रिकॉर्ड में इस गीत के गायक कलाकारों में नाम लिखा गया...आशा भोंसले और कोरस।
नियति को मंजूर नहीं था कि वे फिल्मों में बतौर प्ले बैक सिंगर बने। उनके लिए ईश्वर ने कुछ और ही लिखा था और वह 'कुछ और' फलीभूत होने में अब कुछ ही दिनों की देर थी।
No comments:
Post a Comment