Sunday, October 25, 2026

लेखक की कलम से

लेखक की कलम से* 

एक बैंकर की ज़िंदगी हर दिन आँकड़ों से शुरू होती है और डेबिट क्रेडिट में ख़त्म हो जाती है। लक्ष्य, दबाव, ज़िम्मेदारियाँ और फैसले इनमें फंसा बैंकर एक नीरस प्राणी हो जाता है। उसकी रुचियां दफ़न हो जाती हैं और रिटायर होने तक ये रुचियां फिर नहीं उभरती, हमेशा के लिए मर जाती हैं। 

इस नीरसता में वह कई बीमारियों को भी अपने शरीर में घर कर लेता है जिनमें ब्लड प्रेशर, सर दर्द, डायबिटीज, हृदय रोग और कुपाचन प्रमुख हैं।  बैंकर के लिए एक कहावत प्रचलित है कि यदि उसे इन बीमारियों में कोई एक रोग नहीं है तो उसने बैंक में काम नहीं किया या चुनौती पूर्ण लक्ष्य से अपने आप को बचाए रखा। ऐसे अकर्मण्य की बात छोड़ दें तो बाक़ी बीमारियों में कोई एक न एक रोग एक आम बैंकर को होना निश्चित रहता है। ईश्वर की कृपा रही कि मुझे सरदर्द और हाइपर टेंशन के अलावे किसी बीमारी ने सेवाकाल में नहीं दबोचा और इन दोनों पर भी मैंने जगजीत सिंह की ग़ज़लें सुनकर विजय पा ली।

जगजीत सिंह की ग़ज़लों का इन परिस्थितियों में सबसे गहरा असर मुझे तब महसूस हुआ, जब परिवार से अलग सुदूर जगहों पर मेरी पोस्टिंग थी। कुछ उम्मीदें टूटी तो इन ग़ज़लों ने सहारा दिया,

आदमी के लिए जरूरी है
कोई उम्मीद कोई आस रहे

या

सफ़र में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो 
सभी हैं भीड़ में तुम भी निकल सको तो चलो 

यही है ज़िन्दगी कुछ ख़्वाब चन्द उम्मीदें
इन्हीं खिलौनों से तुम भी बहल सको तो चलो

अकेलापन था। काम का बोझ सबसे ज़्यादा था, निर्णय लेने कठिन थे तब देर रात घर आने के बाद जगजीत सिंह की ग़ज़लें मेरे लिए संगीत नहीं, सहारा बन गईं। उनकी ग़ज़लों की पंक्तियां ऐसी लगतीं जैसे वे मेरे ही हालात को बयान कर रही हों। जैसे ऑफिस से देर रात घर आने पर उनकी ग़ज़ल की ये पंक्तियां याद आतीं,

बेवक़्त अगर जाऊँगा सब चौंक पड़ेंगे
इक उम्र हुई दिन में कभी घर नहीं देखा

ऐसा लगता जैसे वे मेरे दुखों को सहला रहे हैं। नौकरी में हर तीन साल पर तबादले होते रहते थे। तब ये ग़ज़लें  मेरी हिम्मत बंधाती थीं।

वक़्त के साथ साथ चलता रहे
यही बेहतर है आदमी के लिए

या

जिस दिन से चला हूँ मेरी मंज़िल पे नज़र है
आँखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा

या 

चलते रहना है के चलना है मुसफ़िर का नसीब 
सोचते रहते हैं किस राहगुज़र के हम हैं 

यह सोचना ही मस्तिष्क के न्यूरोन्स को ज़िंदा रखता है। जगजीत सिंह की करीब तीन- साढ़े तीन सौ ग़ज़लें मैंने पेन ड्राइव में सेव कर ली थी। वही पेन ड्राइव मैं टूर में जाते वक्त कार में बजाने के लिए ड्राइवर को देता। ड्राइवर भी उन ग़ज़लों को सुनते सुनते दार्शनिक और सुरुचिपूर्ण हो गया। अक्सर कहता, इतना मधुर और मानीखेज़ ग़ज़ल उसने पहले कभी नहीं सुनी थी।
और एक दिन उसने कहा,'सर, मैं बहुत गुस्सैल था पर अब मेरा क्रोध कम हो गया है। कहीं ये जगजीत जी की ग़ज़लें सुनने का असर तो नहीं?'
मैंने हामी भरते कहा,'सही कह रहे हो, यह बिल्कुल सम्भव है। मैंने एक डॉक्टर मित्र से सुना है कि मेडिकल क्षेत्र में कुछ विभागों में जगजीत सिंह की ग़ज़लें बजने से मरीज़ को चैन मिलता है। जैसे रक्तदान में या दंत चिकित्स्कों के लिए दाँत उखाड़ते वक़्त। मरीज़ को भी आराम और डॉक्टरों को भी। एक बैंकर के लिए भी व्यवहार में संतुलन, वाणी में ठहराव और हृदय में संवेदनशीलता बहुत आवश्यक है। मुझे भी अहसास होता है कि अगर उनकी ग़ज़लें न होतीं तो मैं एक बेहतर प्रोफेशनल तो बन जाता लेकिन शायद एक संवेदनशील इंसान नहीं रह पाता।'

कभी किसी ग्राहक की परेशानी, कभी किसी कर्मचारी की उम्मीद, तो कभी अपने परिवार की चुप्पियाँ—इन सबके बीच जगजीत सिंह की आवाज़ मुझे इंसान बनाए रखती थी।

संगीत के गुरु षड्ज का रियाज़ करने को कहते हैं। जगजीत सिंह की षड्ज में अदायगी उनकी तैयारी बताती है। 'धड़कन धड़कन धड़क रहा है',  'ख़ामोशी ख़ुद अपनी सदा हो' और 'दिन डूबा तुम याद आए, दीप जला तुम याद आए' ... इन तीनों ग़ज़लों में ग़ज़ल की शुरुआत ही  'लोअर नोट' से होती है जिसे गा पाना बेहद कठिन है।  कंपोजिशन के ख़्याल से देखिए तो 'धड़कन', 'ख़ामोशी' और 'दिन डूबना' ये तीनों शब्द शांति, गहराई और सन्नाटे और ठहराव के प्रतीक हैं जिसे lower octave यानी मंद्र सप्तक के ही नोट्स से बताए जा सकते हैं। 'Higher notes' गतिमान और चलायमान होते हैं जबकि lower notes ठहराव और स्थिरता के। सामान्य व्यक्ति स्थिर ही तो रहता है, उद्विग्न नहीं। उद्विग्नता जिसे बेचैनी कहें वह तो बीमारी का लक्षण है। जगजीत सिंह की ग़ज़लों का ठहराव ही हमें स्थिर करता है, सामान्य रखता है, बेचैनी खत्म करता है, बल्ड प्रेशर नॉर्मल रखता है और जिससे हम शांतचित्त रहते हैं। 

जगजीत सिंह ने मिर्ज़ा ग़ालिब, फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ , क़तील शिफ़ाई, जिगर मुरादाबादी, कैफ़ी आज़मी, फ़िराक़ गोरखपुरी और मजाज़ जैसे शायरों को नई पीढ़ी तक पहुँचाया। उनकी गज़लें सुनकर कविता से प्रेम पैदा होता है। मिर्ज़ा ग़ालिब एल्बम की तमाम ग़ज़लें मुझे बेहद पसंद हैं। सच कहूं तो मिर्ज़ा ग़ालिब पढ़ने और समझने का शउर जगजीत जी को सुनने के बाद ही पैदा हुआ। उनके पहले ग़ालिब साहब या तो लाइब्रेरी में क़ैद थे या उर्दू और फ़ारसी के स्टूडेंड या प्रोफेसर की ज़द में ही थे। जगजीत सिंह ने मिर्ज़ा ग़ालिब को सरल बना दिया और आम आदमी भी ग़ालिब की ग़ज़लें गाने और समझने लगा या समझने की कोशिश तो अवश्य करने लगा।

जगजीत सिंह से पहले ग़ज़ल महफ़िलों और चुनिंदा श्रोताओं तक सीमित थी। उनकी सबसे बड़ी विरासत यही है—ग़ज़ल को अभिजात्य से निकालकर अपनापन देना। आज भी सच्ची गायकी की कसौटी वही सादगी है। उन्होंने दर्द को गरिमा प्रदान किया।उनकी ग़ज़लों में दुःख भी संयम और सम्मान के साथ आया। यह विरासत सिखाती है कि दर्द भी शालीन हो सकता है। उनकी गायकी में ठहराव और मौन भी संगीत का हिस्सा थे। आज सब कुछ तेज़ है—रील्स, बीट्स, लाइक्स, फ़ॉलोअर्स। जगजीत सिंह की ग़ज़लें रुकना सिखाती हैं, अपने भीतर झाँकना सिखाती हैं। आज की पीढ़ी के पास तनाव है, अकेलापन है, असमंजस है—जगजीत सिंह की ग़ज़लें उन भावनाओं को भाषा देती हैं जिन्हें आज हम “फ़ील” तो करते हैं, कह नहीं पाते। वे रिश्तों की गहराई सिखाते हैं उनकी ग़ज़लें इंस्टेंट प्यार या ट्रेंडिंग ब्रेकअप की नहीं, ठहरे हुए रिश्तों की बात करती हैं—जहाँ वक़्त, सब्र और समझ होती है।

यह सीख आज दुर्लभ है। क्योंकि वे दर्द को संभालना सिखाते हैं। आज दर्द को या तो छुपा दिया जाता है या दिखावे में बदल दिया जाता है। जगजीत सिंह सिखाते हैं कि दर्द को महसूस करना कमजोरी नहीं, संवेदनशीलता की ताक़त है। वे अच्छी पोएट्री की समझ देते हैं। असली कला अच्छे शब्दों से शुरू होती है। आज गाने चल जाते हैं भले शब्द खोखले हों।

जगजीत सिंह समय से आगे हैं। आज भी उनकी ग़ज़लों में वही असर, वही सुकून है। यही अमरता है। अजीब सच है कि जिन्हें “पुराना” कहा जाता है, वही आज सबसे ज़्यादा प्रासंगिक हैं। वे भागना नहीं ठहरना सिखाते हैं। ठहरना गतिरोध नहीं और न ही जड़ता है। ठहरना आत्मावलोकन है। बुद्ध ने भी अंगुलीमाल को ठहरने के लिए कहा था। किंवदन्ति है जब अंगुलीमाल ने उन्हें जंगल के मार्ग से जाते हुए देखा था तो चिल्लाते हुए कहा था, 'ठहर जा' और बुद्ध ने बिल्कुल शांत स्वर में कहा था,'मैं तो ठहर गया, तू कब ठहरेगा।' यह ठहरना है हिंसा से, लालच से, तृष्णा से, द्वेष से और घृणा से। ज़रा सोच कर देखिए ठहरना सीख लेना आज की क्या सबसे बड़ी ज़रूरत नहीं है? वरना हिंसा, घृणा और द्वेष की भावना हमें कहीं का नहीं छोड़ेगी।

वे 'जियो और जीने दो' सिद्धांत के पक्षधर थे और इंसानियत को महत्व देते थे तभी तो उन्होंने गाया,

मैं न हिन्दू न मुसलमान मुझे जीने दो 
दोस्ती है मेरा ईमान मुझे जीने दो 

और 

कोई हिन्दू कोई मुसलमान कोई सिख ईसाई है 
सबने इंसान न बनने की कसम खाई है 

इसलिए आज के दौर में जगजीत सिंह की विरासत और भी प्रासंगिक और मूल्यवान हो जाती है।

अब यह सर्वमान्य हो चुका है कि उनकी आवाज़ ईश्वरीय थी, रूहानी थी, मेडिटेटिव थी... चाहे वे ग़ज़ल गाएँ या भजन। कई बार त्योहारों के अवसर पर पूजा के मंडपों में गया और वहाँ उनकी ही आवाज़ में गाए हुए भजनों को बजते सुना। योग के प्रशिक्षण शिविर में ॐ मंत्र का जाप उनके स्वर में बजते सुना। 

कुछ ही दिन पहले की बात है। गोवा के तालेगांव इलाके में गणेश चतुर्थी के दिन श्री आप्तेश्वर सिद्धिविनायक मंदिर गया था। मंदिर के परिसर में लगे कंक्रीट के बेंच पर बैठकर ध्यान लगाने की कोशिश करने लगा। मुझे ज्ञात नहीं था कि बगल में ही एक स्पीकर रखा हुआ है। उस स्पीकर से भजन की एक गंभीर आवाज फूटी... ॐ नमः शिवाय और आवाज़ थी जगजीत सिंह की।

उन्हें सुनते हुए पचास वर्ष हो गए। इतने लम्बे समय तक साथ निभाने वाला मेरे जीवन में दूसरा कोई शख़्स नहीं। गुलज़ार साहब ने उनके सत्तरवें जन्मदिन पर आयोजित एक लाइव कार्यक्रम में उन्हें महबूब की संज्ञा दी और कहा, इन सा महबूब भी कोई नहीं, 'जब जी चाहे हँसा देते हैं जब जी चाहे रुला देते हैं। खुशकिश्मत हैं आप सब के आपको ऐसा महबूब मिला है..... और सत्तर बरस का। बताइए सत्तर बरस का और यूं चाहा जाए। इस तरह गाए, गुनगुनाए और अंदाज़ सामने रखे जैसे सत्रह बरस का हो।'

मेरे जीवन में इस महबूब से जुड़ी हुई अनगिनत कहानियां या यादें हैं। इन्हीं यादों को आपसे साझा करने की ख्वाहिश ने इस पुस्तक की कल्पना दी। इस पुस्तक को आपको सौंपते हुए मुझे विश्वास है कि मेरा यह प्रयास सार्थक सिद्ध होगा।

सुधांशु शेखर पाठक

No comments:

Post a Comment